सोमवार, 16 जनवरी 2023

सिर्फ गुलाबी नहीं है सिनीवाली की मछलियां: प्रशांत





हिंदी कथा जगत में महिला कथाकारों के अभिव्यक्ति में ग्रामीण परिवेश में मौजूद कच्च-पक्की सड़क और धूल-मिट्टी से सने समाज का वृतांत, आधुनिकता और  उदारीकरण के बाद के दौर में कमोबेश गायब सा हो गया है। जब आधुनिक भौतिक-संसाधन के साथ तुरंत पैसे कमाने की मानसिकता लोगों के विकासवाद का प्रतीक बन चुका है। वहां सिनीवाली का कहानी संग्रह ”गुलाबी नदी की मछलियां“  आंचलिकता की झलक के साथ, ग्रामीण समाज में बदली हुई चुनौतियों को समेटकर रचनात्मक प्रहार करती है। मौजूदा हिंदी कथा-साहित्य में ग्रामीण समाज के जीवन में हो रहे  बदलाव और उस समाज की महत्वकांक्षा का विस्तार अदृश्य सा हो गया है, वहां सिनीवाली अपने कहानी संग्रह ”गुलाबी नदी की मछलियां“  ग्रामीण समाज में मौजूद संवेदनाओं का पुर्नपाठ करती हुई दिखती है।

कहानी संग्रह में पहली कहानी ”रहौं कंत होशियार“ ग्रामीण समाज में लालच से घिरे समाज में खेती-किसानी से जाता हुआ मोह, अपनी परेशानीयों से मुक्ति पाने की चाह के बाद भी खेती करनी विवशता और ग्रामीण समाज की तमाम संवेदनाओ-समस्याओं को एक सार्थक देने की कोशिश दिखती है। कहानी में जब तेजों कहता है कि धरती के तरह-तरह के सौदागर होते हैं। वो पेट भरती है सबका पर सुलगाती तो अपनी ही देह है।  एक ही संवाद में बहुत कुछ कह देता है। तेजो जब ईट-भट्टी के लिए पैसा लेकर जब अपनी जमीन पट्टे पर ना दे उसे खुद जोतने का फैसला कर अधिकतर गांव वालों के उपहास का पात्र बन जाता है और धूर्त सेठ से ठंगे जाने पर गांव वालों का नेतृत्व भी करता है।

शीर्षक कहानी तो अलग ही नायाब कहानी है एक अपहरण किए गए नौजवान से अपहरण में शामिल परिवार की युवती लौगिया  की मोहक प्रेम कहानी है गुलाब नदी की मछलियां। प्रेमी जोड़े के साथ पाठक मछली के तरह गोते लगाते हुए अंत में हैरान भी हो जाते है कि अरे ये क्या? कहानी में घटित प्रेम एक बेहद विरल क्षण से सृजित रूपक से बना है। अपहरण पर आधारित विषय पर पहले भी कहानियां लिखी गई हैं , लेकिन वे ज्यादातर अपराध के इर्द-गिर्द केन्द्रित रही है, उस महौल में प्रेम को बुनना ही किसी चुनौति से कम नहीं है।

अतिथीकहानी में जरूरी काम से शहर के बाहर गया पति के गैरमौजूदगी में, देर रात घर पर आए अनजान अतिथी को वह (जो दो छोटी बच्चियों की मां भी है), रात गुज़ारने के लिए अपने दो कमरों के घर में जगह दे तो देती है मगर आशंकाओं से चलते रात भर सो नहीं पाती है। अधजली बड़ी ही मार्मिक कहानी है जिसमें किसी प्रकार एक औरत पारिवारिक मजबूरी क शिकार होकर मानसिक कुंठा की शिकार हो जाती है और अपनों की ही दुश्मन बन जाती है। किसी को सब कुछ मिल के भी कुछ नहीं मिलता, भाभी घर में पति के रहते मां नहीं बन पाती और ननद को तो ब्याह के बाद से ही पति लेने नहीं आता।

हमलोगकहानी उन युवाओं की है जो घर बाहर के तानों से परेशान होकर काम की तलाश में गांवों से शहर की ओर पलायन तो कर बैठे हैं, मगर शहरों के दड़बेनुमा कमरों में जीवन बस काट रहे है। नायक हताशा और कुंठा से इस कदर भरा हुआ कि भावनात्मक मगर विवेकहीन फैसलों के तरह बढ़ने लगता है। कहानी इत्रदानसंपन्न घर की बेटी के ब्याह कर गांव के अमीर घर में जाने और फिर किस्मत के चलते गरीब हो जाने के वितांत को बयां करती है।  करतब बायस कहानी गांव-देहात में चुनावी सरगर्मीयों का जायज़ा लेती है कि किस तरह पुलिस की आंखों से बचाकर शराब गांव में पहुंचती और बांटी जाती है, आम जनता पैदा और शराब दोनों तरफ से अपना उल्लू सीधा करती है और स्वयं के उल्लू बन जाने से बेखबर रहती है।

बंटवाराकहानी आधुनिक समाज का कठोर सत्य है जिसमें एक वृद्ध जोड़ा अपने ही बेटों के बीच एक ही घर में बंट जाता है। बालकृण्ण बाबू और सुभाषिणी को उनके बुढ़ापे में अलग होना पड़ता है पर उनका एक-दूसरे से बेहद प्रेम परिस्थितियों के बाद भी लुप्त नहीं हो पाता है। इसीतरह दुल्हा बाबू को व्यग्यात्मक कहानी कह सकते है जिसको सिनी वाली ने स्थानीय भाषा के प्रयोंग के साथ सबसे अधिक जींवत बना दिया है। शादी के उम्र निकल जाने के बाद देर से हो रही शादी में युवक परेशान है कि शादी से पहले गांव बिरादरी की एक बुढ़िया मरणासन्न हालात में है और अगर वो मर गई तो सामाजिकता निभाने के चक्कर में इस साल भी शादी रह जाएगी।

सिनीवाली अपने कहानी संग्रह ”गुलाबी नदी की मछलियां“ के  हर  रचना  में एक अपनेपन का जुड़ाव पाठकों को देती है। हर कहानी की में आंचलिकता की झलक संग्रह की यूएसबी है। जैसे ग्राम संस्कृति आज भी शहरी बनावटीपन से बहुत दूर है वैसे ही गुलाबी नदी की मछलियां कहानी संग्रह के हर कहानी के हर पात्र पर केंद्रित विषयवस्तु  में लोकजीवन की झलक मिलती है। कथ्य और भाषा शैली का वह प्रभाव पैदा करती है कि पाठक बहता ही नहीं बंधता भी चला जाता है। ग्रामीण समाज में आचंलिकता की पगडंडियो को पकड़कर अलग राह पकड़ने का कौशल लेखिका सिनीवाली  को एक अलग कतार में खड़ा करती है और पाठकों के मन में एक अलग पहचान गढ़ती है। सम-विषम परिस्थितियों में सिनीवाली  का कहानी संग्रह पाठकों को ग्रामीण जीवन में बदल रहे समाज से आत्मसाक्षात्कार कराने में सफल होती है, यहीं सिनीवाली जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

किताब का नाम- 'गुलाबी नदी की मछलियाँ'-


लेखिका- सिनीवाली


प्रकाशन- अन्तिका प्रकाशन


मूल्य- 180/- पेपरबैक


====================================

समीक्षक: प्रशांत


सिनिवाली के फेसबुक वॉल से साभार।




शनिवार, 14 जनवरी 2023

विचारधारा की वाहियात पोटली: सुशील कुमार भारद्वाज

 सुख जो चाहिए मुझे, वही सुख चाहिए आपको और सबको। सच पूछिए तो सुख किसे नहीं भाता है? भले चाहें आप इस पार हों चाहें उस पार? परंतु समय की यह अजीब कहानी है कि हम सच को सच और झूठ को झूठ नहीं कह पाते हैं। ऐसा नहीं है कि सच और झूठ का फर्क नहीं मालूम है। मालूम सबकुछ है लेकिन हम अजीब अदृश्य राजनीतिक डोर से बंधे हैं। हम एक सामान्य इंसान (आम जनता) होने की बजाय स्वयंसेवी राजनीतिक कार्यकर्ता बन गए हैं। हम सत्ता पक्ष अथवा विपक्ष की ओर सुविधानुसार चले जाते हैं और उसके हर निर्णय पर कुछ यूं टिप्पणी करने लगते हैं, सक्रियता से उसके पक्ष में बल्लेबाजी करने लगते हैं गोया मेरे पक्ष-विपक्ष में तर्क रखने से उनकी सरकार सुरक्षित रह जाएगी या चली जाएगी। देखने लायक मुंह तो तब बनता है जब वह पार्टी ही देर -सबेर अपने बयान से मुकर जाती है अथवा माफ़ी मांग लेती है।

क्या हमलोग शुरू से ऐसे ही थे? या राजनीतिक जागरूकता का यह साईड इफेक्ट है? या तकनीकी जीवन शैली ने हमें उग्र बना दिया है? आखिर हम क्यों एक दूसरे के दुश्मन बनते जा रहे हैं? विचारधारा की पोटली तो मुझे सबसे वाहियात चीज मालूम पड़ती है। जीवन जीने से भी बड़ी कोई विचारधारा है क्या? भाईचारा और मेलमिलाप से भी बड़ा कोई विचारधारा है क्या? लेकिन हमलोग इस्तेमाल हो रहे हैं दूसरों के हित के लिए, जिसका हमसे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से कोई नाता -रिश्ता नहीं है। जितना पाप नहीं हो रहा है दुनिया में, उससे अधिक पापी होते जा रहे हैं हम सब।




-सुशील कुमार भारद्वाज 

रविवार, 8 जनवरी 2023

जाति आधारित जनगणना की मुसीबतें : प्रेमकुमार मणि

 जाति आधारित जनगणना की मुसीबतें 


प्रेमकुमार मणि 


बिहार में जातिवार जनगणना की प्रक्रिया आज से आरम्भ हो गई है और जिस तरह से इसका प्रचार किया जा रहा है, उससे मैं बेहद क्षुब्ध हूँ। राजद और जदयू इसे इस तरह रख रहा है, मानो यह कोई उपलब्धि हो। इस विषय पर मैं पहले से कहता रहा हूँ कि जाति आधारित वर्ग के आधार पर चूकि कई तरह के आरक्षण और सुविधाएं मुहैय्या की जा रही हैं, इसलिए सरकार को इसकी जानकारी रखनी चाहिए। इस आधार पर जनगणना को मैं आवश्यक भी मानता हूँ। लेकिन यह भी मानता हूँ कि यह अत्यंत गोपनीय स्तर पर हो। डाक्टर बीमार व्यक्ति का परीक्षण करवाता है,लेकिन उसकी रिपोर्ट को गोपनीय मानता है। वह डाक्टर के समझने केलिए है, न कि प्रचार केलिए। लेकिन बिहार सरकार उसका प्रचार कर रही है, मानो यह उसकी कोई कार्य- योजना और उपलब्धि  हो। 


