शनिवार, 30 दिसंबर 2017

लोहियाजी का हिन्दी का सपना अधूरा ही रह गया -सुशील कुमार भारद्वाज

लोहियाजी का हिन्दी का सपना अधूरा ही रह गया
-सुशील कुमार भारद्वाज

भारत के स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर चिन्तक एवं समाजवादी राजनेता डॉ राम मनोहर लोहिया बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे जब से इन्होंनें होश संभाला तब से ही देश और समाज के लिए समर्पित हो गए. बचपन में ही माँ(चन्दा देवी) का हाथ हमेशा के लिए छूटने के बाद वे अपने पिता हीरालाल के साथ गांधीजी से मिलने जाने लगे। और गांधीजी के विराट व्यक्तित्व ने इन्हें काफी प्रभावित भी किया। लेकिन गांधीजी, नेहरूजी आदि से मिलने-जुलने और विचार–विमर्श के बाबजूद इन्होंने अपने व्यक्तित्व के अनुरूप खुद के लिए अपना एक नया रास्ता बनाया। कांग्रेस में विदेश प्रभाग को देखते हुए इन्होंने बहुत सारे विदेशी घटनाओं को करीब से देखा और उस पर विचार-मंथन किया। अपने समृद्ध अनुभव की ही वजह से लोहियाजी एक ही समय में अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाजवाद की परिकल्पना करने में सफल रहे। एक तरफ वे भारत-चीन, पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, तिब्बत, सिक्किम आदि के बीच अंतर्राष्ट्रीय विवाद एवं समस्या सुलझाने तथा भाईचारा कायम करने की दिशा में पहल करते हुए हिमालय नीति की प्रस्तावना करते थे तो दूसरी तरफ भारतीय समाज की मूल समस्याओं, वर्ण-व्यवस्था, भुखमरी, विषमता, गैरबराबरी, सांस्कृतिक दरिद्रता, गुलामी, सामंती उत्पीड़न पर विचार करते थे। और दाम बांधों, जाति तोड़ो, अंग्रेजी हटाओ, नर-नारी समानता, चौखंभा राज, खेतिहर मजदूरों, किसानों, कारीगरों के लिए वैचारिक सांस्कृतिक आंदोलन आदि भी चलाते थे।
लोहियाजी 'भारतीय समाजवाद' की परिकल्पना में अंग्रेजी भाषा को बाधा मानते थे। इन्होंनें तो लोकसभा में भी कहा कि-
“अंग्रेजी को खत्म कर दिया जाए। मैं चाहता हूं कि अंग्रेजी का सार्वजनिक प्रयोग बंद हो, लोकभाषा के बिना लोकराज्य असंभव है। कुछ भी हो अंग्रेजी हटनी ही चाहिए, उसकी जगह कौन-सी भाषा आती है, यह प्रश्न नहीं है। इस वक्त खाली यह सवाल है, अंग्रजी खत्म हो और उसकी जगह देश की दूसरी भाषाएं आएं। हिन्दी और किसी भाषा के साथ आपके मन में जो आए सो करें, लेकिन अंग्रेजी तो हटनी ही चाहिए और वह भी जल्दी। अंग्रेज गए तो अंग्रेजी भी  चली जानी चाहिए” ।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत जैसे विशाल एवं बहुभाषी देश में शासन और राजकाज के लिए सरकार ने अंग्रेजी के पक्ष में बहुत सारी दलीलें दीं लेकिन डॉ लोहिया ने सारी दलीलों से अपनी असहमति जताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि अंग्रेजी शोषण, गुलामी और भ्रष्टाचार की भाषा है। गरीब किसान और मजदूर न तो अंग्रेजी समझ पाएंगें न ही वे कचहरी में न्याय मांगनें में सफल हो पाएंगें और न ही वे अंग्रेजी में लिखे संविधान को आसानी से समझ पाएंगें। अंग्रेजी अन्याय की भाषा है।

