दीपक दक्ष के लेखन में एक अजीब आकर्षण है। इस बार उनकी कलम भोजपुरिया गीत के लिए चली है लोहा सिंह और खदेरन की मदर जैसे कालजयी चरित्र के बहाने ने। आप भी गौर करें।
लोहा सिंह ने खदेरन की मदर से कहा, बजने दो भोजपुरिया गीत....
......................................
लोहा सिंह----
अरे ओ खदेरन की मदर... तू हमरा नाक पोल पर कउवा के माफिक लोल चलाती है... अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही... ज्ञान की गगरी... चलाकी के चिलम... बजने दो भोजपुरिया गीत...
खदेरन की मदर---
अरे मार बढ़नी रे... पहिले दिन- रात काबुल के मोरचा, काबुल के मोरचा बउआते थे अउर अब भोजपुरिया गीत, भोजपुरिया गीत बउआ रहे हैं...सुनना है भोजपुरिया गीत त ईयर फोन लगाके सुनिए...कनखोसवा बटन लगाके...बुझाया... घर का संस्कार मत बिगाड़िये... घुटने में बुद्धि रह गया...?
लोहा सिंह---
खदेरन की मदर मेरे महमण्ड को गरम मत करो...तुमको भोजपुरी मतलब सिर्फ उहे सब बुझाता है... भोजपुरी मतलब खाली गंदे गीत होता है का....?
खदेरन की मदर---
ना भोजपुरी मतलब रामायण होता है...पूरा रामायण... सीता जी कुटिया से गायब हुई थी....अउर तोहार भोजपुरी गीत सुन लइका सब रात में खटिया से गायब हो रहा है... सीता जी पुष्पक विमान पर देखी गई थी ...अउर भोजपुरी सुन लइका सब मचान पर दिख रहा है...छि छि...लाजो नहीं लगता है... आजकल का भोजपुरी सुनने लायक है जी ? ठेला- रिक्शावाला का घर समझ लिया है का... केतना शरम लगता है, जब टेम्पुआ में बजाता है...राम राम...ई सबको मारने वाला कोई नहीं है... भोजपुरिया समाज का मान माटी में मिला रहा है सब ...गायक कहलाता है और भोजपुरिया माई को गारी देता है...कानून बनना चाहिए...कोड़ा मारना चाहिए...दिमग्वे ठंडा जाएगा...
लोहा सिंह-----
ऐ फाटक बाबा ! हमको त बुझईबे नहीं करता है कि खदेरन की मदर मेम है कि मेमिन ...आप ही समझाइए... अभिव्यक्ति की आजादी कुछ होता है कि नहीं...
खदेरन की मदर-----
अरे मार बढ़नी रे... अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब अपना माई के गारी देना होता है का... समाज बिगाड़ना होता है का...
लोहा सिंह-----
अरे ओ अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही.... कभी दूसरा एंगल से भी सोचो... भोजपुरी वालों ने बमबईया ठसक की हवा निकाल दी है... अब गांव-गांव भोजपुरी बज रहा है... भांगड़ा के बदले भोजपुरी पर लोग झूम रहे हैं... बिआह चाहे रमुआ का हो या रोहन की... दुआरे बरियात समय बजेगा भोजपुरिए गीत...ई पंडित जी का मंत्र हो गया है... ओम नोम स्वाहा ...लॉली पॉप लागे स्वाहा...
खदेरन की मदर---
अरे मार बढ़नी रे...लाजो नहीं लगता है...गंदा गीत का पैरवी करते...?
लोहा सिंह----
अरे ओ चालाकी के चिलम ! अश्लीलता के नाम पर भोजपुरी को किनारे लगाने की कोशिश मत करो....
तुमको हिंदी में हम समझाता है ....सुनो
भोजपुरी गीत और भोजपुरी सिनेमा बर्बाद हो गया.... भोजपुरिया हीरो अउर आजकल के नौछटिया गायकों ने भोजपुरी का नाम डुबो दिया... यही कहना चाहती हो ना ... खूब गरिआओ ...मन भर कर गरिआओ... मैं भी तुम्हारे साथ- साथ अश्लीलता का विरोध करता हूं....
सचमुच, इन्होंने अपने कुछ गानों से और कुछ कारनामों से भोजपुरिया समाज का सिर झुकाया है...
लेकिन कलेजे पर हाथ रखकर कहना कि क्या भोजपुरी सिनेमा के साथ कभी न्याय हुआ? क्या हिंदी सिनेमा के आगे हमारे समाज ने भोजपुरी सिनेमा को उस तरह तवज्जो दिया? क्या किसी फिल्म समीक्षक ने भोजपुरी सिनेमा पर स्याही खत्म किया? हिंदी के अखबारों में भोजपुरी सिनेमा पर समीक्षा लिखी गई? क्या पटना के सिनेमा हॉल मालिकों ने 12 से 3 भोजपुरी सिनेमा चलाने का साहस दिखाया? कुणाल साहब भोजपुरी सिनेमा के महानायक हैं, लेकिन क्या हमारे समाज ने उनको अमिताभ वाला सम्मान दिया?