जाति को लेकर समाज और राजनीति में लम्बे समय से अध्ययन चल रहा है। दुनिया भर में हर देश - समाज की कुछ खास तौर की बुनावट होती है। उसका अध्ययन अपेक्षित होता  है। भारत में जाति और इसकी प्रथा-परिपाटी को लेकर लम्बे समय से अध्ययन- चिंतन चल रहा है। एक दौर था, जब गांधी जैसे व्यक्ति की इस विषय पर रवीन्द्रनाथ ठाकुर से भिड़ंत हुई और गांधी ने इसे विश्व संस्कृति को भारत की अनुपम भेंट के रूप में चिह्नित किया। रवीन्द्रनाथ का कहना था कि इसी जातिप्रथा के कारण भारत गुलाम हुआ है और आधुनिक समाज में इसका वजूद नहीं होना चाहिए। जब आम्बेडकर ने इसे लेकर नया विमर्श खड़ा किया और अपने ' अनीहिलेशन ऑफ़ कास्ट ' शीर्षक वृहद् आलेख में इसकी धज्जियाँ उड़ाईं, तब गांधी इस विषय पर सतर्क हुए। जाति का जोर जन्म पर होता है और एक खास अवस्था में आकर यह वर्ण  पर टिक जाता है। वर्ण अर्थात् रंग। जब जोर रंग अथवा नस्ल पर होता है तब वह वर्ण बनने लगता है। जाति बुनियादी चीज है,जो पेशेगत समूह के रूप में एक जड़ वर्ग का रूप ले लेता है। वर्ण एक व्यवस्था है, जो समाज विकास के एक खास चरण में कुछ लोगों द्वारा गढ़ा गया और जिसे सामाजिक स्मृतिकारों में से एक मनु ने संहिताबद्ध किया। मनु की खासियत या कमजोरी यह थी कि उसने पेशा चुनने का अधिकार व्यक्ति की जगह समाज को दिया और अनुलोम तथा प्रतिलोम विवाहों से उत्पन्न कथित वर्णसंकर समूहों को इस आधार पर विभाजित किया कि पुरुष और ब्राह्मण वर्चस्व को बल मिले। इससे भारतीय समाज में एक रूढ़ि  विकसित हुई, गतिहीननता आई। स्वाभाविक सामाजिक गतिशीलता के लिए आवश्यक होता है कि जाति और वर्ण की कड़ियाँ कमजोर हों। व्यक्ति जब पेशा बदलना चाहे तब उस पर सामाजिक दबाव नहीं हो। एक ही पेशे में जमे रहने से ऊब और गतिहीनता की संभावना अधिक हो जाती है। मनु ने उसे अधिक स्थिर करने की कोशिश की और पाबंदी लगाईं। हालांकि यह केवल मनु की परिकल्पना नहीं रही होगी। समाज पर प्रभावशाली रहे लोगों की समवेत चाहना रही होगी। मनु ने तो इसे संहिताबद्ध किया था। इससे भारतीय समाज में कुछ  जातियों का वर्चस्व मजबूत हुआ और एक सामाजिक साम्राज्यवाद की स्थिति विकसित हुई। इसे ही ब्राह्मणवाद कहा जाता है; क्योंकि मनु की संहिता से ब्राह्मणों की स्थिति समाज में मजबूत हुई थी। आज से पचास साल पहले मैंने ' मनुस्मृति : एक प्रतिक्रिया ' पुस्तक लिखते हुए इस पाखण्ड को समझने की कोशिश की थी। 


ब्रिटिश काल में जनगणना जातिआधारित होती थी। और इसके मूल में सांप्रदायिक जनगणना थी। इससे समाज अध्ययन के क्षेत्र में कुछ आंकड़े मिले, लेकिन कुछ मुश्किलें भी आईं। आख़िरी जाति आधारित जनगणना 1931 में हुई। आज़ाद भारत में राष्ट्रनिर्माण के उद्देश्य से इसे स्थगित किया गया। मोटे तौर पर अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ी जातियों को तीन अलग -अलग समूहों में रखा गया और उन्हें वर्ग रूप में अभिहित किया गया। अनुसूचित जातियों का एक वर्ग है। पिछड़ी जातियों का एक वर्ग है -- अन्य पिछड़ा वर्ग। कोशिश यह थी कि सदियों से चले आ रहे जाति आधारित सामाजिक वर्चस्व को ध्वस्त करते हुए एक आधुनिक समाज की रचना हो। एक व्यक्ति एक वोट के अधिकार के फलस्वरूप विधायिका  में तो सभी तबकों की भागीदारी धीरे -धीरे दिखने लगी, किन्तु कार्यपालिका और न्यायपालिका में खास तबकों का वर्चस्व बना रहा। अन्य पिछड़े वर्गों की भागीदारी अफसोसजनक रही थी। इसके लिए ही विशेष अवसर के सिद्धांत के तहत एक समय सीमा तक केलिए आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। यह व्यवस्था उद्देश्य पूरा होने तक चलनी ही चाहिए।


लेकिन हमारी मंजिल एक ऐसा जातिविहीन समाज ही है, जिसमें व्यक्ति की गरिमा हो, उसके समूह या जाति की नहीं। यह जाति प्रथा हमारे आधुनिक लोकतान्त्रिक समाज की भावना के विरुद्ध है,अतएव इसे हमें हर हाल में यथाशीघ्र ध्वस्त करना है। उत्पादन के नए संसाधन और पूंजीवादी मान्यताएं जातिप्रथा को ध्वस्त करती हैं ,क्योंकि पारम्परिक पेशों को किसी जाति तक सीमित करने से ये इंकार करती हैं।  पूंजीवादी समाज के  समाजवादी रुझान लेने के पूर्व ही जातिप्रथा निर्मूल हो जाता है। हमारे समाज का सम्यक विकास नहीं हुआ। कायदे से पूंजीवादी समाज भी नहीं बना। लेकिन अधकचरे विकास ने भी जातिप्रथा की जड़ें हिला दी हैं। हमें यह स्वीकार करना होगा कि बहुत हद तक जाति के आधार कमजोर हुए हैं। जातियों के अंतर्गत उपजातियों की व्यवस्था लगभग पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। आज से बस सौ साल पहले के समाज को देखें तो हर जाति के भीतर एक आंतरिक वर्णविभाजन था। उदाहरण केलिए  कायस्थ एक जाति है तो श्रीवास्तव कायस्थों का ब्राह्मण था और कर्ण शूद्र। कूर्मियों के बीच अवधिया ब्राह्मण था, तो धानुक शूद्र। हर जाति में ऐसी व्यवस्था थी। आज नहीं है। उसी तरह आज की दिख रही जातिप्रथा भी अन्ततः ध्वस्त होगी।  शिक्षा का विस्तार, रोजगार के नए संसाधन और औरतों की आज़ादी जैसे -जैसे बढ़ेगी जातिप्रथा कमजोर होती जाएगी। उत्पादन के पुराने तरीके बदल रहे हैं, गाँवों का तेजी से शहरीकरण हो रहा है, लड़कियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। ये सब जातिप्रथा को ध्वस्त करने के कारक होंगे। समाजवादी चिंतक राममनोहर लोहिया का एक लेख है ' जाति और योनि के दो कठघरे '। इसे तो उन समाजवादियों को पढ़ लेना था,जो समाजवाद की अधिक दुहाई दे रहे हैं । लेकिन वैज्ञानिक समाजवाद की जगह जातिवादी -समाजवाद स्थापित करने की इस मुहीम पर अफ़सोस ही व्यक्त किया जा सकता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। दिमाग से खाली लोग जब हुक्मरान बनते हैं ,तब ऐसा ही होता है।


जातिप्रथा कमजोर हो रही है। इसे जांचने का एक तरीका बताता हूँ। साल भर तक आए विवाह के आमंत्रण पत्रों को इकठ्ठा कीजिए। फिर उनमें चिह्नित कीजिए कि कितने जातिमुक्त विवाह हैं।पांच वर्षों तक यह कीजिए। आप को पता चलेगा कि किस रफ़्तार से  जातिमुक्त विवाह हो रहे हैं। गांव कस्बों तक प्रचलन तेजी पर है। सामान्य जातियों के लोग, जो  स्वयं को ऊँची जाति मानते आए हैं आपस में घुलमिल कर, धीरे -धीरे अब अपर कास्ट बन रहे हैं। दलितों का अलग समूह बन रहा है। अन्य पिछड़े वर्गों का अलग। एक ऐसा दिन भी आएगा जब ये बड़े ढूहे भी ध्वस्त होंगे। विवाहों में अनेक व्यवधान समाप्त हो रहे हैं।उनके तरीके बदल रहे हैं। यदि हमने समान शिक्षा, समान स्वास्थ्य और रोजगार की पुख्ता व्यवस्था की ,तो एक ऐसा  समय आएगा जब जातिव्यवस्था ध्वस्त हो जाएगी। 


लेकिन सरकार जो यह नाटक कर रही है, वह न केवल मूर्खतापूर्ण है, बल्कि शरारतपूर्ण भी है। आजकल समाज में एक नया जाति -व्याकुल समाज उभरा है। वह हर जाति का सबसे निकृष्ट तबका है। राजनीति से लेकर समाज के विभिन्न स्तरों पर ये जातिप्रथा को जीवित रखना चाहते हैं। क्योंकि इसी के आधार पर उनकी पूछ संभव है। ऐसे लोग जातिवार जनगणना से अतिरिक्त रूप से उत्साहित हैं। कुछ अधिक संख्या वाली जातियों के शातिर नेताओं को भरोसा है कि जब जाति जनगणना की रिपोर्ट आ जाएगी तब इसे बैनर बना कर कम संख्या वाली जातियों पर रौब जमाएंगे कि हमारी राजनीतिक गुलामी अथवा अधीनता स्वीकार करो। यही कारण है कि वे इसका बिगुल बजा रहे हैं।  

 मेरा आग्रह होगा कि प्रबुद्ध जन इस पर विचार करें और इस दकियानूसी राजनीति के मर्म को समझें। समान शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार गारंटी के मांग को अपनी राजनीति का केन्द्रक बनावें, तभी नया समाज बनेगा। इस जाति आधारित जनगणना से ध्वस्त हो रही जातिप्रथा को केवल बल मिलेगा।



फेसबुक वॉल से साभार।

शनिवार, 7 जनवरी 2023

बर्फवारी, हिमपात : डॉ शोभा भारद्वाज

 बर्फवारी, हिमपात

डॉ शोभा भारद्वाज 

शादी के कुछ समय बाद मसूरी स्नोफाल का नजारा देखने के लिए गये इंतजार करते रहे बर्फ तो नहीं गिरी हाँ ठंड बढ़ने लगी होटल वाले ने एक सुबह बताया मसूरी के पास धनौल्टी में रात को स्नोफाल हुआ है हम तुरंत बस में बैठ कर बर्फ का लुत्फ़ उठाने चल दिये धनौल्टी की हरी भरी पहाड़ी के पास उतर गये  वहां के लोगों ने बताया ऊपर बर्फ पड़ी है आनन्द मगन हरियाली का आनन्द लेते फोटोग्राफी करते पहाड़ी पर पहुंचे वहाँ एक मन्दिर था बर्फ पड़ी थी परन्तु उसे बर्फ बारी नहीं कहा जा सकता कई चित्र खींचे जमीन से बर्फ इकठ्ठी कर बाल बना कर इन पर मारने की इच्छा थी हाथ मे पिघलने लगी हाँ हथेलियों में उठा कर मैने चित्र खिचवाये यह मेरा मजाक उड़ा रहे थे | पहाड़ी से हिमालयन रेंज एवं बर्फ से ढकी चोटियाँ नजर आ रही थीं |

 कुछ वर्ष बाद इन्हें ईरान की पोस्टिंग मिली उसी वर्ष अक्टूबर में मेरा वीजा लग गया | तेहरान एयर पोर्ट पर उतरते ठंडी हवा के थपेड़ों ने स्वागत किया |खुर्दिस्तान में प्रवेश करते ही हवा और भी बर्फीली महसूस हुई लेकिन बस गर्म थी | खुर्दिस्तान की राजधानी सननदाज के आखिरी छोर की घाटी के अस्पताल में इनकी पोस्टिंग थी अस्पताल कैम्पस में घर था थोड़े ढलान पर रुद्खाना ( पहाड़ी नदी ) बहती थी घाटी की छटा अनुपम थी छोटे बड़े हर पेड़ों पर पत्ते सुनहरे रंग के थे इस महीने को वहाँ पाईस (पतझड़ ) कहते है था कुछ दिनों में बाद पत्ते झड़ने लगे पेड़ बिलकुल खाली हो गये, वहाँ घर खोखली ईंटों से बनाये जाते हैं दोहरी छत ऊपर से ढलाव दार घर को गर्म करने के लिए भारी लोहे की बुखारियाँ जिनमें मिट्टी का तेल जलता था पाईप से चिमनी के रास्ते धुँआ बाहर निकलता रहता , शोफाश जो फर्निस आयल से गर्मी देते थे |