हालांकि 1950 ई० में जब भारतीय संविधान लागू हुआ था तो यह प्रावधान किया गया कि 1965 ई० तक सुविधानुसार अंग्रेजी का प्रयोग किया जा सकता है लेकिन उसके बाद हिन्दी को राजभाषा का दर्जा प्राप्त हो जाएगा। लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों एवं सरकारी नौकरशाहों की व्यवस्था पर विचार करने के बाद लोहियाजी ने 1957 ई० में अंग्रेजी हटाओ मुहिम को सक्रिय आंदोलन में परिणत कर दिया। लेकिन अंग्रेजी हटाओ आंदोलन का सर्वाधिक विरोध दक्षिण भारत खासकर तमिलनाडु में हुआ हिंसक घटनाएं होनें लगीबाबजूद इसके वे हैदराबाद और मद्रास में सभाएं करते रहे 1961ई० में मद्रास में उनकी सभा पर पत्थर भी बरसाए गए 1962-63 में जनसंघ भी इस आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हो गया। कुछ छात्रों के आत्महत्या करने आदि की घटनाओं के बाद उन्होंने आंदोलन को रोक दिया
लोहियाजी 28जून 1962 को नैनीताल में कहते हैं- “अगर सन्‌ 1947 या 48 में ही सरकार ने अंग्रेजी को हटा दिया होतातो तटीय प्रदेश खुशी से उस नीति को मान लिए होते या कम से कम उनके विरुद्ध नहीं लड़ते। मैं यह साफ कर दूँ कि यह समस्या उत्तर और दक्षिण के बीच की नहीं हैबल्कि तटीय प्रदेशों और मध्य के प्रदेशों के बीच की है। अपनी नीतियों के कारण भारत सरकार ने एक ऐसी स्थिति बना दी है कि जिसमें तटीय और मध्य के प्रदेशों के बीच गड़बड़ हो सकती है। अब इसके सिवाय और कोई इलाज नहीं बचा है कि दिल्ली का काम दो विभागों में बाँट दिया जाए- एक अंग्रेजी का विभागताकि जो तटीय प्रदेश उसमें रहना चाहें तो वे उसमें जाएँऔर दूसराहिन्दुस्तानी का विभागजिसमें मध्य के प्रदेश रहें। इस तरह की नीति पर चलने से मध्य के प्रदेशऔर शायद गुजरात और महाराष्ट्र भीअपने ज्ञान-विज्ञान की शिक्षा में तेजी से उन्नति कर लेंगे और योजना और उद्योगीकरण में कहीं ज्यादा प्रगति करेंगे। मुझे आशा हैबाद मेंशायद वर्ष के अंदरइससे तटीय प्रदेशों का भी मन ललचाएगा कि वे भी हिन्दुस्तानी विभाग में आ जाएं और इस तरह समूचे देश के पैमाने पर वे अंग्रेजी का माध्यम खत्म करने का इरादा कर लें। श्री नेहरू की नीतियों के कारण तो हरेक आदमी को यकीन है कि तटीय क्षेत्रों और मध्य क्षेत्रों के बीच झगड़ा होकर रहेगा”
वहीं 'हिंदी के सरलीकरण की नीति (1962), भाषा (1966), हिन्दी बनाम अंग्रेजी, 'जाति, भाषा और दाम नीति', सामंती भाषा में लोकराज असंभव' आदि दर्जनों लेखों में लोहियाजी ने साबित करने की कोशिश की है कि अंग्रेजी के पक्ष में दिए गए सारे तर्क कमजोर एवं निराधार हैं। लोहिया ने तात्कालिक आंकड़े पेश करते हुए साबित किया कि ढाई अरब दुनिया में सिर्फ तीस करोड़ लोग अंग्रेजी जानते हैंतब फिर अंग्रेजी का ही इस्तेमाल क्योंअन्य अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं का क्यों नहींकेवल शासकों की भाषा ही क्योंउन्होंने यह भी तर्क दिया कि जर्मनी, जापान, सोवियत रूस, दर्शन, विज्ञान, गणित, तकनीक, उद्योग धंधों आदि में विकसित हैं तो अपनी मातृभाषा के कारण न कि अंग्रेजी के कारण। जहाँ तक अन्य भारतीय भाषाओं में अराजकता का सवाल है तो यह बिल्कुल ही बकवास बात है क्योंकि हिंदी ने राष्ट्रीय आंदोलन के दौर में लोगों को जोड़ने का काम किया है। वे उदाहरण के तौर पर समझाते हुए कहते हैं कि सन्‌ 1919-20 के आस-पास राष्ट्रीय आंदोलन इसलिए तीव्र हुआ क्योंकि गाँधीजी का आगमन हुआ और उन्होंने भारतीय भाषाओं में आंदोलन को साकार रूप दिया।
साथ ही वे हिन्दी का अन्य भारतीय भाषाओं से किसी बैर की बजाय इसे आपस में एक-दूसरे की पूरक भाषा मानते हैं। लोहिया हिंदी की जगह किसी भी तटीय प्रदेश की मातृभाषा को राजकाज की भाषा के रूप में स्वीकारने को तैयार थे लेकिन हिंदी की जगह अंग्रेजी के वर्चस्ववादी-साम्राज्यवादी रूप को स्वीकारने के पक्ष में नहीं थे। लोहिया मैक्समूलर का हवाला देते हुए कहते हैं कि उसने वेदों के अध्ययन के लिए संस्कृत सीखी लेकिन लिखा अपनी मातृभाषा जर्मन में। उसे मातृभाषा में चिंतन-मनन करने व लिखने के कारण ख्याति मिली।