बगैर गार्जियन का बेटा आवारा होता ही है... इसलिए हमारे भोजपुरी के नायकों में कुछ आवारगी दिखती है... लेकिन इन नायकों ने जो किया है, वह अपने दम पर किया है... इन्हें तो डूब मरने के लिए दो दशक तक छोड़ दिया था, हमारे समाज ने... लेकिन वर्ष 2000 के बाद भोजपुरिया युवा तन कर खड़े हो गए... और आज भोजपुरी का डंका बजा रहे...
जानती हो खदेरन की मदर,
हिंदी फिल्मों के समर्थक भोजपुरी फिल्मों को अश्लील मानकर ही चलते हैं... भोजपुरी शब्द सुनते ही नाक मुंह सिकुड़ते हैं ... लेकिन राज कपूर को हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा शो मैन कहते नही थकते हैं... एक ऐसा शो मैन जो मंदाकिनी को राम तेरी गंगा मैली में सिर्फ एक साड़ी में नहाते हुए दिखाते हैं,मंदाकिनी का स्तन दिखता है... सिनेमा हॉल में सीटियां बजती है लेकिन यहां अश्लीलता नहीं दिखती... बॉबी में डिंपल कपाड़िया बिकनी में कहर ढाती हैं... मोहरा में रवीना टंडन मस्त मस्त लगती हैं... लेकिन हिंदी सिनेमा वाले इन्हें अश्लील नहीं मानते, बोल्ड कह कर कॉलर टाइट करते हैं... भोजपुरी में पल्लू गिरा नहीं कि हीरोइन अश्लील ...फिल्म अश्लील...हीरो रोड छाप... गंवार
तो भैया हमारे हीरो गंवार ही हैं। गांव के गंवार .. .एक ऐसे गवार जिन्होंने नायक होने का मतलब बदल दिया है...
जी हां, हमारा भोजपुरी का नायक सलमान की तरह मुम्बई का नहीं, गांव का है... पान की गुमटी पर पान लगाते हुए प्रेमिका के इंतजार में बैठने वाला प्रेमी है...हमारी नायिका कंगना की तरह कार में घूमने वाली नहीं... बल्कि एक कोको कोला से ही खुश हो जाने वाली है....(ये राजा छूटता पसीना.....) हमारी नायिका दिल्ली-गुजरात- सऊदी अरबिया में मजदूरी करने वाले अपने पिया को याद करने वाली है... वह गाती है----- रेलिया रे हमरो के ओही देसे ले चल रे, पियवा बसेला जवना देस रे.... साहब ! आज भोजपुरी इंडस्ट्री ने जिस तरीके से गांव के युवकों को रोजगार दिया है... पहचान दिया है ...उसे आप इंकार नहीं कर सकते... आप तो इन्हें गंवार मानकर चल रहे थे...हैं न ?
खदेरन की मदर----
अरे मार बढ़नी रे... कईसन कईसन तर्क गढ़ रहे हैं... ई कलमुहा सब देवर भौजाई के रिश्ता को बदनाम कर दिया.... रिमोट से लहंगा उठवा दिया... और का का भयंकर भयंकर चीज करवा दिया..
लोहा सिंह-----
अरे ओ ज्ञान की गगरी! हम मानते हैं कि गंदगी फैला दिया, लेकिन अच्छाई भी देखो ...इनकी क्रिएटिविटी भी देखो.... कैसे-कैसे गीत गढ़ रहे हैं--- दिलवा ले गइले राजा बोतल में भर के... हा हा हा
अरे ओ खदेरन की मदर कभी नजरिया फेर के तो देखो----आज के इसी भोजपुरी में मिसरी चैनल है... पुरबिया तान है... कल्पना पटवारी हैं ...चंदन तिवारी हैं... अलका पहाड़िया हैं... नीतू नवगीत हैं... मनोज भावुक हैं... मनोरंजन ओझा हैं... सत्येंद्र संगीत हैं...
सबको एक ही लाठी मत हांको खदेरन की मदर... ई महेंदर मिसिर... भिखारी ठाकुर, विंध्यवासिनी देवी के भोजपुरी है... बुझ सूझ के बोला करो.... और बढ़िया गीत सुनल करो ... अठन्नी- चवन्नी, टूटहा- भांगड़ा, छुरछुरी- पटाखा, हर काल में, हर समाज में होते हैं... इसलिए उ सब को इग्नोर करो ... सुनबे मत करो... धीरज धरो, कानून बनेगा ... लफुआ सब पर सोटा चलेगा...टेंशन छोड़ बढ़िया गीत सुनो... गांव देहात के लइका सब एक से एक बढ़िया गीत लिख रहे हैं..... एगो दुगो गीत के नाम बता दे रहे हैं, सुन लेना मन हरिअर हो जाएगा.... और समझ में आ जाएगा कि आज बढ़िया गीत भी लिखा रहा है...
# नेहिया के फुलवा...
# पिया जी के मुस्की लागे लाजवाब...
# कहां बाड़ी धनिया हमार....
चलो खदेरन की मदर... इसी बात पर बजने दो भोजपुरिया गीत ...
अरे मार बढ़नी रे...
दीपक दक्ष के फेसबुक वॉल से साभार।
