अब बेसब्री से स्नोफाल का इंतजार था एक शाम मौसम में गर्मी थी बुखारी हल्की कर दी स्वेटर की जरूरत महसूस नहीं हुई |सुबह उठे कांच के दरवाजों से बाहर झांका घर के बाहर बर्फ ही बर्फ कांच के दरवाजे जाम, अस्पताल का चोकीदार बर्फ हटा कर अस्पताल एवं घर से निकलने के लिए पगडंडी बना रहा था शुक्रवार की छुट्टी थी बाहर देखा छत पर 24 इंच बर्फ की परत घबरा कर घर के अंदर आ गयी कुछ देर बाद छत से बर्फ फिसलती छपाक की आवाज आती लगातार छप- छप घर के चारो तरफ बर्फ की दीवार बनती जा रही थी दहशत लगने लगी हाय यह होती है स्नोफाल हिम युग का अहसास हुआ जैसे साईबेरिया में आँखें खोली हों बर्फ में धंसी बड़ी गाड़ी नजर नहीं आ रही थी पेड़ों की टहनियां बर्फ से ढकी थीं कुछ देर बाद फिर बर्फबारी होने लगी लगातार रूई की तरह जम कर गिर रही थी साथ ही अस्पताल , घर की छत से गिरती बर्फ की आवाजें छपाक रसोई में गयी कांच की खिडकियों पर बर्फ जमी थी बाहर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था कुछ देर में बर्फीला तूफ़ान चलने लगा सांय – सांय की आवाजें पहले बर्फ के सीजन की तैयारी के लिए घर की खिडकियों को बंद करते समय रूई लगा दी गयी थी लेकिन कांच के बड़ें दरवाजों की संधों से बारीक बर्फ अंदर आने लगी | दूर- दूर तक केवल बर्फ पहाड़ियां भी आँख से ओझल थीं यहाँ कैसे दिन कटेंगे  ?

 नल में पानी जमा नहीं था समझ में आया चौकीदार ने नल की हल्की दार खुली रखने की हिदायत दी थी |मिट्टी के तेल से चलने वाला गीजर , एवं फ्रिज (बिजली या मिट्टी के तेल से चलता था ) चलता रहे नहीं तो बाहर रखा सामान बर्फ हो जाएगा आलू और प्याज दूध के पैकेट में दूध बर्फ हो जाएगा   गर्म पानी के बिना हाथ गलने लगेंगें हैरानी हो रही थी यहाँ के आम लोगों का जीवन कैसे चलता होगा विदेशी डाक्टर का वहाँ का निजाम ख़ास ख्याल रखता था बर्फबारी रूकी शाम हो गयी बाहर खम्बो में जलने वाली रोशनी भी रोती लग रही थी काली रात और भी डरावनी थी चारो और सन्नाटा | अस्पताल में  मजबूर इक्का दुक्का मरीज आये इन दिनों राजधानी के आसपास के गावँ शहर से कट जाते हैं उस वर्ष बेहद बर्फवारी हुई थी शाम को टीवी में मौसम का हाल सुना हमारे एरिया का टेम्प्रेचर माईन्स 18 डिग्री था आगे और गिरेगा बताया गया कई वर्षों बाद ऐसी बर्फबारी हुई है भूखे भेड़िये शहर में देखे गये हाय यह सब हमारे ही भाग्य में था |

बहुत बड़ा गर्म घर बाहर देखने की हिम्मत नहीं बाहर के कमरे में रस्सी बाँध कर कपड़े सुखाये जा सकते थे धूप निकली सोचा बाहर कपड़े सुखा दूँ बाहर गाउन बर्फ की तरह कड़ा हो गया साँस की भाफ जमने लगी भाग कर अंदर आ गयी सामने चौकीदार की बीबी हंस कर बोली थी खानम खूबी सलामती |

पहाड़ों को कन्दराओं में जमी बर्फ से पूरे वर्ष पीने का पानी राजधानी को मिलता था अस्पताल की टंकी अलग थी | 

मार्च की शुरुआत – घनघोर बारिश बिजली के कड़कने से घाटी थर्रा रही थी बर्फ पिघलने लगी पेड़ों पर नन्हे – नन्हे पत्ते डालियाँ सफेद फूलों से भर गयीं हर फूल फल था |पहाड़ों पर झरने ,झरने लगे जमीन पर लाल रंग के फूलों के बीच में अनेक रंग के फूलों के गलीचे बिछ गये बहार का सीजन था कल- कल की मधुर आवाज से रुद्खाना तेजी से बह रहा था 

बर्फबारी का दिल में डर बैठ गया था इसे देखने हमारे यहाँ के लोग पहाड़ों पर जाते है ,लेकिन अबकी बार आने वाला वर्ष बहुत सुहाना था बर्फ का सीजन आया बर्फ गिरी अच्छी लग रही थी सफेद बादलों से झरते बर्फ के फूल बाद में साफ़ नीला स्वच्छ आकाश एक अलग सा परिंदा जिसे शायद जय पक्षी कहते हैं मीठी आवाज में गाता दिखाई देता प्रकृति का अद्भुत रूप रात को चन्द्रमा  की चांदनी पहाड़ों , पेड़ों पर बने बर्फ के फूलों, जमीने पर बनी बर्फ की छोटी – छोटी पहाड़ियों पर अद्भुत छटा बिखेरती चांदनी राते छत से गिरती बर्फ की आवाज डरावनी नहीं लगती थी बच्चों ने बर्फ का गुड्डा बनाया ,एक दूसरे पर बर्फ के गोले फेके ख़ास बात वहाँ के बच्चों के साथ थोड़ी ऊंची पहाड़ी पर गिरी जमी बर्फ पर बेटी फिसलती हुई खिलखिलाती थी | कई वर्ष तक दिलकश घाटी में हम रहे बर्फ के दिनों में एक पहाड़ी पर चढ़ कर हम दूर तक नजारा देखते उसका नाम वहाँ के लोगों ने थपे डाक्टर रख दिया शायद अब भी यही नाम चलता होगा |


फेसबुक वॉल से साभार।



बुधवार, 4 जनवरी 2023

राहुल और मोदी के बहस में उलझी भारतीय राजनीति

 सर्द मौसम में जब सब घर में दुबके रहने की जुगत में हैं तो राजनीति कुछ हद तक उबाल खाकर गर्माहट पैदा कर रही है। बिहार में तो यूं भी खरमास यानि कि मकरसंक्रांति के बाद उलट-पुलट की परंपरा रही है। अब इस वर्ष परंपरा बरकरार रहेगी या कुछ नया होगा ये तो भविष्य के गर्भ में है। फिलवक्त बिहार में जातिय जनगणना की शुरूआत हो चुकी है। लेकिन इस बार दिल्ली में भी सर्दी के मौसम में राहुल गांधी अपने व्यवहार से गर्माहट पैदा किये हुए हैं। यूं तो टेलीविजन चैनलों पर कपड़ों के प्रचार में ही "सर्दी में भी गर्मी" श्लोगन को प्रचारित -प्रसारित किया जा रहा है बाबजूद इसके राहुल गांधी के टी-शर्ट पर छिड़ी बहस अंत होने का नाम ही नहीं ले रही है।

क्या यह भारतीय राजनीति के लिए भी विचारणीय नहीं है कि हमलोग राष्ट्रीय अथवा क्षेत्रीय मुद्दों/ समस्याओं पर चर्चा करने की बजाय किसी के पहनावे और रहन-सहन में ही उलझकर रह गये हैं? ऐसा नहीं है कि इस तरीके की बहसें पहले नहीं हुई है, लेकिन सच यह है कि वह प्रतीकात्मक कार्य होता था यथा- टोपी या पगड़ी, हरा रंग या केसरिया रंग। कपड़े के ऊपर या नीचे जनेऊ धारण करना, आदि।

अब किसी ने टी-शर्ट पहन ली तो उसकी शक्ति का बखान करना। उसे तपस्वी बताना, उसकी शक्ति का जागरण आदि बेतुकी बातें करना, समय की बर्बादी ही है। यदि बहस ही करनी है तो गौर करनी चाहिए कि लगभग एक दशक की एंटीइन्कम्बेंसी फैक्टर के नाव पर सवार होकर कौन राजनीतिक बैतरणी पार उतरने की कूबत रखता है? राष्ट्रीय पार्टी सत्ता के केंद्र में बनी रहेगी या क्षेत्रीय पार्टियां नेतृत्व करने को तैयार बैठी है? साठ वर्षीय युवा नेता ही देश का नेतृत्व करने के लिए अंतिम विकल्प हैं कि कुछ तीस-पैंतीस वर्षीय युवा नेता भी अचानक परिदृश्य में नजर आ सकते हैं? जब जिंदगी में तकनीक का इतना दखल बढ़ गया है कि जिंदगी ही डिजिटल हो गई है तो शेष चीजें के प्रति संकुचित नजरिया कितना उचित है? माना कि भारत में लोगों की क्रयशक्ति इतनी बढ़ गई है कि हर महंगाई को मात देने पर आमादा है, लेकिन विचारणीय है कि इतनी कुर्बानी के बाद भी क्या देश सही रास्ते पर चल रही है? एक सामान्य आमजन अपने आप को इस माहौल में सहज सुरक्षित जीवनयापन की स्थिति में पाता है? ढ़ेरों ऐसी समस्याएं हैं जिन पर बहस किया जाना शेष है फिर राहुल या मोदी के बहस में क्या उलझना? इन्हें तो विचार करना चाहिए कि यदि राहुल गांधी में ही विकल्प दिखता है तो उनके राजनीतिक हथियार को तेज करें, उन्हें हर मोर्चे पर मोदी से बीस दिखाने की कोशिश करें न कि कपड़ा और दाढ़ी के ही महिमा मंडन में उलझे रहें। यदि मोदी इस बार भी सत्ता में काबिज होने में सफल रहे तो यकीनन एक इतिहास लिखा जाएगा कि एक से एक दिग्गज नेता भारतीय राजनीति में सक्रिय हैं लेकिन किन्हीं में उन्हें रोक पाने की कूबत नहीं।

- सुशील कुमार भारद्वाज 




गुरुवार, 22 दिसंबर 2022

लोहा सिंह ने खदेरन की मदर से कहा, बजने दो भोजपुरिया गीत.... दीपक दक्ष

 दीपक दक्ष के लेखन में एक अजीब आकर्षण है। इस बार उनकी कलम भोजपुरिया गीत के लिए चली है लोहा सिंह और खदेरन की मदर जैसे कालजयी चरित्र के बहाने ने। आप भी गौर करें।




लोहा सिंह ने खदेरन की मदर से कहा, बजने दो भोजपुरिया गीत....

......................................


लोहा सिंह----

अरे ओ खदेरन की मदर... तू हमरा नाक पोल पर कउवा के माफिक लोल चलाती है... अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही... ज्ञान की गगरी... चलाकी के चिलम... बजने दो भोजपुरिया गीत...