लोहिया इस आरोप को भी सिरे से खारिज करते हैं कि अंग्रेजी हटते ही जनेऊधारी, चोटीधारी, दकियानूसी दाढ़ी वाले हावी हो जाएँगे। वे इस कथन के सख्त खिलाफ थे कि अपनी भाषाएँ प्रतिक्रियावादी हैं और विदेशी भाषा प्रगति की प्रतीक हैं। लोहिया सामंतवाद के चार आधार मानते हैं- सामंती भाषा, सामंती-भूषा, सामंती-भोजन और सामंती-भवन। उनकी दृष्टि में अंग्रेजी का इस्तेमाल सामंती जीवन का सबसे बड़ा खंभा है। भाषा का संबंध सत्ता एवं राज्य के साथ केवल सांस्कृतिक ही नहीं बल्कि सामाजिक, राजनीतिक-आर्थिक मसले से भी जुड़ा होता है। लोहिया की अंतर्दृष्टि ने मातृभाषा की शक्ति को पहचान लिया था।
इन सब के बाबजूद 1965 ई० की समयसीमा को देखते हुए दक्षिण भारत में अन्नादुरई के नेतृत्व में डीएमके पार्टी ने “हिन्दी हटाओ” अभियान को और आक्रामक रूप दे दिया जिसकी वजह से केंद्र सरकार को 1963 ई० में संसद में राजभाषा कानून पारित करना पड़ा जिसके अनुसार 1965 के बाद भी हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी का प्रयोग राजकाज में जारी रहेगा और वह आज तक जारी है
राममनोहर लोहिया के लिए भाषा की समस्या जातिवर्णगरीबीविषमता और गुलामी से कम महत्वपूर्ण नहीं थी। इसलिए उन्होंने भारत की भाषा नीति पर गंभीरता से विचार किया है। आजाद भारत की भाषा नीति कैसी हो?  इसके लिए सबसे व्यवस्थितमौलिक एवं विचारोत्तेजक स्थापना लोहिया ने दी। हालांकि इसके लिए वे गाँधीजी की भाषा नीति के भी ऋणी हैं। गाँधी जी ने ही भारतवासियों को यह शिक्षा दी कि देश की समृद्धिउन्नति एवं विकास मातृभाषा में चिंतन-मनन एवं कार्य करने से संभव है। साथ ही गाँधीजी यह भी कहते थे कि मैं नहीं चाहता कि मेरे घर के चारों ओर दीवारें खड़ी कर दी जाएं और मेरी खिड़कियाँ बंद कर दी जाएँ। मैं चाहता हूँ कि सब देशों की संस्कृतियों की हवा मेरे घर में चारों ओर से अधिक से अधिक स्वतंत्रता के साथ बहती रहे। मगर मैं किसी के झोंके में उड़ नहीं जाऊँ"।
     

लेकिन यह भी अजीब संयोग है कि डॉ लोहिया का सपना उनके असमय मृत्यु के साथ ही समाप्त हो गया और आज भी हिन्दी वहीं है जहां वर्षों पहले थी और अंग्रेजी आज भी उसी स्वरूप में है जिसके लिए डॉ लोहिया ने चेताया था

मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

नेहरूजी और बाबू वीर कुवंर सिंह के बीच से लोहिया जी गायब

नेहरूजी और बाबू वीर कुवंर सिंह के बीच से लोहिया जी गायब
-------------------------------------------------------

आज जब राजेंद्र नगर से लौटते हुए पटना जंक्शन से गुजर रहा था तो थोड़ा अजीब लग रहा था। भीड़ थोड़ी कम लग रही थी। शायद मौसम का असर रहा हो। फिर लगा कि शायद अतिक्रमण हटाया गया हो क्योंकि आज मीठापुर और चिड़ीयांटांड फ्लाईओवर को जोड़नेवाले नए पुल का भी उद्घाटन है। तीसरी बात कि ऑटो वाले को भी वहां से हटाकर बगल वाले मल्टिपार्किंग कम्पलेक्स में शिफ्ट कर दिया गया है।
इन सभी कारणों को सोच ही रहा था कि जंक्शन के ठीक सामने आते ही गोलम्बर में चमकते बुद्ध की मूर्ति पर नजर पड़ी। कभी इस गोलम्बर में एकलौते नेहरूजी की प्रतिमा चमकती नजर आती थी। लेकिन आज उनकी स्थिति देखकर थोड़ा दुख हुआ। बेचारे धूल-गंदगी में नहाए हुए थे जबकि बुद्ध यूँ चमकते हुए मुस्कुरा रहे थे कि लगा उन्हें अभी-अभी ही ग्यान की प्राप्ति हुई हो।खैर, महावीर मंदिर के ठीक सामने पुल पर ही मंच सज कर तैयार था। आगे बढ़ा तो जीपीओ गोलम्बर के पास आते ही लोहिया जी की याद आई। गोलम्बर तो ज्यों का त्यों ही है बस बेचारे लोहिया जी की मूर्ति वहां नहीं थी। कुछ वर्ष पहले ही वहां से हटा दिया गया था। हटाने की वजह क्या थी?- ये बात तो राजनेता ही बेहतर जानें! हम तो बस इतना ही जानते हैं कि एक छोड़ पर नेहरूजी मार्ग दिखा रहे थे तो आर ब्लॉक में चौराहा पर बाबू वीर कुंवर सिंह अपने घोड़े पर तलवार लहराते नजर आते थे तो बीच में लोहिया जी ही गरीबों -मजदूरों को पनाह देते थें। वहीं लोग सब्जी, पान, आदि की दुकान सजाए नजर आते थे।
जब आर ब्लॉक पहुंचा तो देखा कि बाबू वीर कुवंर सिंह भी धूल-गर्द में सने हुए थे। फ्लाईओवर बनाने में लगे मजदूर उनकी मूर्ति के चारों ओर इतने गड्ढे बना दिए हैं कि कभी-कभी डर लगने लगता है कि बेचारे का घोड़ा न कहीं लुढ़क जाए।
खैर, पटना बदल रहा है। पटना की आबोहवा बदल रही है। राजनीति बदल रही है फिर नेहरूजी को थोड़ा गंदगी से एलर्जी की बीमारी थोड़े ही न हो जाएगी! रही बात बाबू वीर कुवंर की तो स्वतंत्रता सेनानियों को अब कौन पूछता है? अब तो ये भी नहीं पता चलता साफ-साफ कि उनकी महत्ता किसी दल के लिए मायने भी रखता है?
★★★★★★★★★★★★★★
सुशील कुमार भारद्वाज