खदेरन की मदर--- 

अरे मार बढ़नी रे... पहिले दिन-  रात काबुल के मोरचा,  काबुल के मोरचा बउआते थे  अउर अब  भोजपुरिया गीत, भोजपुरिया गीत बउआ रहे हैं...सुनना है भोजपुरिया गीत त ईयर फोन लगाके सुनिए...कनखोसवा बटन लगाके...बुझाया... घर का संस्कार मत बिगाड़िये... घुटने में बुद्धि रह गया...? 


लोहा सिंह--- 

खदेरन की मदर मेरे महमण्ड को गरम मत करो...तुमको भोजपुरी मतलब  सिर्फ उहे सब बुझाता है... भोजपुरी मतलब खाली गंदे गीत होता है का....? 


खदेरन की मदर--- 

ना भोजपुरी मतलब रामायण होता है...पूरा रामायण... सीता जी कुटिया से गायब हुई थी....अउर तोहार भोजपुरी गीत सुन लइका सब रात में खटिया से गायब हो रहा है... सीता जी पुष्पक विमान पर देखी गई थी ...अउर  भोजपुरी सुन लइका सब मचान पर दिख रहा है...छि छि...लाजो नहीं लगता है... आजकल का भोजपुरी सुनने लायक है जी ? ठेला- रिक्शावाला का घर समझ लिया है  का... केतना शरम लगता है, जब टेम्पुआ में बजाता है...राम राम...ई सबको मारने वाला कोई नहीं है... भोजपुरिया समाज का मान  माटी में मिला रहा है  सब ...गायक कहलाता है और भोजपुरिया माई को गारी देता है...कानून बनना चाहिए...कोड़ा मारना चाहिए...दिमग्वे ठंडा जाएगा...


लोहा सिंह-----

ऐ फाटक बाबा !  हमको त बुझईबे नहीं करता है कि खदेरन की मदर मेम है कि मेमिन ...आप ही समझाइए... अभिव्यक्ति की आजादी कुछ होता है कि नहीं...


खदेरन की मदर-----

अरे मार बढ़नी रे... अभिव्यक्ति की आजादी  का मतलब अपना माई के गारी देना होता है का... समाज बिगाड़ना होता है का...


लोहा सिंह-----

अरे ओ अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही.... कभी दूसरा एंगल से भी सोचो... भोजपुरी वालों ने बमबईया ठसक की हवा निकाल दी है... अब गांव-गांव भोजपुरी बज रहा है... भांगड़ा के बदले भोजपुरी पर लोग झूम रहे हैं... बिआह चाहे रमुआ का हो या रोहन की... दुआरे बरियात समय बजेगा भोजपुरिए गीत...ई पंडित जी का मंत्र हो गया है... ओम नोम स्वाहा ...लॉली पॉप लागे स्वाहा...


खदेरन की मदर---

अरे मार बढ़नी रे...लाजो नहीं लगता है...गंदा गीत का पैरवी करते...?


लोहा सिंह----

अरे ओ चालाकी के चिलम ! अश्लीलता के नाम पर भोजपुरी को किनारे लगाने की कोशिश मत करो.... 


तुमको हिंदी में हम समझाता है ....सुनो


भोजपुरी गीत और भोजपुरी सिनेमा बर्बाद हो गया.... भोजपुरिया हीरो अउर आजकल के नौछटिया गायकों ने भोजपुरी का नाम डुबो दिया... यही कहना चाहती हो ना ... खूब गरिआओ ...मन भर कर गरिआओ... मैं भी तुम्हारे साथ- साथ अश्लीलता का विरोध करता हूं....

सचमुच,  इन्होंने अपने कुछ गानों से और कुछ  कारनामों से भोजपुरिया समाज का सिर झुकाया है... 


लेकिन कलेजे पर हाथ रखकर कहना कि क्या भोजपुरी सिनेमा के साथ कभी न्याय हुआ? क्या हिंदी सिनेमा के आगे हमारे समाज ने भोजपुरी सिनेमा को उस तरह  तवज्जो दिया? क्या किसी फिल्म समीक्षक ने भोजपुरी सिनेमा पर स्याही खत्म किया? हिंदी के अखबारों में भोजपुरी सिनेमा पर समीक्षा लिखी गई?  क्या पटना के सिनेमा हॉल मालिकों ने 12 से 3 भोजपुरी सिनेमा चलाने का साहस दिखाया?  कुणाल साहब भोजपुरी सिनेमा के महानायक हैं, लेकिन क्या हमारे समाज ने उनको अमिताभ वाला सम्मान दिया? 


बगैर गार्जियन का बेटा आवारा होता ही है... इसलिए हमारे भोजपुरी के नायकों में कुछ आवारगी दिखती है... लेकिन इन नायकों ने जो किया है,  वह अपने दम पर किया है... इन्हें तो डूब मरने के लिए दो दशक तक छोड़ दिया था, हमारे समाज ने... लेकिन वर्ष 2000 के बाद  भोजपुरिया युवा तन कर खड़े हो गए... और आज भोजपुरी का डंका बजा रहे...

जानती हो खदेरन की मदर, 

हिंदी फिल्मों के समर्थक  भोजपुरी फिल्मों को अश्लील मानकर ही चलते हैं... भोजपुरी शब्द सुनते ही नाक मुंह सिकुड़ते हैं ... लेकिन राज कपूर को हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा शो मैन कहते नही थकते  हैं... एक ऐसा शो मैन जो मंदाकिनी को राम तेरी गंगा मैली में सिर्फ एक साड़ी में नहाते हुए दिखाते हैं,मंदाकिनी का स्तन दिखता है... सिनेमा हॉल में सीटियां बजती है लेकिन यहां अश्लीलता नहीं दिखती... बॉबी में डिंपल कपाड़िया बिकनी में कहर ढाती हैं... मोहरा में रवीना टंडन मस्त मस्त लगती हैं... लेकिन  हिंदी सिनेमा वाले इन्हें अश्लील नहीं मानते, बोल्ड कह कर कॉलर टाइट करते हैं... भोजपुरी में पल्लू गिरा नहीं कि हीरोइन अश्लील ...फिल्म अश्लील...हीरो रोड छाप... गंवार

 तो भैया हमारे हीरो गंवार ही हैं।  गांव के गंवार .. .एक ऐसे गवार जिन्होंने नायक होने का मतलब बदल दिया है...


जी हां,  हमारा भोजपुरी का नायक सलमान की तरह मुम्बई का नहीं, गांव का है... पान की गुमटी पर पान लगाते हुए प्रेमिका के इंतजार में बैठने वाला प्रेमी है...हमारी नायिका कंगना की तरह कार में घूमने वाली नहीं... बल्कि एक कोको कोला से ही खुश हो जाने वाली है....(ये राजा छूटता पसीना.....) हमारी नायिका  दिल्ली-गुजरात- सऊदी अरबिया में मजदूरी करने वाले अपने पिया को याद करने वाली है... वह गाती है----- रेलिया रे हमरो के ओही देसे ले चल रे, पियवा बसेला जवना देस रे.... साहब !  आज भोजपुरी इंडस्ट्री ने जिस तरीके से गांव के युवकों को रोजगार दिया है... पहचान दिया है ...उसे आप इंकार नहीं कर सकते... आप तो इन्हें गंवार मानकर चल रहे थे...हैं न ? 


खदेरन की मदर---- 

अरे मार बढ़नी रे... कईसन कईसन तर्क गढ़ रहे हैं... ई कलमुहा सब देवर भौजाई के रिश्ता को बदनाम कर दिया.... रिमोट से लहंगा उठवा दिया... और का  का भयंकर भयंकर चीज करवा दिया..


लोहा सिंह-----

अरे ओ ज्ञान की गगरी! हम मानते हैं कि गंदगी फैला दिया, लेकिन अच्छाई भी देखो ...इनकी क्रिएटिविटी भी देखो.... कैसे-कैसे गीत गढ़  रहे हैं--- दिलवा ले  गइले राजा बोतल में भर के... हा हा हा


अरे ओ खदेरन की मदर कभी नजरिया फेर के तो देखो----आज के इसी भोजपुरी में मिसरी चैनल है... पुरबिया तान है... कल्पना पटवारी हैं ...चंदन तिवारी हैं... अलका पहाड़िया हैं... नीतू नवगीत हैं... मनोज भावुक हैं... मनोरंजन ओझा हैं... सत्येंद्र संगीत हैं... 


सबको एक ही लाठी मत हांको खदेरन की मदर... ई महेंदर मिसिर... भिखारी ठाकुर, विंध्यवासिनी देवी के भोजपुरी है... बुझ सूझ के बोला करो.... और बढ़िया गीत सुनल करो ... अठन्नी- चवन्नी,  टूटहा- भांगड़ा, छुरछुरी- पटाखा, हर काल में,  हर समाज में होते हैं... इसलिए उ सब को इग्नोर करो ... सुनबे मत करो... धीरज धरो, कानून बनेगा ... लफुआ सब पर सोटा चलेगा...टेंशन छोड़ बढ़िया गीत सुनो... गांव देहात के लइका सब एक से एक बढ़िया गीत लिख रहे हैं..... एगो दुगो गीत के नाम बता दे रहे हैं, सुन लेना मन हरिअर हो जाएगा.... और समझ में आ जाएगा कि आज बढ़िया गीत भी लिखा रहा है...


# नेहिया के फुलवा...

# पिया जी के मुस्की लागे लाजवाब...

# कहां बाड़ी धनिया हमार....


चलो खदेरन की मदर... इसी बात पर बजने दो भोजपुरिया गीत ...


अरे मार बढ़नी रे...


दीपक दक्ष के फेसबुक वॉल से साभार।

रविवार, 18 दिसंबर 2022

फील्ड मार्शल मानेकशॉ: रश्मि रविजा

साहित्यकार रश्मि रविजा का फील्ड मार्शल मानेकशॉ पर लिखा यह आलेख गौरतलब है। आलेख से न सिर्फ मानेकशॉ की कार्यशैली की जानकारी मिलती है बल्कि भारतीय राजनीति के बारे में बहुत कुछ समझने का मौका मिलता है। 

                            

                           फील्ड मार्शल मानेकशॉ 

                           _______________________


 १९४२ में द्वितीय विश्वयुद्ध शुरू हो गया था.पूरे विश्व में तबाही मची हुई थी. हर देश युद्ध से किसी ना किसी प्रकार प्रभावित था. उस वक्त भारत आज़ाद नहीं हुआ था और भारतीय सेना, अंग्रेजों की मदद कर रही थी. बर्मा में भारतीय सेना तैनात थी और जापानियों के दांत खट्टे कर रही थी. बर्मा के एक बहुत ही महत्वपूर्ण चौकी ‘पगोडा हिल’ पर जापानियों ने कब्जा कर लिया था. एक नौजवान कैप्टन ‘सैम मानेकशॉ' अपनी बटालियन ‘राइफल कंपनी’ की अगुवाई करते हुए ‘पगोडा हिल’ की तरफ बढ़ रहे थे. हिल के ऊपर से जापानी अंधाधुंध गोलिया दाग रहे थे . मानेकशा ने अपने सैनिकों को चट्टानों की आड़ लेते हुए ऊपर की तरफ गोलियां चलाते हुए आगे बढने का आदेश दिया.खुद भी वे सबसे आगे बहादुरी से ऊपर की तरफ गोलियाँ दागते और चीते की सी फुर्ती से चट्टानों के पीछे छुप जाते. राइफल कंपनी के कई सैनिक शहीद हो गए थे. बचे हुए कुछ सैनिकों के साथ मानेकशा चोटी पर पहुंच गए और अब दोनों तरफ के सैनिक आमने -सामने थे. सैम मानेकशा, अपनी रायफल से एक जापानी को निशाना बना रहे थे तभी दूसरी तरफ से एक दुसरे जापानी ने आकर उनपर गोलियों की बौछार कर दी. मानेकशा ने पलट कर उसे भी मार गिराया पर खुद भी गिर पड़े, उनके पेट में 9 गोलियां लगी थीं. लेकिन पगोडा हिल पर फतह हासिल कर ली थी. 