सोमवार, 25 दिसंबर 2017

सुरेन्द्र स्निग्ध और विनय कंठ को प्रलेस द्वारा श्रद्धांजलि एवं काव्य-गोष्ठी




गत दिनों पटना में कवि, उपन्यासकार, संपादक एवं अध्यापक प्रो सुरेन्द्र स्निग्ध की गंभीर बीमारी की वजह से असमय मृत्यु हो गई. शोकसंतप्त साहित्यकार, रंगकर्मी एवं अध्यापक समेत सभी संबद्ध लोग विभिन्न बैनर तले देश के विभिन्न हिस्से में अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए प्रगतिशील लेखक संघ की पटना इकाई के तत्वाधान में आज 25 दिसंबर 2017 को लेखराज परिसर, पटेल नगर में दिवंगत साहित्यकार सुरेन्द्र स्निग्ध की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा तथा काव्य-गोष्ठी का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि प्रभात सरसिज तथा संचालन प्रलेस की सचिव डॉ रानी श्रीवास्तव ने किया. इस अवसर पर जहां रानी श्रीवास्तव ने सुरेन्द्र स्निग्ध की दो कविताओं 'अंतिम एकांत' तथा 'वर्षा' का पाठ किया वहीं वरिष्ठ कवि एवं कथाकार डॉ शिवनारायण ने सुरेन्द्र स्निग्ध के संस्मरण सुनाते हुए उनके प्रारंभिक जीवन से अब तक के संघर्ष एवं उनके व्यक्तित्व पर चर्चा की.



दूसरे सत्र में कवि शिवनारायण, शहंशाह आलम, समीर परिमल, रबिन्द्र के दास, अनिल विभाकर, राजकिशोर राजन, विजय प्रकाश, सुजीत वर्मा, ज्योति स्पर्श, नवनीत कृष्ण, गणेशजी बाग़ी, इति मानवी, राजेश कमल आदि ने अपनी कविताओं का पाठ किया. जबकि सुशील कुमार भारद्वाज ने एक लघुकथा सुनाई.



काव्य-गोष्ठी के बीच ही खबर मिली कि बिहार इप्टा के संरक्षक मंडल के सदस्य व जनपक्षधर शिक्षाविद प्रो विनय कुमार कंठ का भी आज असमय निधन हो गया. जिसके बाद अध्यक्ष से बातचीत के बाद दोनों ही कलाप्रेमी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक साथ दो मिनट का मौन रखा गया. सभा का समापन गौरव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.


सोमवार, 11 दिसंबर 2017

पटना पुस्तक मेला 2017 का ज्ञान भवन में खुशनुमा अनुभव : सुशील कुमार भारद्वाज

पटना पुस्तक मेला 2017 का ज्ञान भवन में खुशनुमा अनुभव
-सुशील कुमार भारद्वाज



पटना पुस्तक मेला 2017 कई कारणों से इस बार चर्चा में रहा. यह मेला न सिर्फ ऐतिहासिक रूप से पहली बार ज्ञान भवन में आयोजित हुआ बल्कि इसकी सजावट की वजह से इसका कुछ लोगों ने तंज कसते हुए “पटना पुस्तक मॉल” तक का नया नामकरण कर दिया. इसे साहित्य के शिफ्टिंग के रूप में भी देखा गया. कहा गया कि जैसे साहित्य आम जनों से कटकर कुछ खास लोगों तक सिमट गया है ठीक उसी तरीके से मेला को भी शिफ्ट करके हाइजैक किया जा रहा है. यह वातानुकूलित माहौल वालों के लिए ही रह जाएगा. दिल्ली के प्रगति मैदान में लगने वाला मेला से तुलना करते हुए कहा गया कि वहां का भी मेला कुछ इसी तरीके का होता है लेकिन है तो वह मैदान ही न? जहां थोड़ा खुलापन भी है. आम जन तो कंक्रीट के इस भव्य भवन को देखकर ही अंदर आने से पहले कई बार सोचेंगें कि जाया जाय या नहीं? लेकिन पटनावासियों ने इन सभी गलत धारणाओं को ध्वस्त करते हुए मेले का तहेदिल से स्वागत किया और मेले में अपनी उपस्थिति से मेले का रौनक बढ़ाया.


सच बात तो ये है कि इस बार का मेला आयोजकों के लिए भी किसी चुनौती से कम नहीं था. यह आयोजकों के द्वारा तय किया गया जगह नहीं था बल्कि राज्य के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के आग्रह का सम्मान मात्र था. पटना पुस्तक मेला अपने 32 वर्षों के सफर में गाँधी मैदान से अलग सिर्फ पाटलिपुत्रा के मैदान में ही लगा था जहां का अनुभव भी बहुत ही रोमांचकारी नहीं रहा था. सीआरडी के अध्यक्ष श्री रत्नेश्वर सिंह हमेशा कहते रहे- “हमलोगों के लिए भी यह पहला अनुभव है. हमलोग भी फीडबैक ले रहे हैं और मुख्यमंत्री जी को इससे अवगत कराएंगे. उसके बाद देखा जाएगा कि अगली बार मेले का आयोजन गाँधी मैदान में होगा या कहीं और?”.



लेकिन 24वें पटना पुस्तक मेला 2017 में भी पहले की परम्परा को बरकरार रखते हुए न सिर्फ विभिन्न कला क्षेत्रों में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कारों की घोषणा की गई बल्कि कविता कार्यशाला का भी आयोजन प्रसिद्ध शायर संजय कुंदन और कवि आलोक धन्वा के नेतृत्व में करवाया गया. एक तरफ ज्वलंत मुद्दों पर नुक्कड़ नाटक से जागरूकता फ़ैलाने की कोशिश की गई तो हर दिन विभिन्न समसामयिक एवं जरूरी मुद्दों पर चर्चा-परिचर्चा का भी आयोजन किया गया. जिसमें बिहार के स्थानीय साहित्यकारों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विचारकों के अलावे देश के विभिन्न राज्यों से आए लब्धप्रतिष्ठित एवं ख्यातिप्राप्त विद्वतजन भी शरीक हुए. अल्पना मिश्र, प्रेम भारद्वाज, अनंत विजय, उर्मिलेश, केदारनाथ सिंह, लीलाधर मंडलोई, सुधीश पचौरी, शिवमूर्ति, आदि समेत विभिन्न लोग इस मेला के साक्षी बने तो बिहार के पद्मश्री उषाकिरण खान, अरुण कमल, वरिष्ठ आलोचक खगेन्द्र ठाकुर, हृषिकेश सुलभ, कर्मेन्दु शिशिर, अवधेश प्रीत, सत्यनारायण जी, आशा प्रभात, गीताश्री, लन्दन से वर्षों बाद पटना आईं शिखा वार्ष्णेय, संतोष दीक्षित, शिवदयाल, प्रेमकुमार मणि, संजीव चन्दन, भावना शेखर, निवेदिता शकील, नीलिमा सिंह, सुनीता गुप्ता, स्मिता, रामधारी सिंह दिवाकर, विनय कुमार, अरविन्द पासवान, श्रीकांत, व्यासजी, दीवानजी, अनिल विभाकर, अनीस अंकुर, पुष्यमित्र, समेत कई गणमान्य लोग लगभग हर दिन मेला की शोभा बने. आयोजकों ने अपनी परम्परा को बरक़रार रखते हुए मनीषा कुलश्रेष्ठ को पहली बार पटना बुलाया. जो कि इस बार के मेला थीम- “लड़की को सामर्थ्य दो, दुनियां बदल देगी” के भी अनुकूल रहा.