ज्यादातर जापानी सैनिक मारे गए थे .जो एकाध बचे थे,वे पीठ दिखा भाग खड़े हुए थे. सैम मानेकशा के शरीर से जगह जगह से खून बह रहा था, गोलियों ने उनके फेफड़े, किडनी, लीवर सबको डैमेज कर दिया था. पर उनके चेहरे पर जीत की मुस्कान थी .मेजर जनरल ‘डी. टी. कोवान’ जो देहरादून मिलिट्री अकादमी में उनके कंपनी कमांडर भी रह चुके थे ‘पगोडा हिल’ पर कब्जे की खबर सुनते ही दौड़ते हुए, उन्हें बधाई देने आये .पर मानेकशा को इस बुरी तरह जख्मी देखकर चिंतित हो गए. वे मानेकशा की वीरता के लिए उन्हें ‘मिलिट्री क्रॉस’ पदक दिलवाना चाहते थे. पर मानेकशा की हालत देख उन्हें लगा, अब सैम का बचना मुश्किल है . इस पदक के लिए नियम था कि यह पदक सिर्फ जीवित मिलिट्री ऑफिसर को ही मिलता है. ‘डी. टी. कोवान’ ने कुछ सोचा और झट अपना मेडल उतार कर सैम मानेकशा की वर्दी पर लगा कर अपने जूनियर को एक कड़क सैल्यूट दिया. मानेकशा ने भी बेहोशी से मुंदती आँखों को ज़रा सा खोल अपने दाहिने हाथ को माथे से लगा,उनके सैल्यूट का जबाब दिया. 


मानेकशा के अर्दली सिपाही शेर सिंह ने उन्हें अपने कंधे पर उठाया और दौड़ते हुए कैम्प में इलाज के लिए ले गए .वहाँ, डॉक्टर ने उन्हें फर्स्ट एड देकर ‘पेगु’ के अस्पताल में रेफर कर दिया . पहाड़ियों का ऊंचा नीचा, झाड़ियों से भरा दुर्गम रास्ता, जीप हिचकोले खाती आगे बढ़ रही थी. मानेकशा का सर सिपाही शेर सिंह की गोद में था. शेर सिंह उन्हें बीच बीच में पानी पिलाता और जगाने की कोशिश करते हुए कहता, ‘साब आप शेर दा पुत्तर हो, ये गोलियां आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं. आँखें खोलो साब. आपको अभी बहुत सारे जंग फतह करने हैं. “ मानेकशा जरा सीआँखें खोल मुस्करा देते अस्पताल तक जाने में ३६ घंटे लग गये. अस्पताल पहुँच कर शेर सिंह ने उन्हें बेड पर लिटाया और  भागते हुए डॉक्टर को बुलाने चले गए. ऑस्ट्रेलियन डॉक्टर ने जब सुना कि उनके पेट में 9 गोलियां लगी हैं और ३६ घंटे बीत चुके हैं तो उन्हें देखने से इनकार कर दिया. कहा, ‘अब टुमारा शाब नई बच शकता उस पर टाईम वेष्ट करने का कोई फायडा नई ,इतने टाईम में मैं दूशरा सोल्जर्स को डेक लेगा “ शेर सिंह उनका रास्ता रोक कर घुटने के बल बैठ गया , “नई डॉक्टर आपको मेरे शाब को देखना ही पडेगा. मेरा शाब बहुत बहादुर है. उसको कुछ नहीं हो सकता.उसको बस थोड़ा इलाज की जरूरत है. “ शेर सिंह की जिद के आगे डॉक्टर को मानेकशा को देखने जाना ही पड़ा. उसी वक्त सैम को ज़रा सा होश आया और डॉक्टर ने उनसे पूछा....” टुमको क्या हुआ यंगमैन?“ ऐसी घायल अवस्था में भी सैम ने मुस्करा कर कहा, “ कुछ नहीं बस एक शैतान गधे ने लात मार दी “ डॉक्टर हैरान रह गए , ऐसी हालत में भी कोई मजाक कर सकता है. उन्होंने हंस कर कहा, ‘टुमारा सेन्स ऑफ ह्यूमर तो कमाल का है, अब तो टुमको बचाना ही पड़ेगा “ डॉक्टर ने गोलियां निकालीं, उनकी छोटी आंत के कुछ हिस्से काट दिए. घावों को स्टिच करके उन्हें ‘रंगून’ के बड़े अस्पताल में भेज दिया.


सैम बिस्तर पर पड़े , खिड़की से कुछ बच्चों को खेलते देख रहे थे .उन्हें अपने बचपन की याद आ गई।  वे भी ऐसे ही अपने दोस्तों के साथ खेला करते थे ..बॉल अक्सर झाड़ियों में चली जाती और जब सारे बच्चे बॉल ढूंढ रहे होते, वे भागकर अपने पिता की क्लिनिक में पहुँच जाते. कानों में आला लगाए, मरीजों दवाइयां देते,उनकी मरहमपट्टी करते पिता, सैम को कोई देवदूत सरीखे लगते. सैम ने सोच लिया, वे भी बड़े होकर डॉक्टर बनेंगे .पिता ने कहा, ‘वे अच्छे नम्बरों से पास होंगे तो उन्हें मेडिकल पढने लन्दन भेज देंगे.” सैम ने सीनियर कैम्ब्रिज में टॉप किया. पांच विषयों में डिस्टिंक्शन लाया. पर पिता को पन्द्रह वर्ष की उम्र में बेटे को अकेले विदेश भेजना गवारा नहीं हुआ. पिता ने वादा किया कि सैम के अठारह के होते ही उन्हें मेडिकल पढने लंदन भेज देंगे. लेकिन सैम का उत्साह से भरा किशोर मन बुझ गया. उन्हें अंदाजा नहीं था , ईश्वर ने इस से कहीं बड़ा काम उनके लिए सोच रखा है. सिर्फ कुछ मरीजों की जिंदगी बचाना उनकी तकदीर में नहीं था बल्कि देश की तकदीर बदलने में वे सहायक होने वाले थे. डॉक्टर बनकर कुछ ही बच्चों के जन्म का निरिक्षण कर पाते जबकि उनकी देखरेख में एक नया राष्ट्र जन्म लेने वाला था. और नियति ने उनकी नजरों के सामने अखबार के पन्नों पर छपा एक विज्ञापन रख दिया. विज्ञापन में था कि  देहरादून मेंप हली भारतीय सेना अकादमी में एडमिशन के लिए परीक्षा होने वाली है. सैम ने माँ से दिल्ली जाने के लिए पैसे मांगे . माँ उन्हें इस तरह चुप और उदास देखकर परेशान थीं.उन्होंने झट से रूपये निकाल कर दे दिए कि दिल्ली जाकर बच्चे का मन बहल जाएगा. सैम ने प्रवेश परीक्षा पास कर मिलिट्री एकेडमी में एडमिशन ले लिया।


 मिलिट्री एकेडमी से ट्रेनिंग कर वे सेकेण्ड लेफ्टिनेंट बने और फिर कैप्टन के रूप में बर्मा में उनकी पोस्टिंग हुई. जहां  उन्होंने अपनी जान दांव पर लगा, वीरता के झंडे लहर दिए. जब स्वतन्त्रता मिली और भारत का विभाजन हुआ तो सैम मानेकशा के सामने बड़ी दुविधा आ गई . वे पारसी थे और पारसी लोगों के लिए दोनों देशों के द्वार खुले हुए थे. अब तक पूरा देश एक था.. लाहौर से बंबई, कलकत्ता से ढाका हर जगह बेख़ौफ़ आया जाया करते थे. हर शहर में उनके मित्र थे . अब उसी देश को दो टुकड़ों में बंटता देख उनका कलेजा फट रहा था. अब वे एक देश में रहना क़ुबूल करें तो दूसरा देश उनके लिए अजनबी हो जाएगा . सैम मानेकशा गोरखा रेजिमेंट से जुड़े हुए थे.सेना के भी दो भाग हो गए थे और गोरखा रेजिमेंट भी दो भागों में बंट गया था . इस रेजिमेंट में उनके प्राण बसते थे .वे बड़े जोश से कहते थे, “ अगर कोई सिपाही कहता है कि वो मौत से नहीं डरता तो फिर या तो वो झूठ बोल रहा होता है या फिर वो गोरखा है.” वे खुद को पारसी नहीं गोरखा कहते थे. उनका प्रचलित नाम “सैम बहादुर “ भी गोरखा रेजिमेंट की ही देन था. सैम अपने सिपाहियों से दोस्ताना व्यवहार रखते थे. उनकी बीच जाकर बैठ जाते. उनके साथ हंसी मजाक करते . कभी उनकी मेस में चले जाते ,साथ खाना खाते . 


एक बार यूँ ही उन्होंने एक सिपाही से पूछा, “ तुम्हारा क्या नाम है ? “

“तेज बहादुर “

“तुम्हारे चीफ का क्या नाम है ? “

वह सैनिक घबरा गया . हडबडाते हुए उसने कहा, “सैम बहादुर “ 


मानेकशा ठहाका लगाकर हंस पड़े , ‘हाँ एकदम सही कहा .मैं गोरखा ही हूँ .मेरा नाम ‘सैम बहादुर’ ही होना चाहिए.” और तब से सबलोग उन्हें प्यार से ‘सैम बहादुर’ ही कहने लगे.बंटवारे के बाद इस रेजिमेंट के कुछ सैनिकों से उनकी दूरी हो जायेगी ,यह बात उन्हें कचोट रही थी. सैम मानेकशा का बचपन अमृतसर में गुजरा था, पढ़ाई नैनीताल और देहरादून में हुई थी. उनकी पत्नी सीलू भी अमृतसर की थीं. भारत उनके दिल के ज्यादा करीब था और उन्होंने अपने दिल की सुन, भारत में रहने का फैसला किया .वे अपना गम भुलाकर देश की सेवा में जुट गए. उन दिनों हर तरफ मार काटमची हुई थी. दंगे हो रहे थे . दोनों देशों के बीच लकीरें खिंच गईं थीं और लकीरों के पार, अपना सबकुछ छोडकर लुटे-पिटे से लोग चले आ रहे थे. सबके चेहरे से मुस्कान गायब थी, चेहरा ग़मगीन था और आँखों में आंसू भरे हुए थे. लोग अपना घर,जमीन,धन सब छोडकर आये थे. कुछ लोगों के परिवार भी बिछड़ गए थे.