पटना पुस्तक मेला 2017 में यदि लोगों को स्टालों के बीच खाने-पीने की चीजों के लिए तरसना पड़ा. खिली धूप में हरी घास पर बैठकर ठहाके लगाने और मस्ती करने से महरूम रहना पड़ा तो चकमक करती फर्श पर उन्हें कहीं भी धूलकण नहीं मिला. ठंडी–गर्मी के मौसमी एहसास से दूर रहे और सबसे बड़ी बात की शौचालय आदि की आधुनिकता का एहसास कराती सारी सुविधाएं मौजूद थीं. मेला परिसर को साफ़-सुथरा रखने के उद्देश्य से चाट-समोसा आदि का ठेला लगाने वालों को ज्ञान भवन और बापू सभागार के बीच वाले इलाके में जगह दिया गया जिस पर लोगों की निगाह मेले से बाहर निकलते वक्त पड़ती थी. फिर भी काफी लोग गाँधी मैदान के खुलेपन को याद कर रहे थे तो इसे भदेस गंवई और आधुनिकता की सांस्कृतिक लड़ाई मानी जा सकती है. कुछ लोगों का कहना था कि अचानक से आया बदलाव तुरंत रास नहीं आता है. एक-दो साल यहां आयोजन हो जाएगा तो लोग गाँधी मैदान की बात लोग भूल जाएंगें. जबकि कुछ लोगों का स्पष्ट विचार था कि दोनों का अनुभव अपनी –अपनी जगह पर सही है किसी को खराब या बेहतर नहीं कहा जा सकता है.



कुछ प्रकाशकों की शिकायत थी कि किराया जिस हिसाब से आयोजकों ने लिया है उस हिसाब से रैक आदि की सुविधा नहीं दी गई है. जबकि कुछ का कहना था कि प्रवेश शुल्क हटा लिया जाना चाहिए. राजकमल प्रकाशन के अलिंद महेश्वरी कहते हैं- “इन्हें बाहर में भी प्रकाशकों का बोर्ड –बैनर लगाने की सुविधा देनी चाहिए या आयोजक अपने स्तर से ही लगाएं ताकि लोग जान सकें कि कौन-कौन आएं हैं और किस स्टाल पर हैं?” अन्तराष्ट्रीय मेला के आयोजन के संबंध में अलिंद कहते हैं- “इन्हें इंफ्रास्ट्रक्चर में थोड़ी सुधर करने की जरूरत है. शैक्षणिक संस्थान आदि जैसे स्टालों को यदि अलग फ्लोर पर कर दिया जाए तो कुछ संभव है.” वहीं वाणी प्रकाशन की अदिति महेश्वरी का मानना है कि- “अन्तराष्ट्रीय मेला का आयोजन यहां करवा पाना थोड़ी जल्दबाजी कही जा सकती है. ये हिन्दी बेल्ट है. अंग्रजी के प्रकाशक आने के लिए शायद तैयार आसानी से न हों. एक प्रकाशक की बात अलग कर दी जाए तो अंग्रेजी के कितने प्रकाशक और कितनी किताबें हैं? फिर दूतावास से संपर्क आदि प्रक्रिया बिना सरकारी सहयोग के कितना संभव है?” कुछ प्रकाशक उल्टे सवाल पूछ रहे थे कि- “मेला में बिहार सरकार की सहभागिता का क्या मतलब है जब किराया इतना वसूला ही जा रहा है?”



जबकि दूसरी ओर मेले में प्रवेश शुल्क भी पहले ही की तरह दस रूपया रखा गया जिससे कि लोगों को कोई कठिनाई नहीं हुई. हां, इस बार के मेले में गाँधी मैदान में यूं ही मंडराने वाले लोग कम ही दिखे. अधिकांश साहित्यप्रेमी, लेखक या जरूरतमंद ही थे जबकि कुछ युवा यूं ही सेल्फी का मजा ले रहे थे जिनको आयोजक प्रोत्साहित भी कर रहे थे ताकि वे सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहें. यहां तक की मेले के अंत में बेस्ट सेल्फी वालें को पुरस्कृत करने की भी बातें हो रही थी.


कुछ लोगों की शिकायत थी कि ज्ञानपीठ, सामयिक आदि जैसे प्रकाशक नहीं आ पाए हैं जहां से सस्ती और जरूरी किताबें मिल जाती थी. लेकिन गौरतलब है कि प्रतिश्रुति जैसे कई प्रकाशक भी पटना पुस्तक मेला में पहली बार आएं हैं. हां, इस बार मिथिला, राजस्थान, गोंड, बंगाल, आदि से आने वाले हस्तशिल्प कला आदि के स्टालों का पूर्ण अभाव था लेकिन आध्यात्म, ज्योतिष कला से संबंधित किताबों, पत्थरों आदि के स्टाल जरूर नज़र आए. हिन्दी की ही तरह उर्दू भाषा की कुछ आध्यात्मिक-गैर-आध्यात्मिक स्टाल भी नज़र आए तो अकादमिक एवं बच्चों के लिए भी किताबों और स्टेशनरी की भी स्टालें जमी हुईं थीं. सरकार की ओर से आपातकालीन स्थिति से निपटने और मद्यपान निषेध जागरूकता के लिए भी स्टाल लगाए गए थे तो शैक्षणिक संस्थानों के भी.



इस बार भी गत वर्षों की तरह मेले में पाखी परिचर्चा का आयोजन हुआ हुआ जहां आशा प्रभात और अमीश त्रिपाठी की अनुपस्थिति में उनकी किताबों के बहाने राम और सीता के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर जम कर चर्चा हुई. जहां अमीश की किताब को ख़ारिज करते और आशा प्रभात की किताब का समर्थन करते ही अधिकांश वक्ता नज़र आए. आयाम, जनशब्द आदि के बैनर तले कविता पाठ हुए तो शेरो-शायरी का भी दौर चला. साथ-ही-साथ नए-नए युवा कवि-कवित्रियों ने भी अपने जलवे दिखलाए. मेला में सिर्फ स्त्री-पुरूष को ही मंच नहीं मिला बल्कि किन्नरों ने भी कस्तूरबा मंच पर निवेदिता शकील से बात करते हुए अपनी भावनाएँ व्यक्त की अपने हक की बात की.


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेला के उद्घाटन सत्र में सरयू राय की समय की लेख और रत्नेश्वर सिंह की रेखना मेरी जान के लोकार्पण समारोह में अपने सात-निश्चय और दहेजबंदी और शराबबंदी आदि जैसे  सामाजिक जागरूकता के बहाने राजनीति करने की शुरुआत की तो पूर्व सांसद अली अनवर की किताब का लोकार्पण करते समय रशीदन बीबी मंच से ही शिवानंद तिवारी और पूर्व मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी नीतीश कुमार और भाजपा को अपने निशाने पर लिया. लालूजी के भाषण से पहले उनके एक प्रशंसक ने उसी मंच से “भाजपा भगाओं देश बचाओं” के तान पर एक गीत भी सुनाया.


हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले में लगभग हर दिन औसतन चार किताब का लोकार्पण किया गया. गीताश्री का पहला उपन्यास  हसीनाबाद, निवेदिता शकील की कविता संग्रह प्रेम में डर, सुजीत वर्मा का पहला अंग्रेजी उपन्यास ‘वाकिंग ओन द ग्रीन ग्रास, भावना शेखर की कविता संग्रह मौन का महाशंख, कथाकार कमलेश का पहला कहानी संग्रह दक्खिन टोला, प्रत्युष चंद्र मिश्र का कविता संग्रह पुनपुन और  अन्य कविताएं, बाढ़ और सरकार, रानी पद्मावती आदि प्रमुख रहीं. जबकि राजकमल प्रकाशन की ओर से रविवार के दिन एक साथ तीन-तीन किताब का लोकार्पण कस्तूरबा मंच पर लीलाधर मंडलोई, और अरुण कमल आदि की उपस्थिति में किया गया. जिसमें अवधेश प्रीत की बहुप्रतीक्षित छात्र-युवा राजनीति पर केंद्रित पहला उपन्यास ‘अशोक राजपथ’ थी. तो पुष्यमित्र की चम्पारण सत्याग्रह पर केंद्रित चम्पारण 1917 और विकास कुमार झा की किताब गया-बोधगया पर केंद्रित ‘गयासुर संधान’ रही. जहां सभी वक्ताओं ने सभी लेखकों को शुभाशीष देते हुए उनकी रचनाओं की चर्चा की वहीं प्रभात खबर में ही चम्पारण पर लेख लिखने वाले एक वक्ता ने पुष्यमित्र की रचना की मंच से ही टांग खिंचाई करनी शुरू कर दी.

इस तरीके से सामरिक रूप में देखा जाय तो सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र में आयोजित पटना पुस्तक मेला 2017 सबों के लिए एक सफल अनुभव रहा. मेला के कन्वेनर अमित झा के शब्दों में- “इस बार के मेला से मैं बहुत खुश हूँ.” हिन्दी के ख्याति प्राप्त कवि अरुण कमल कहते हैं- “मेला यहाँ हुआ इसलिए मैं लगभग हर दिन यहां आ पा रहा हूँ और इतने लोकार्पण और चर्चाओं को सुन पा रहा हूँ वर्ना गाँधी मैदान के धूल में यह कहां संभव था?” दोनों शनिवार और रविवार को मेले में पैर रखने की भी जगह नहीं थी लेकिन यह भीड़ ग्राहक भी बनी इसकी सही जानकारी तो सिर्फ और सिर्फ प्रकाशक ही दे सकते हैं. 
सम्पर्क :- sushilkumarbhardwaj8@gmail.com
   ------------------------------------------------------


मंगलवार, 17 अक्टूबर 2017

पटना पुस्तक मेला 2017

आज की तारीक में #पटना_पुस्तक_मेला महज एक साहित्यिक एवं  सांस्कृतिक आयोजन मात्र नहीं है। यह साहित्य का वह संगम है जहां हर कोई कम-से-कम एक बार डुबकी जरूर लगाना चाहता है। जहां उन्हें अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एक बड़ा-सा मंच मिलता है। अखबारों में कवरेज के साथ-साथ साहित्य और कला से जुड़े दिग्गजों से रूबरू होने का भी मौका मिलता है। हर बार मेला में कुछ-न-कुछ अलग करने की कोशिश की जाती है। लोगों की सुख-सुविधाओं का विशेष ख्याल किया जाता है। बाबजूद इसके रास्ते में काँटे कम नहीं मिलते हैं। आयोजन में होनेवाली कठिनाइयों को तो लोग खुशी-खुशी झेल लेते हैं। अलग-अलग तरीके से मिलनेवाले दबाब को भी लोग सहन कर लेते हैं। लेकिन अपने ही जब राजनीति पर उतर आते हैं तो दु:ख तो होता ही है। आयोजक पर अनावश्यक दबाब बनाना। उन्हें घुड़की और धमकी देना कम-से-कम किसी साहित्यकार को तो शोभा नहीं देता! आयोजक तो कार्यक्रम को सफल से सफलतम बनाने के लिए एड़ी-चोटी एक करते हैं किसके लिए? इस साहित्यिक-सांस्कृतिक आयोजन से सिर्फ आयोजकों को ही फायदा होता है? क्या इसी के सहारे उनका घर-परिवार चलता है?
जी, नहीं हुजूर। पटना पुस्तक मेला, पटना की संस्कृति का एक अहम हिस्सा बन चुका है। यह बिहार को साहित्य के केंद्र में लाने की एक सार्थक और सफल मुहिम है। यदि आप अपने निजी स्वार्थवश इसे बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं तो आप आयोजक को नहीं बल्कि अपनी संस्कृति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। आपके लिए शिकायतों की झड़ी लगाना और काँटें बोना आसान हो सकता है लेकिन आपके लिए निर्माण करना बड़ा ही दुरूह कार्य होगा। आज पटना पुस्तक मेला जिस मुकाम और मजबूती पर है उसे और मजबूत किए जाने की जरूरत है। साहित्यकारों के साथ-साथ प्रकाशकों को भी प्रोत्साहित किए जाने की जरूरत है। देश और विदेश का ध्यान पटना की ओर खींचनें की जरूरत है। और शुभकामनाएं दें कि पटना पुस्तक मेला 2017 पिछले सारे रिकार्डों को तोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान रचे। इस बार तो मेले का आयोजन भी गांधी मैदान के उत्तर में बने नये ऑडोटोरियम में होगा। जहां न धूल के दर्शन होंगें न चिपचिपाती गर्मी का एहसास।
------------------

सुशील कुमार भारद्वाज

शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2017

जनेऊ (कहानी): सुशील कुमार भारद्वाज

जनेऊ  (कहानी)
सुशील कुमार भारद्वाज



रात में लोग सारी चिंताओं को दरकिनार कर सिर्फ गहरी नींद में सोना चाहते हैं. दिनभर की शारीरिक और मानसिक थकान को बिस्तर में ही छोड़ एक नई ऊर्जा के साथ नई सुबह में नई जिंदगी नए तरीके से शुरू करना चाहते हैं. लेकिन यह सुख आज मालिनी के नसीब में नहीं है. आँखों से नींद रूठ गई है. क्योंकि आज जिंदगी उसे धूल भरे अतीत के पन्नों में झाँकने के लिए मजबूर कर गई है. उस अतीत के पन्ने को, जिसे वह छूना नहीं चाहती है. वह तो सिर्फ हर गुजरते हुए दिन के साथ आगे ही बढना चाहती है. लेकिन आज वह बेबस है. उसकी सारी बुद्धि नाकाम हो गई है. वह लोगों पर हँसती थी कि सोने के लिए दवाई खाने की क्या जरूरत है? देह्तोड़ मेहनत तो करो! फिर देखो, नींद कैसे आती है. लेकिन पति से नींद की गोली मांगकर खाने के बाबजूद भी उसे आज नींद नहीं आ रही है. उसे सिर्फ याद आ रही है सुबह की घटना, जब वह सिर्फ असहाय मूरत बनी बैठी रही. गालियाँ सुनती रही. अपमानित होती रही. आज तक किसी ने उससे तेज आवाज में बात करने की हिमाकत नहीं की. हाथ उठाना तो बहुत दूर की बात थी. लेकिन आज प्रेम ने घर में घुसकर वह सबकुछ कर दिया जिसकी परिकल्पना किसी ने नहीं की थी. उसकी चोटी खींचकर प्रेम ने कुर्सी में बैठा दिया था और वह कुछ न कर सकी जबकि कॉलेज में विद्यार्थी कौन कहे? किसी प्रोफेसर की भी हिम्मत उससे बात करने की नहीं होती थी. और यह सब होता रहा उसके पति के सामने. वह पति जो रिटायर्ड प्रोफेसर ही नहीं है बल्कि राज्य में कैबिनेट मिनिस्टर का दर्जा प्राप्त पदाधिकारी भी है. कई आयोग का मेम्बर भी है. आखिर क्या हो गया पद, पैरवी और पैसा का? लोग तो कहते हैं कि धन और शानोशौकत की हवा में जाति –धर्म का बैरियर टूट जाता है. लेकिन आज वह अपनी जाति की ही वजह से पिटता रहा. दनादन थप्पड़ खाता रहा. क्या वह सिर्फ जाति का ही असर था जिसके भरोसे प्रेम सबकुछ आसानी से कर गया? हां. शायद वह सवर्णवादी मानसिकता ही थी जिसके आगे एक दलित का इज्जत रिरियाता हुआ नज़र आया. मालिनी को नज़र आया वह कच्चा-सुता जिसे ‘जनेऊ’ कहा जाता है. जिसकी सौगंध खाकर वह एक-एक शब्द बोल रहा था. मालिनी की आँखें फटी की फटी रह गई. लग रहा था जैसे उस जनेऊ के एक-एक धागे से असंख्य अदृश्य किरणें निकल रही थीं जिसने उन दोनों दम्पतियों को जकड़ रखा था. बेबस और लाचार कर रखा था. और प्रेम घंटे भर के तमाशे के बाद शांति से बगैर कोई खरोंच लिए–दिए वहां से चला गया.
मालिनी को याद आने लगी 5 जून 1974 का वह दिन– जब चिलचिलाती गर्मी से बेपरवाह लोग राज्य के सुदूर इलाके से पटना आए थे. दोपहर के बाद चार लाख से अधिक लोग गाँधी मैदान में जमा हो गए थे सिर्फ और सिर्फ जेपी को सुनने के लिए. सम्पूर्णक्रांति का साक्षी बनने के लिए. उस क्रांति का साक्षी बनने के लिए जिसका उद्देश्य सिर्फ इंदिरा गाँधी की सरकार को गिराना नहीं था. बल्कि इसी बहाने राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक क्रांति को सम्पूर्ण क्रांति के रूप में प्रस्तुत करना था. वर्षों से चली आ रही जड़ हो चुकी परम्पराओं को तोड़ कर एक नया समाज बनाना था. जात-पात, तिलक, दहेज और भेद-भाव छोड़ने का संकल्प लेना था. उस महायज्ञ की साक्षी मालिनी भी बनी थी. खचाखच भरे गाँधी मैदान के पूर्वी छोड़ पर वह अपने प्रोफेसर के साथ एक पेड़ के नीचे खड़ी थी. देख रही थी क्रांति के विस्फोट को. देख रही थी अद्भुत दृश्य को. लाखों की संख्या में लोग अपना जनेऊ तोड़ रहे थे और नारे से गाँधी मैदान गूंज रहा था- 
"जात-पात तोड़ दो, तिलक-दहेज छोड़ दो।
समाज के प्रवाह को नयी दिशा में मोड़ दो।"