 सेना की जिम्मेवारी बढ़ गई थी. सेना उन्हें फिर से बसाने, शांति बहाल करने में पूरी तरह लगी हुई थी.  मिलिट्री ऑपरेशन के डायरेक्टर के पद पर होने की वजह से सैम मानेकशा खासे व्यस्त हो गए थे. कभी कश्मीर में सर उठाये कबाइलियों का दमन करने के लिए उनकी पुकार होती तो कभी कलकत्ता में नोआखाली में हो रहे दंगो को शांत करने के लिए उन्हें बुलाया जाता. कश्मीर में कबाइलियों का आतंक बढ़ता जा रहा था . वहाँ के राजा हरिसिंह भारत से सहायता तो मांग रहे थे पर भारत में विलय होने के कागज़ पर हस्ताक्षर करने में देर कर रहे थे . पंडित नेहरू सैनिक कार्यवाई को लेकर असमंजस में थे. आखिर सरदार पटेल ने स्थिति सम्भाली, राजा हरिसिंह से भारत में शामिल होने के कागज़ पर दस्तखत कराये , नेहरु को समझाया  और मानेकशा से कश्मीर में  शांति स्थापित करने के लिए प्रयास करने लिए कहा . मानेकशा अभी  कश्मीर में काम कर ही रहे थे कि कलकत्ता में दंगे शुरू हो गए. ब्रिटिश कमांडर इन चीफ ने आकर कहा कि “सरदार पटेल आपको कलकत्ता में बुला रहे हैं. आपको ले जाने के लिए एक प्लेन तैयार खड़ा है.” कलकत्ता मेंबसरदार पटेल के साथ कलकत्ता के मुख्यमंत्री वी.सी. रॉय खड़े थे . उन्होंने मानेकशा से सीधा पूछा, “मुझे कोई बहस नहीं, कोई टालमटोल नहीं सिर्फ सीधा जबाब चाहिए ...अगर मैं सेना को सिचुएशन सौंप दूँ तो आप हमारे कितने बंगालियों को मारेंगे और कितने दिनों में शांति कायम हो जाएगी?” सैम मानेकशा की रगों में जवान खून उबाल मार रहा था .वे नेताओं की तरह घुमा फिरा कर बात करना नहीं जानते थे . वे  साफ़ साफ़ बोलने के लिए बदनाम थे ,उन्हें मुँहफट भी कहा जाता था .मानेकशा बोले, “शायद सौ लोग की जान जा सकती है और एक महीने में शांति लागू हो जायेगी.” सरदार पटेल ने 'वी सी राय' की तरफ मुड़ कर कहा, ‘दंगे में तो हजारों मर रहे हैं, ये सिर्फ सौ की बात कर रहे हैं.  “.फिर मानेकशा से बोले, “ “ठीक है ...आप कार्यवाई शुरू कीजिये.” मानेकशा ने पूरे कलकत्ता के कोने कोने में अपने जवान तैनात किये. खुद दिन रात हर महल्ले का दौरा करते. लोगों से मिलते , उनकी परेशानियां सुनते, उन्हें समझाते. लोगों के घरों में राशन  पहुँचवाते, बच्चों के लिए दूध भिजवाते. बीमार को पूरी सुरक्षा के साथ अस्पताल ले जाते. इस तरह आम लोगों को  उनपर भरोसा हुआ और बिना किसी खून खराबे के कुछ ही दिनों में पूरी तरह शांति बहाल हो गई.. बाद में सरदार पटेल ने मानेकशा को बुला कर गुजराती में कहा, ‘ “तमे साचो नहीं बोलो ? तमे बोल्यो एक सो बंगालीयो ना मारसो पण एक बी नईबमारयो “(तुमने सच नहीं कहा था ? एक सौ बंगालीको मारोगे पर एक को भी नहीं मारा )फिर पास बुलाकर, ‘वेलडन...थैंक्यू’ कहकर उनकी पीठ थपथपाई .


पर फूलों के साथ काँटों का रिश्ता हमेशा से रहा है. अगर कुछ लोग उनकी तारीफों के पुल बाँध रहे थे तो कुछ लोग उन पुलों को धराशायी करने में भी जुटे हुए थे. मानेकशा का इतनी लगन और मेहनत से काम करना और बड़े नेताओं का उनपर अटूट विश्वास कुछ अधिकारियों से देखा नहीं जा रहा था. उन दिलजले लोगों ने मंत्रियों के कान भरने शुरू कर दिए. सैम मानेकशा किसी के भी मुंह पर सीधे शब्दों में अपनी बात रखते जोबअधिकारियों को नागवार गुजरता. वे लोग चमचागिरी के आदी थे. जूनियर्स उनकी झूठी तारीफ करें, हर बात में हाँ में हाँ मिलाये. उनके बोदे चुटकुलों पर छ्तफाड़ ठहाके लगाएं. उनके हर निर्णय कोआँखें मूँद कर सपोर्ट करें. यह सब मानेकशा से नहीं होता और वे मंत्रियों ,उच्च अधिकारियों के बैड बुक्स में आ गए. समय समय पर कही गई उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर उनके विरुद्ध इन्क्वायरी बिठा दी गई. उसमें कोई भी सिरियस चार्ज नहीं था ,कुछ बड़ी हास्यास्पद सी बातें थीं. 


अभी इन्क्वायरी चल ही रही थी कि १९६२ में चीन ने भारत पर आक्रमण कर दिया .नेहरु समेत सभी लोग चकित रह गए. भारत युद्ध के लिए बिलकुल भी तैयार नहीं था. ईर्ष्यावश मानेकशा को युद्ध की गतिविधियों से दूर रखा गया. जब कई मोर्चों पर भारत की हार होने लगी तो सैम मानेकशा के विरुद्ध आरोपों को खारिज कर उन्हें युद्ध की कमान सौंपी गई. पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी. भारत के एक बड़े भू भाग पर चीन ने कब्जा कर लिया था.चीन की जीत पर पकिस्तान इतराया और उसने भी सोचा, वह भी भारत को मात दे सकता है. पाकिस्तान अपनी अंदरूनी समस्याओं से जूझ रहा था. उसके पास शक्तिशाली नेतृत्व नहीं था. वहाँ के लोगों को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं था . रोजमर्रा की चीजें नहीं मिल रही थीं. लोग भूखे थे, बेरोजगार थे .अपनी सरकार से बेहतर सुविधाओं की  मांग कर रहे थे .और इन सबसे लोगों का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान ने सोचा, ‘भारत पर आक्रमणकर देगा तो सारी जनता का ध्यान युद्ध की तरफ हो जाएगा. उनमें देशभक्ति का जोश उबाल मारने लगेगा और रोज की असुविधाओं से उनका ध्यान हट जायेगा”


 पर इस बार भारत की सेना सम्भल चुकी थी और अब उनके पास सैम मानेकशा जैसे सैन्य अधिकारी का साथ भी था. उनके और दूसरे जाबांज ऑफिसर्स के प्रयासों से भारत इस युद्ध में विजयी रहा. पाकिस्तान के पास अमरीका से खरीदे आधुनिक पैटन टैंक थे. भारत के पास वही द्वितीय विश्व युद्ध के समय के पुराने टैंक थे. पर मशीन से ज्यादा मशीन चलाने वाले पर कोई भी जीत निर्भर करती है. हमारे पास साहस से भरे तेजदिमाग वाले वीर ऑफिसर थे. जिन्होंने पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फेर दिया. पाकिस्तान में उथल पुथल जारी थी. 1970 में आम चुनाव हुए और पूर्वी पाकिस्तान के शेख मुजिबुर्र्रह्मान की ‘आवामी लीग’ ने बहुमत हासिल किया. यह पश्चिमी पाकिस्तान के रहनुमाओं को कैसे बर्दाश्त होता और उन्होंने पूर्वी पाकिस्तान के लोगों पर जुल्म ढाने शुरू कर दिए.पाकिस्तानी सेना ने आम लोगों पर लूट-पाट, बलात्कार, कत्ल शुरू कर दिए. आम लोग जान बचाने के लिए भारत से लगी सीमा वाले गाँवों में भाग कर आने लगे. बहुत दुखद स्थिति थी. रोज हजारों लोग अपना घर बार, सामान सब कुछ छोड़कर सिर्फ जान बचाने के लिए भारत की सीमा में दाखिलहोने लगे. 


बंगाल, त्रिपुरा, असम के मुख्यमंत्री परेशान हो गए. उन्होंने उस समय की प्रधानमन्त्री इंदिरा गांधी को चिट्ठी लिखी. और इस पलायन को रोकने के लिए कुछ करने को कहा. एक ही उपाय था ,भारतीय सेना भेजकर पाकिस्तानी सेना को जुल्म ढाने से रोक दिया जाए. इस सूरत में युद्ध होना निश्चित ही था.अप्रैल 1971 को इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट की मीटिंग बुलाई और ‘सेना प्रमुख सैम मानेकशा’ को भी बुलाया.मानेकशा से पाकिस्तान पर आक्रमण के लिए कहा पर सैम मानेकशा ने बिलकुल इनकार कर दिया .उन्होंने कहा, “इस वक्त हमारी सेना युद्ध के लिए बिलकुल तैयार नहीं है. कुछ ही दिनों में मॉनसून आने वाला है.बांगला देश की मिटटी दलदल सी बन जाएगी ,उसमें हमारे टैंक धंस जायेंगे .बारिश के समय वहाँ की नदियाँ छोटे मोटे समुद्र का रूप ले लेती हैं. एक छोर से दूसरा  छोर नहीं दिखता .ऐसे में हम सही तरीके से युद्ध नहीं कर पायेंगे . अभी पंजाब के खेतों में फसल लगी हुई है. सारी फसल रौंदी जाएगी और हमारी मूवमेंट पर भी असर पड़ेगा .इस वजह से इन सारी तैयारियों के लिए मेरी सेना को वक्त चाहिए “ रक्षा मंत्री जगजीवन राम जो सैम नहीं कह पाते थे ने भी जोर देकर कहा, ‘” साम मान भी जाओ, युद्ध के लिए तैयार हो जाओ “ पर मानेकशा ने हाथ जोड़ लिए. जब सबलोग मीटिंग से जाने लगे तो इंदिरागांधी ने मानेकशा को रुकने के लिए कहा. मानेकशा ने सबके जाने के बाद कहा, “इस से पहले कि आप कुछ कहें .मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूँ. मानसिक या शारीरिक स्वास्थ्य खराब होने का कोई भी बहाना बना दूँगा.पर इस वक्त मैं युद्ध के पक्ष में बिलकुल नहीं हूँ. १९६२ की तरह हमलोग बुरी तरह हार जायेंगे “ इंदिरा गांधी ने कहा, “नहीं आपका इस्तीफा नहीं चाहिए. मुझे ये बताइये कि आपको युद्ध की तैयारी के लिए कितना वक्त चाहिए ?” मानेकशा ने कहा, “देश के कोने कोने से अपने सैनिकों को इकट्ठा करने, युद्ध का प्लान बनाने उन्हें प्लान समझाने, सैनिकों को बौर्डर पर तैनात करने में मुझे चार-पांच महीने लग जायेंगे.और युद्ध की तैयारी के बाद मैं आपको भारत की जीत की पूरी गारंटी देता हूँ. “  इंदिरा गांधीने हामी भरी और मानेकशा युद्ध की तैयारी में लग गए. 


मानेकशा यह भी चाहते थे कि भारत की शांतिप्रिय देश की छवि को कोई ठेस ना पहुंचे . पूर्वी पाकिस्तान की मुक्तिवाहिनी सेना को भारत की मदद मिल ही रही थी. उनकी योजना थी कि इन सबसे त्रस्त होकर पाकिस्तान खुद ही आक्रमण कर दे. मानेकशा ने दिसम्बर में अपनी सेना की पूरी तैयारी की सूचना इंदिरागांधी को दी. मानेकशा खुद लद्दाख से लेकर पूरे बौर्डर पर जाकर सैनिकों से मिलते और कहते, “हमने आपको ट्रेनिंग दी, हथियार दिए अब आप अपने देश को जीत दिला दो “ सारे जवान सबसे बड़े अफसर को अपने पास देखकर जोश से भर जाते. जब इंदिरा गांधी ने पूछा, “अब हम युद्ध के लिए तैयार हैं ? “ मानेकशा नेअपने बेलौस अंदाज में कहा, “येस, वी आर रेडी स्वीटी’ इंदिरा गांधी उनकी बात करने के तरीके से वाकिफ थीं. उन्होंने बिलकुल बुरा नहीं माना और नज़रंदाज़ कर दिया .3 दिसम्बर 1971 को लड़ाई शुरू हुई और सिर्फ 13 दिनों में मानेकशा के नेतृत्व में भारतीय सेना ने,पाकिस्तानी सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.पाकिस्तानी सेना बुरी तरह हार रही थी. मानेकशा को पता था, अब वे लोग सरेंडर कर देंगे . उन्होंने पहले ही समर्पण के कागज़ात तैयार करवा लिए थे. मानेकशा  ने जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा  से कहा, “ इट्स अ बिग डे इन योर लाइफ. टेक योर वाइफ विद यू.” सैम मानेकशा के मन में औरतों के लिए बहुत इज्जत थी. प्रधान मंत्री और सेनाप्रमुख  दोनों का एक दूसरे पर भरोसा बहुत जरूरी है. तभी कोई देश आगे बढ़ता है.  पाकिस्तानी जनरल नियाज़ी के साथ 93 हज़ार पाकिस्तानी सैनिकों ने सरेंडर कर दिया. एक नए देश ‘बांग्ला देश’ का उदय हुआ. 


पर मानेकशॉ को बंदी बनाये गए ,पाक्सितानी सैनिकों की ज्यादा चिंता थी. वे उन्हें लेकर भारत आये.उनके आराम का पूरा ख्याल रखा. भारतीय सैनिक टेंट लगाकर सोते थे. जबकि बंदी बनाये गए पाकिस्तानी सैनिक उनके पक्के बैरक में सोते थे.  मानेकशॉ कैम्प में जाकर सभी से मिलते. पाकिस्तानी सूबेदार से पूछते , ‘बिस्तर में खटमल तो नहीं है. मच्छरदानी है ना. “ फिर उनके किचन में  जाकर खुद खाना खा कर देखते कि खाना ठीक बना है या नहीं. एक बार उन्होंने साफ़ सफाई करने वाले स्टाफ से हाथ मिलाने को हाथ बढाया तो उस सफाईकर्मी ने मना कर दिया. मानेकशा ने कहा, ‘क्यूँ कोई नाराजगी है...हाथ क्यूँ नहीं मिलाओगे ?’ उसने हाथ मिला लिया। जब वे सबसे मिलकर जाने लगे तो पाकिस्तानी सूबेदार ने कहा, ‘गुस्ताखी माफ़ हो हुजुर तो कुछ पूछूँ ? ‘ मानेकशा ने कहा,, ‘आप हमारे मेहमान हैं कुछ भी पूछ सकते हैं. उसने कहा, “अब मुझे पता चल गया कि हिन्दुस्तानी फ़ौज क्यूँ जीती. आप खुद जाकर सिपाहियों से मिल रहे हैं. उनकेआराम का ख्याल  रख रहे हैं. उनका खाना चखकर देख रहे हैं. हमारे यहाँ ऐसा नहीं होता. सेना के अफसर अपने आपको नवाबजादे समझते हैं.” मानेकशा को ये ख्याल था कि ये पाकिस्तानी अपने गाँव जायेंगे . वहाँ खटिया पर बैठेंगे, हुक्का पियेंगे. अपने गाँव वालों को युद्ध के किस्से सुनायेंगे .तब वो हमारे बारे में कहेंगे कि हिन्दुस्तान के लोग बुरे नहीं हैं ,उन्होंने हमारा ख्याल रखा. उनके मन में हमारे लिए नफरत का जलजला नहीं होगा.जब मानेकशॉ रिटायरमेंट के बाद पाकिस्तान गए तो पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी पगड़ी उतार कर उनके पैरों पर रख दी और उन्हें अपने भाइयों के साथ इतना बढ़िया सुलूक करनेके लिए दिलो जान से शुक्रिया कहा.






 १९७२ में उन्हें पद्मविभूषण दिया गया. १९७३ में उन्हें ;फील्ड मार्शल’ की उपाधि दी गई. वे जीवनपर्यन्त भारत के फील्ड मार्शल रहे. एक सार्थक भरी पूरी जिंदगी जीने के बाद 27 जून 2008 को उन्होंने अपनी आँखें सदा के लिए मूँद लीं.


रश्मि रविजा के फेसबुक वॉल से साभार।

शनिवार, 17 दिसंबर 2022

बिहार में हाहाकार : प्रेमकुमार मणि

 बिहार में एक बार फिर शराबबंदी चर्चा का विषय बना हुआ है। कारण सिर्फ जहरीले शराब से लगभग 70 लोगों की मौत ही नहीं है बल्कि माननीय मुख्यमंत्री का बयान भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रहा है। ऐसी स्थिति में साहित्यकार और नीतीश कुमार के करीबी रहे प्रेम कुमार मणि का आलेख गौरतलब है।

बिहार में हाहाकार 

प्रेमकुमार मणि 


 बिहार की राजनीति में पिछले सात वर्षों से शिक्षा ,स्वास्थ्य और रोज़गार जैसे मुद्दों की जगह शराब केंद्रीय विषय बना हुआ है. शराबबंदी ऐसी योजना है ,जिसपर पूरा सरकारी महकमा लगा हुआ है. कौन इस बात से इंकार करेगा कि शराब ख़राब चीज है. पुराने ज़माने से सभी धर्मों ने इससे बाज़ आने की सलाह दी है. हर धार्मिक नेता ने अपने अनुयायियों को इससे परहेज करने की सौगंध खिलाई है. राष्ट्रीय आंदोलन में गांधी जी ने इसे राष्ट्रनिर्माण से जोड़ कर देखा. राष्ट्रीय आंदोलन में शराबबंदी केलिए आंदोलन चलाए गए. इसीलिए जब बिहार में शराबबंदी हुई तब इसे सर्वदलीय समर्थन मिला. लेकिन सरकार ने जो शराबबंदी नीति बनाई वह सनक से भरी हुई है.  और तमाम मुश्किलें यहीं से शुरू होती हैं. पिछले सात वर्षों में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या कितनी होगी किसी ने इस पर गौर किया है ? यह संख्या नरसंहारों में मारे जाने वालों की संख्या से कहीं अधिक हो गई है. और इस विषय पर हम यदि गंभीर नहीं हैं ,तब इसका मतलब है कि हम जनता के प्रति संवेदनशील नहीं हैं. अभी उत्तर बिहार  से मौत की जो भयावह खबरें आ रही हैं.उससे कोई भी परेशान हो सकता है. लगभग साठ लोगों के मरने की खबर है. इसे लेकर विधानसभा में मुख्यमंत्री की जो प्रतिक्रिया आई वह बेहद अफ़सोस जनक है. वह इस पर दुःख व्यक्त करने की जगह संतोष व्यक्त कर रहे हैं कि जो पीएगा ,सो मरेगा. आश्रित परिजनों को मुआबजा देने से भी इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि शराब पीने वालों को कोई मुआबजा नहीं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मेरे व्यक्तिगत सम्बन्ध भी रहे हैं . मुझे हैरानी हो रही है कि जिस नीतीश कुमार को मैं जानता रहा वह अब पूरी तरह बदल गए हैं. ऐसे इंसान वह नहीं थे. इतना गुस्सा और और ऐसा अविवेकपूर्ण वक्तव्य उनकी फितरत में शामिल नहीं था. वह अपनी सौम्यता केलिए जाने जाते थे, आज अपनी  रौद्रता केलिए चर्चित हैं. उन्होंने विधानसभा और अपनी मर्यादा का तार -तार किया है. यह सब अत्यंत दुखद है. 

 

लेकिन चाहे जो हों, जैसे हों,मुख्यमंत्री तो वही हैं. इसलिए उन्ही से कुछ कहने केलिए अभिशप्त हूँ. मैं आदरपूर्वक अनुरोध करना चाहूंगा कि इस पूरे मामले पर वह  गंभीरता से विचार करें. 


1 .  मुख्यमंत्री का यह कहना कि शराब पीने वालों को मुआबजा नहीं दूंगा उनके अविवेक को प्रदर्शित करता है. शराब पीने वाले मर गए. मुआबजा उन्हें देना है, जो उनके आश्रित हैं. वे लोग तो आपके शराबबंदी के भरोसे थे. उनके मृत परिजन को आपका सिस्टम जहरीली शराब मुहैय्या करा रहा है इसमें उन मासूम आश्रितों का क्या दोष है? मुख्यमंत्रीजी , आपकी यह उदासीनता क्या केवल इसलिए हैं कि मरने वाले दलित -पिछड़े और गरीब -कमजोर परिवारों से हैं ? 

2 . मुख्यमंत्री को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि पुलिस महकमा और दूसरे आला अफसरों और सत्ताधारी और दूसरे रसूखदार राजनेताओं की मिलीभगत से अवैध शराब का धंधा अबाध गति से चल रहा है. हकीकत हैरान करने वाली है. 

3 . पूर्ण शराबबंदी सुनने में चाहे जितना सुन्दर लगे, इसे जमीन पर उतारना मुश्किल ही नहीं असंभव होगा. इसलिए इसे व्यावहारिक बनाया जाए ताकि यह आतंक का रूप न ले ले. समय -समय पर इसकी समीक्षा होनी चाहिए . पूर्ण शराबबंदी लक्ष्य अवश्य रहे. लेकिन उसे एकबारगी लागू करना पागलपन ही होगा. 

4 . शराबबंदी  केलिए जनजागरूकता इस तरह विकसित की जाय जिससे इसके प्रति अनाकर्षण पैदा हो.  भय एक सीमा तक ही कारगर होता है. 

5 . सरकार स्वयं  को शराब- केंद्रित नहीं कर दे. शराबबंदी कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है कि इसका उल्लेख आप अपने भाषणों में करें. एक सभ्य समाज में शराब केलिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. लेकिन इसकी ऐसी भी मनाही नहीं हो कि कोई एक घूंट पी ले तो उसे हथकड़ी पहननी पड़े . यह भी सभ्य समाज का लक्षण नहीं है. हमें बुद्ध की इस शिक्षा का ध्यान रखना होगा कि दोनों अतियों से बचो. मुख्यमंत्री हमेशा अतियों पर ही जोर देते हैं. याद कीजिए, शराब दरवाजे तक पहुँचाने वाले भी आप ही थे. 


और आखिर में चीन देश के ख्यात दार्शनिक लाउत्से की एक कथा ,जिसे आप को जानना चाहिए. 

लाउत्से के ज़माने में कुंग -फू -जो चीन के सम्राट का प्रधानमंत्री था, जो विद्वानों -जानकारों से सलाह -मशविरा किया करता था. कुंग एक दफा लाउत्से से मिला और पूछा बेहतर शासन केलिए क्या करना चाहिए. 

लाउत्से का जवाब था -कुछ मत करो. 

कुंग अवाक् थे. 

लाउत्से ने चुप्पी तोड़ी . कहा- शासक को निष्क्रिय दिखना चाहिए. जनता के काम में वह घुल -मिल जाए . राजा के काम जनता न करे और न जनता के काम राजा करे. अच्छे शासक वे होते हैं जिनके बारे में जनता कमसे कम चर्चा करती है. 

और ख़राब शासक ? ' कुंग -फू -जो ने लाउत्से से पूछा .

-- ' बुरे राजा वे होते हैं ,जिनके बारे में जनता रातदिन चर्चा किया करती है. जनता का काम जब राजा की चर्चा करना हो जाए ,तब समझो संकट की घड़ी है. ' 


शासन के बारे में पुरानी कहावत है, जितने अधिक कानून बनते हैं ,अपराधों की संख्या उसी अनुपात में बढ़ती है. 

मुख्यमंत्रीजी , शराब केंद्रित बिहार की राजनीति को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के वास्तविक मुद्दों से जोड़िए. चमचा युग से बिहार को बाहर कीजिए.