स्वतंत्रता सेनानी जय प्रकाश नारायण अपनी दुनियां में खोए हुए थे भले ही उनके बारे में अफवाहें फैलती रहती थी. कांग्रेस पार्टी तो अक्सर उन्हें अपने निशाने पर ही रखती थी. शायद उन्हें तख्तापलट कर डर उन्हीं से सबसे ज्यादे था. जब विश्विद्यालयों में गिरते शिक्षा स्तर पर चिंता जताते हुए कुछ विद्यार्थियों ने आंदोंलन का नेतृत्व करने का आग्रह जेपी से किया तो उन्होंने भी कुछ शर्तों के साथ अपनी सहमती दे दी. उन्हें भी अपने ऊपर लगे आरोपों का जबाब देने के लिए एक मंच मिल गया था. लेकिन इस आंदोलन ने जिन किसी की भी जिंदगी बदली उनमें से मालिनी और प्रोफेसर चौधरी एक थे. वे दोनों अलग–अलग सामाजिक पृष्ठभूमि के होने के बाबजूद एक होते चले गए. प्रोफेसर साब भी पूरे दिल से मालिनी को अब श्रृंगार रस पढ़ाते-पढ़ाते श्रृंगार रस में डुबोने भी लगे थे. मालिनी को भी इस रस का ऐसा स्वाद लगा कि माता-पिता से जिद्द कर पहले वह होस्टल में रहने लगी फिर बेरोक-टोक सैदपुर में अकेले रह रहे प्रोफेसर के घर भी आने-जाने लगी. बात ऐसी नहीं थी कि प्रोफेसर साब अकेले थे. उनके पीछे उनकी पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता गंगा के उस पार उत्तरी बिहार के एक छोटे से गाँव में किसी तरह गुजर-बसर कर रहे थे. लेकिन उन्होंने हमेशा स्वयं को सबके सामने कुँवारा ही बताया. वो तो महज एक संयोग था कि मालिनी ने प्रोफेसर साब को रंगे हाथों पत्र पढ़ते पकड़ लिया तो राज खुला कि पिताजी ने घर बुलाया है -पत्नी की तबीयत बहुत खराब है. भूचाल आ गया था उसदिन. जिसे शांत करने में प्रोफेसर साब को पसीना छूट गया था. और मालिनी ने ऐसी चुप्पी साध ली थी कि प्रोफेसर साब की सारी बुद्धि रिरियाती नज़र आई. अंत में अपनी बात साफ़ –साफ़ कहने के सिवाय कोई चारा नहीं बचा उनके पास - "अच्छा तुम्हीं बताओं कि इसमें मेरी क्या गलती है? बारह साल कोई शादी की उम्र होती है?.... और शादी के कुछ ही दिनों के बाद तो वह अपने मायके चली गई... मैंने मैट्रिक की परीक्षा दी, तब जाकर कहीं ससुराल गया... वह भी कुछ ही दिनों के लिए. और बाद में पता चला कि मैं बाप भी बन गया. जिंदगी इतनी जल्दी बदलती चली जाएगी मुझे नहीं पता था. जबकि वो मेरे साथ कभी रही ही नहीं तो फिर मैं क्यों मान लूँ कि वो मेरा ही संतान होगा जबकि वो तो कईयों से हंसी–ठिठोली करती है. ऊपर से शक्ल न सूरत. मुझे तो घिन आती है. न रहने-सहने का सऊर न बोलने-चालने का ढ़ंग. पूरा का पूरा गोबर का चोथ. वो तो घरवालों की बात थी कि उसे घर में लाकर बैठा दिया हूं. और जब कभी घर जाता हूँ तो मजबूरी में उसके साथ सो लेता हूं. वर्ना कहाँ मैं प्रोफेसर और कहाँ वो अनपढ़ गँवार देहाती औरत... कहती है मैं ही उसका देवता हूँ जैसे मैं रखूँगा वैसे ही रहेगी. दोनों बेटे के सहारे ही वह पूरी जिंदगी गुजार लेगी. लेकिन मैं तो नहीं न गुजार सकता? सभा-सोसायटी में कैसे मैं उसे ले जा सकता हूँ? इज्ज़त-प्रतिष्ठा भी कोई चीज होती है कि नहीं?" 
इतना कुछ बोलने के बाबजूद भी मालिनी सिर्फ हूँ-हां करके वहां से चली आई. और कई दिनों तक वह प्रोफेसर साब से मिली तक नहीं. अपने कमरे में ही सिमटी रही. दुनियाभर की चिंताओं से घिरी रही. दुनियादारी और झूठ-फरेब की कहानियां पढ़ती और सुनती रही. सच और झूठ की परिभाषा खोजती रही? अपने जीवन की चिंता में वह गलती रही. जिसके प्रेम में घरवालों से लड़कर अलग हुई वही झूठा निकला तो वह किस पर भरोसा करे? कष्टकारी मानसिक द्वंद्व के बाद वह अपने घर लौटने की बात सोचने लगी. अभी तक घरवालों को कोई विशेष जानकारी इस रिश्ते की नहीं थी. सोचने लगी -पता नहीं बाद में क्या होगा? जब वह माँ से घर लौटने की बात की तो माँ बहुत डर गई. किसी अन्होनी के डर से उसका आवाज थरथराने लगा. उसकी कुशलता जानने के लिए तरह –तरह के सवाल कुरेदती रही लेकिन वह जबाब इतना ही देती रही कि “अब आगे कॉलेज करने की विशेष जरूरत नहीं है. वह सीधे परीक्षा में बैठ सकती है. फिर फिजूल में घर से बाहर क्या रहना?” अंत में माँ बोली- “पापा से बात करती हूं. जल्द ही तुम्हें वापस लिवा लावेंगें”. मालिनी को कुछ तसल्ली मिली. वह अपना सामान समेटने में लग गई. हर गुजरते दिन के साथ उसका दर्द नासूर बनके चुभता था. जिंदगी में सबकुछ उसे बेकार लगने लगा. बरसता हुआ हर बारिश का बूंद उसे पिघलता हुआ घाव नज़र आता था. एक दिन उसके पिता आए और कागजी खानापूर्ति करने के बाद उसे अपने साथ वापस घर ले गए. होस्टल छोड़ने के पहले वह अकेले में खूब रोई. खुद को खुद ही दिलासा देती रही. और सबकुछ भूलकर एक नई जिंदगी जीने का प्रण करती रही. कभी दुबारा प्रोफेसर का नाम नहीं लेने का प्रण करती रही. लेकिन कभी उसके मुँह से प्रोफेसर के लिए बददुआ नहीं निकली. चेहरे के भावों को नियंत्रित करना सीख गई थी लेकिन दिल और दिमाग के अंदर मचे कोहराम कभी उसे चैन से नहीं रहने देते थे. घर में अक्सर अपनी चंचलता से धमाल मचाने वाली मालिनी अब वह नहीं रही. जिंदगी को स्वीकारना सीख गई थी. गिला-शिकवा करना भूल गई थी. कम बोलना सीख गई थी. जिंदगी में सुखी रहने का मंत्र- कम खाना, गम खाना और कम बोलना सीख गई थी. लेकिन एकांत में कभी-कभी खूब रोती थी. कभी-कभी वह प्रोफेसर के साथ बने अपने रिश्ते पर खुद ही हँसती भी थी. कहती- “जिंदगी में एक प्यार भी नसीब नहीं हुआ. मिला भी तो शादीशुदा बाल-बच्चों वाला एक प्रोफेसर!”.
जब कभी घरवाले उससे पूछते -"सबकुछ ठीक तो है न? इतनी शांत क्यों रहती हो? देह गलते जा रहा है. खुद पर ध्यान दिया करो. सिर्फ पढ़ाई–लिखाई से ही सबकुछ नहीं होता है....." तो बीच में ही उनलोगों की बात काटते हुए साफ झूठ बोल जाती- "होस्टल में अकेले रहने की आदत पड़ गई है न! एकांत ही अच्छा लगता है. क्या और क्यों किसी से बेकार में बकबक करूँ?"  घरवाले उसके जबाब पर कंधा उचकाते और मुँह बनाते हुए शांति से आगे बढ़ जाते.
उस दिन जब मालिनी परीक्षा फॉर्म भरने विश्वविद्यालय पहुंची तो प्रोफेसर दरवाजे पर ही दिख गए. मालिनी का चेहरा अचानक अजीब तरीके से खिल उठा. लगा जैसे बहुत बड़ी खुशी मिल गई हो. लेकिन पल भर में ही वह संयत हो गई. नजर दायें-बायें घुमाकर शांत भाव से आगे बढ़ गई. मालिनी के इस व्यवहार से विचलित हो प्रोफेसर चक्कर पर चक्कर लगाने लगा ताकि वह उससे एकांत में बात कर सके. और जब विभाग के अंदर एक बार मौका मिला तो बेचैन हो- "तुम्हारा ये व्यवहार मुझे कुछ समझ नहीं आया? तुम होस्टल छोड़कर भी चली गई बिना कोई सूचना दिए?"
-"मुझे आपसे पूछकर कोई काम करनी चाहिए? कौन होते हैं आप मुझसे सवाल करनेवाले?"  -मालिनी ने सख्त आवाज में जबाब दी.
इस अप्रत्याशित जबाब से पहले तो प्रोफेसर साब बुरी तरह उछल पड़े. चेहरे का भाव बदल गया. फिर खुद को नियंत्रित करते हुए- "आप जो कुछ भी कह रही हैं वह शायद सही ही कह रही हों. लेकिन मुझे लगता है कि आपको एक बार मुझसे बात करनी चाहिए. भावना में बहकर लिया गया कोई भी निर्णय सही नहीं होता है. शांति से एक बार विचार करने में कोई बुराई नहीं है. कोई जोरजबर्दस्ती की बात तो है नहीं." 
- "झूठ-फरेब पर बने रिश्ते की ईमारत ठहरती ही कितनी देर है जो आगे कुछ बात करूँ?"- सख्ती से मालिनी बोली.
शांतभाव से अपनापन दिखलाते हुए प्रोफेसर- "अभी जो कुछ भी तुम बोलोगी मैं सुनने को तैयार हूँ. तुम्हारे सारे गुस्से को झेलने के लिए तैयार हूँ. यदि तुम हाथ भी चला दोगी तो मैं कुछ नहीं बोलूंगा क्योंकि मैं तुम्हारे अंदर चल रहे दर्द को महसूस कर सकता हूँ. तुम्हारी जगह कोई और भी होती तो शायद वो भी ऐसे ही पेश आती.”
इतना सुनते ही मालिनी का चेहरा रूआंसा हो गया और वह फुट फुट कर रोने लगी. प्रोफेसर ने जेब से रूमाल निकालते हुए मालिनी की ओर बढ़ाया और कंधे पर थपकी देते हुए शांत रहने के लिए कहा -"हिम्मत से काम लो. ऐसे बच्चे की तरह नहीं रोते. मैं तुम्हारे साथ हूँ न! फॉर्म का काम कर लो तो मैं तुम्हारे साथ गंगा किनारे चलता हूँ. वहीं आराम से बातें होगीं. फिर जो उचित लगे वही करना." 
मालिनी फॉर्म भरकर चुपचाप विभाग के आगे खड़ी हो गई. विभाग में तब तक कई और प्राध्यापक भी आ चुके थे. प्रोफेसर साब अपना बैग ले अपने साथियों से कुछ कहकर वहां से निकल पड़े. वे दोनों भीड़भाड़ वाले अशोक राजपथ पर कुछ दूर चलने के बाद दरभंगा हाउस की ओर मुड़ गए.