आलेख वह चित्र प्रेम कुमार मणि के फेसबुक वॉल से साभार।

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022

कविता और साम्प्रदायिकता: असगर वजाहत

प्रख्यात साहित्यकार असगर वजाहत साहब अक्सर चिंतनशील वह समसामयिक विषय पर अपनी टिप्पणी लिखकर फेसबुक पर शेयर करते रहते हैं। उन्हीं आलेखों में से एक गौरतलब आलेख यह भी है। पढ़ें।




 कविता और साम्प्रदायिकता


ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में हिंदी के शिक्षक डॉ. इमरै बांगा का ई-मेल मिला कि वे कक्षा में मेरा नाटक "जिस लाहौर नई देख्या......" पढ़ा रहे हैं। छात्रों को नाटक बहुत पसंद आया है और वे नाटक के संबंध में मुझसे कुछ बात करना चाहते हैं । निश्चित समय और तारीख का बातचीत शुरू हुई है। कुछ मौखिक रूप से और कुछ ईमेल के द्वारा छात्रों ने जो सवाल पूछे वे काफी महत्वपूर्ण थे। एक सवाल था कि नाटक में उर्दू के प्रसिद्ध कवि नासिर काज़मी को एक पात्र के रूप में क्यों रखा गया और क्या कविता सांप्रदायिकता समाप्त करने या कम करने की दिशा में है कोई भूमिका निभा सकती है?

भारत विभाजन की त्रासदी और  अव्यावहारिकता को बड़ी शिद्दत से लेखकों / कवियों ने व्यक्त किया है। यह कहा जा सकता है कि भारत विभाजन की त्रासदी पर हिंदी उर्दू में लिखा गया साहित्य बीसवीं शताब्दी के श्रेष्ठ साहित्य में गिना जाएगा। इसके माध्यम से न केवल भयानक मानवीय त्रासदी उभर कर सामने आती है बल्कि निरर्थक विभाजन पर भी बहुत गंभीर सवाल उठाए गए हैं। धर्म के आधार पर राजसत्ता पाने की लालसा में किस प्रकार देश - समाज को बांटा गया और लाखों लोगों की जानें चली गई।बदले की भावना ने आदमी को जानवर बना दिया। धर्म का नाम लेने वालों ने सब से अधिक अधर्म किया। 

नाटक में विभाजन पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की गई है बल्कि नासिर काज़मी की कविता के माध्यम से पूरी भयावहता को व्यक्त किया गया है।


सवाल का दूसरा हिस्सा भी बहुत महत्वपूर्ण है। क्या कविता सांप्रदायिकता को समाप्त करने या कम करने में कोई भूमिका निभा सकती है ?

कवि सांप्रदायिक  दंगा रोकने के लिए न तो सड़क पर निकल सकता है और  न तो कोई हथियार चला सकता है, न किसी का वार रोक सकता है। वह केवल लोगों से दंगा न करने की अपील कर सकता है। लेकिन उस समय उसकी अपील पर कौन ध्यान देगा? बल्कि उसकी दख़ल देने का उल्टा असर हो सकता है। अर्थात अपील करने वाले की ही हत्या की जा सकती है। उदाहरण के लिए कानपुर के दंगों में मुस्लिम सांप्रदायिक गुंडों द्वारा हिंदी के बहुत सम्मानित और वरिष्ठ पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की हत्या कर दी गयी थी।


कविता का बुनियादी काम लोगों को संवेदनशील बनाना है। यह काम बहुत समय तो लेता है लेकिन बहुत पक्का होता है। यह भी सच्चाई है कि समाज को  संवेदनशील और मानवीय बनाने का और कोई रास्ता नहीं है। मतलब यह कि संविधान और कानून बना कर किसी समाज को संवेदनशील नहीं बनाया जा सकता। राजनीति,सरकार या प्रशासन भी समाज को संवेदनशील नही बना सकते। 

समाज को संवेदनशील बनाने का काम कविता, साहित्य और कलाएं ही करती हैं।

संवेदनशील समाज में हिंसा/ साम्प्रदायिकता  जैसी प्रवित्तियों पर लगाम लगती है।

इन तथ्यों के आलोक में नासिर काज़मी की भूमिका को देखना चाहिए।

अ. व.

शराबबंदी पर लेख लिखें- दीपक दक्ष

यूं तो दीपक दक्ष पेशे से पत्रकार हैं लेकिन उनके साहित्यानुराग की गवाही उनकी कलम ही देती है। इनकी रपट भी इतनी सहज और आम बोलचाल के भाषा में होती है कि आपको अंदर तक गुदगुदा जाती है। एक बार फिर से जब शराबबंदी पर बिहार में बबाल मचा हुआ है तो दीपक दक्ष ने अपने अंदाज में शब्दों से खेलते हुए देखिए कि शराबबंदी पर कैसा लेख वो लिख गए हैं।




 शराबबंदी पर लेख लिखें...

........................................

               शराबबंदी

........................................

शराबबंदी एक आफत है। एक अप्रैल 2016 से बिहार में आयी है। इस आफत से पियक्कड़ सब हांफत है। हंफनी की बीमारी बढ़ती जा रही है। पियक्कड़ों का कहना कि  ई अजबे निर्णय है...गजबे निर्णय है... निर्णय हंगामा मचवाने वाला है..पटका पटकी करवाने वाला है...


  वास्तव में , शराबबंदी ने समाज के एक वर्ग को बुरी तरह प्रभावित किया है । यह समाज बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन प्रभावी है। नशे में हल्ला मचाने के लिए कुख्यात है। इसे पियक्कड़ समाज कहते हैं। जब से शराबबंदी हुई है, तब से यह गम में डूब गया है। इस समाज के लोग पिटाइल प्रेमी की तरह सुथनी जइसा मुंह बना कर घूम रहे हैं। अकेले में बैठ कर अपनी प्रेमिका शराब को याद कर रहे हैं । गीत गा रहे हैं- तू जो नहीं है तो कुछ भी नहीं है , ये माना कि महफिल जवां है, हंसी है.... जब से प्रेमिका से दूर हुए हैं , तब से अर्थशास्त्र का ज्ञान जागृत हो गया है। घर, समाज उजाड़ने वाला पुराना डाटा किनारे लगाकर,  नया डाटा पेश कर रहे हैं- 3 लाख से अधिक आदमी सुखले जेल में चल गया... 6000 दुकानें बंद हो गयी... शराब क्षेत्र का रोजगार घट गया... बेरोजगारी बढ़ गयी... सालाना 4000 करोड़ का नुकसान हो रहा है... शराब माफिया मालामाल है... पुलिस दारोगा धन्नालाल हैं....


दरअसल शराबबंदी शुरू होते ही पियक्कड़ समाज को अपनी  इमेज की  चिंता सताने लगी । इस समाज के विद्वतजन कह हैं कि

 हर दिन पियक्कड़ प्रतिभा की बेइज्जती हो रही है... कमर में रस्सा बांध के अउर फोटू खिंचवा के पेपर में छपवाया जा रहा है, ई बढ़िया बात नहीं है...पियक्कड़ प्रतिभा के साथ घोर अन्याय है...शादी विआह में दिक्कत हो रही है भाई...रस्सा बंधल फ़ोटो वायरल हो जा रहा है..  फ़ोटो देख अगुआ बिदक जा रहा है .... गुंजनवा के तिलक  में गजबे हो गया...रस्सा बंधल फ़ोटो तिलकहरु सब में बंट गया...बिआह कट गया.... लड़की के प्रेमी का चाल सफल हो गया यार....वास्तव में,  पियक्कड़ प्रतिभा को पटकने की यह बड़ी साजिश है... एक सोची-समझी चाल है... प्रतिभा कुचलने की चाल... पियक्कड़ जमात को हाशिए पर डालने की चाल...


पियक्कड़  संघ का कहना है कि शराबबंदी के कारण देश कमजोर हो रहा है।  कार्य क्षमता घट रही है। उदाहरण के लिए----- पत्रकार,   खुशवंत सिंह बनने से वंचित हो रहे हैं... इनके पास लिखने के लिए नया आईडिया नहीं आ रहा है... इनके बॉस भी नया आईडिया दे नहीं पा रहे हैं...  दिमाग की बत्ती जलाने के लिए बॉस को रात 11 बजे  का इंतजार करना पड़ रहा है।  फिर  भी पत्रकार वाला भूतवा नहीं जाग रहा है...


शराबबंदी के कारण  पार्टियों की इमेज पलटनिया मार रही है ।  पइसावाली पार्टी को लोग भिखमंगा झूठा पार्टी कह रहे हैं और नेताजी भी जान रहे हैं कि वोट की खरीदारी ठीक से नहीं हो पा रही है। वोटिंग प्रतिशत गिर रहा है।  रंगबाजी फीकी पड़ रही है। अगर यही स्थिति रही तो अगला चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा।   काला धन वाला सूटकेसवा धरले रह जायेगा...


दूसरी तरफ साहब संघ का कहना है कि अफसरों की महफिल नहीं जम रही है...इट्स नॉट गुड... साहबी शान नहीं दिखा पा रहे हैं भाई...रात के अंधेरे में दुबक कर पीना पड़ रहा है भाई... नहीं तो हवाई जहाज पकड़कर दिल्ली जाना पड़ रहा है ...।


 कर्मचारी संघ कह रहा है कि जबरदस्ती झारखंड में जाकर काम चलाना पड़ रहा है....संडे वाली छुट्टी  जसीडीह जंक्शन पर बीत जा रही है ... 


डॉक्टर्स क्लब का कहना है कि आमदनी घट गई है। अस्पतालों में उल्टी, अनपच,घटना- दुर्घटना के मरीज कम पहुंच रहे हैं... मेडिकल क्षेत्र अब पहले जैसा नहीं रहा... 


 इंजीनियर- ठेकेदार की जोड़ी कह रही है कि अब पहले जैसी पटरी नहीं बैठ रही है...एक-दूसरे को पटाने में परेशानी हो रही है... हां  बहुते परेशानी हो रही है...एक बोतल शराब की कीमत आप क्या जानोगे रमेश बाबू...


जब से शराबबंदी हुई है कलाकार संघ भी सदमे में है। दिन-रात बस एक ही गीत गा रहा है- हम तुम्हें चाहते हैं ऐसे,  मरने वाला कोई जिंदगी चाहता है जैसे.... आ भी जा आ भी जा....


अंत में कहा जा सकता है कि बिहार ज्ञान की भूमि है। बुद्ध,  महावीर की भूमि है। जेपी की भूमि है। विद्रोह की भूमि है। कुरीतियों के खिलाफ तन कर खड़े होने वालों की भूमि है। शायद इसीलिए शराबबंदी की गई है। 

 लेकिन शराब बंदी के बहाने संस्कारी पियक्कड़ समाज को हतोत्साहित किया जा रहा है। शराबबंदी ने  पियक्कड़ वर्ग को झकझोर कर रख दिया है । पियक्कड़ों पर केंद्रित पार्टियों की पहचान संकट में है। वोटिंग का गणित गड़बड़ा गया है। 


 नवही लइकन को  एंग्री यंग मैन बनने से रोक दिया है।  बरात की शान घट रही है।  नागिन डांस, अजगर डांस में बदल रहा है...गोली-बंदूक की बिक्री घट रही है। सामियाना में छेद नहीं हो रहा है। चखना का व्यापार मंदी की मार झेल रहा है ....


दूसरी तरफ कोई राजा राममोहन राय की तरह आगे बढ़ रहा है .... विरोध की परवाह नहीं कर रहा है ...अर्ध नंगे फकीर के विचारों के साथ चल रहा है... क्योंकि अर्धनंगे फकीर ने भी एक बार कहा था--- अगर मुझे एक दिन के लिए तानाशाह बना दिया जाए तो एक झटके में देश के सभी शराब दुकानों को बंद करा दूंगा.... वहीं पियक्कड़ समाज प्रेमिका शराब की याद में आंसू बहाते हुए गा रहा है---

मुझको ये तेरी याद क्यों आती है/ इतना बता मुझको ये क्यों सताती है....


दीपक दक्ष के फेसबुक वॉल से साभार।