गंगा के तट पर स्थित दरभंगा हाउस यूं तो अब पटना विश्वविद्यालय का ही हिस्सा है जहां कई विषयों की पढ़ाई होती है लेकिन वर्षों पहले यह दरभंगा महाराज का निवास स्थान हुआ करता था. राज शासन के सिलसिले में अक्सर पटना आने वाले महाराजा रामेश्वर सिंह जितने ख्यातिप्राप्त शासक थे उतने ही बड़े तांत्रिक भी थे और दक्षिणेश्वर काली के उपासक भी. अपनी आदत के अनुसार उन्होंने ईमारत के उत्तरी हिस्से में दक्षिणेश्वर काली की मंदिर भी बनवाई जिसमें पहले तो सिर्फ राजघराने के लोग ही पूजा किया करते थे लेकिन बाद के वर्षों में इस मनोकामना सिद्धि मंदिर को सार्वजनिक कर दिया गया. जहां अक्सर पूजा करनेवालों की भीड़ लगी रहती है. और दरभंगा हाउस में पढ़ाई करने वाले भी जब-तब निर्मल गंगा को निहारने घाट किनारे पहुँच जाते हैं.
लेकिन जब वे दोनों दरभंगा हाउस के राजा और रानी ब्लॉक के बीच से निकले रास्ते से गुजरते हुए गंगा किनारे पहुंचे तो काफी शांति थी. गंगा अपने विशाल पेट में ठंढ़ी हवाओं के साथ बह रही थी. मालिनी गंगा के पानी को देखते हुए प्रोफेसर के साथ घाट किनारे एक पत्थर पर बैठ गई तब प्रोफेसर ने कहना शुरू किया -"मालिनी! बातचीत का कोई न कोई तो सिरा होना ही चाहिए. लेकिन दु:ख इस बात का है कि पता नहीं -मेरी कौन-सी बात तुम्हें सच लगेगी और कौन-सी तुम्हें काँटे की तरह चुभेगी जो तुम्हारे गुस्से को और बढ़ा दे. ...... लेकिन मैं क्या करूँ? सच को कहीं न कहीं तो बयां करना ही होगा." मालिनी का हाथ पकड़ते हुए -"देखो! ये सच है कि मेरी शादी हो चुकी है. मेरे दो बच्चे हैं. लेकिन मेरा उनसे कोई लगाव नहीं है. मेरे लिए वे सिर्फ और सिर्फ बंधन के रिश्ते हैं जिसे मुझे निभाना ही पड़ेगा अब चाहे जैसे भी हो. लेकिन जिनसे मुझे कोई सुख ही नहीं उसका ढ़िंढ़ोरा क्यों पीटूँ और किस-किस के पास पीटूँ?  उससे फायदा ही क्या मिलना है? यदि तुम मेरे इतने पास नहीं होती और मेरे घर नहीं जाती तो क्या तुम मेरे बारे में यह सबकुछ जान पाती? नहीं ना? हर इंसान का अपना दर्द होता है. हर दुखी इंसान अपने टूटे सपनों को दिल में दबाकर अंधेरी रात में रोता है. तकिये को गीला करता है. मेरे भी कुछ सपने हैं. मैं कब तक समझौता करूँ? कब तक मैं खुद को तिल-तिल कर मारता रहूँ? क्या मैं इंसान नहीं हूँ? मुझे अपने तरीके से जीने का हक नहीं है? मैं क्यों माता-पिता से मिले सामाजिक रिश्ते के बंधन की गुलामी करूँ? और ऐसा तो कहीं नहीं लिखा है कि पुरूष दूसरी शादी नहीं कर सकता? मेरी एक पत्नी गाँव में रहे पैतृक सम्पत्ति पर हक जमाए. खाए-पीए और जिए. लेकिन तुम्हें मैं अपने साथ रखने के लिए तो तैयार हूँ. तुम पढ़ी-लिखी हो, मेरे साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकती हो. तुम्हें सभा-सोसाइटी में ले जाने में मुझे कोई हिचक तो नहीं. बच्चे जन्माना और उसी की परवरिश में जिंदगी गुजार देना ही सबकुछ तो नहीं? पढ़ाई का सदुपयोग करना. जीवन को समृद्ध करना. अपनी स्वतंत्र पहचान बनाना भी जरूरी है. जन्म लेने वाला हर जानवर भी अपनी मौत तक के सफर को किसी न किसी तरीके से तय कर ही लेता है फिर मनुष्य और जानवर में फर्क ही क्या रह जाता है? यूं भी प्रेम में त्याग का महत्व है स्वार्थ का नहीं. फिर भी मेरे नौकरी के पैसे पर तुम्हारा हक रहेगा. पेंशन-अनुकम्पा आदि की सारी सुविधाएं तुम्हें दे सकता हूँ. अपनी पहुँच के सहारे तुम्हारे उज्जवल भविष्य के लिए जो कुछ भी संभव होगा, करने को तैयार हूं...... और तुम्हीं बताओ कि एक इंसान को किसके साथ रहना चाहिए जिससे प्रेम हो या जिससे सिर्फ सामाजिक बंधन का रिश्ता हो?"
- "सबकुछ मानती हूँ लेकिन झूठ का क्या?
- "मैनें झूठ कब बोला? तुमसे मैंने कब और क्या कहा? तुम मुझसे कभी कुछ पूछी जिसका जबाब मैंने नहीं दिया या आनाकानी की? तुम  इतनी पढ़ी-लिखी और समझदार होकर भी मूर्खों की तरह बात करती हो? कान देखने की बजाय कौआ को देखती हो? लोग तो बहुत कुछ कहते हैं लेकिन वही तो सच नहीं होता? अब विशेष क्या कहूँ? तुम बच्ची तो हो नहीं? अपना निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हो. मैं तो सिर्फ़ इतना ही कहूँगा कि -जिंदगी में तुम्हारा साथ मिल जाए तो बहुत ही खुशी होगी और मैं चाहूँगा कि तुम भी अपने पैरों पर खड़ा हो अपनी एक पहचान बनाओ..........." 
प्रोफेसर साब अपनी बात पूरी कर पाते उससे पहले ही एक झटका लगा. लगा जैसे किसी ने उन्हें गंगा में धकेलने की कोशिश की हो. मालिनी अचानक हुए हमले को समझ पाती उससे पहले ही उसकी नजर प्रोफेसर की गर्दन पकड़े अपने चचेरे भाई पर गई, जो दरभंगा हाउस में ही पीजी की पढ़ाई कर रहा था. किसी तरह उसकी नज़र इन दोनों पर पड़ी और और वह आक्रामक रूप में अपने साथियों के साथ आ धमका. मालिनी कुछ सोच पाती. कुछ कह पाती उससे पहले ही वे लोग प्रोफेसर चौधरी को पीटते पीटते घाट से सड़क तक ले गए. मालिनी अवाक् होकर सिर्फ सारा तमाशा देखती रह गई. बहुत ही कम समय में पूरा नज़ारा ही बदल गया. प्रोफेसर चौधरी सड़क पर बेल्ट से मार खाता रहा. माँ –बहन की गाली सुनता रहा. हाथ जोड़कर माफ़ी मांगता रहा. लेकिन कोई सुनने वाला नहीं था अशोक राजपथ पर. एक भीड़ थी जिसके लिए यह सब तमाशा था. कॉलेज के बच्चे थे जिनकी नज़रों में वे चरित्रहीन थे. जो इसी के लायक थे. वो तो शुक्र था कि उधर से थाना की गाड़ी गुजरी और मजमा समाप्त हुआ. प्रोफेसर साब को पीएमसीएच में ईलाज के लिए भर्ती करवाया गया.
उस घटना के बाद से मालिनी का घर से निकलना भी लगभग बंद हो गया. वो सिर्फ भाई के बाईक पर ही बैठकर पटना साईंस कॉलेज में परीक्षा देने आती थी. लेकिन परीक्षा के आखिरी दिन मालिनी का भाई बाहर में इंतजार ही करता रह गया लेकिन मालिनी वापस नहीं आई. वह पूरे कॉलेज में एक-एक कोना ढ़ूंढ आया लेकिन वो नहीं मिली. घर में सब परेशान थे कि आखिर जवान लड़की चली कहाँ गई? घरवालों ने शक के आधार पर प्रोफेसर को ढ़ूढ़ना शुरू किया तो पता चला कि वह तो एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर चार वर्षों के लिए अवैतनिक अवकाश पर चला गया है. निराश हो घरवालों ने थाना में सिर्फ गुमशुदगी की एक रपट लिखवा दी, और समाज में अपनी इज्ज़त बचाने के लिए तरह-तरह की कहानियां गढ़ ली.
कोई चार वर्षों के बाद मालिनी फिर पटना में दिखाई दी. तब तक काफी कुछ बदल चुका था. वह प्रोफेसर के साथ शादी के बंधन में बंध चुकी थी तो अपने परिवार से सारे रिश्ते खो चुकी थी. पिता ने शर्म से आत्महत्या कर ली थी तो माँ बिखरते परिवार की चिंता में बिस्तर पकड़ चुकी थी. बीपी के कारण दो बार पैरालाइसिस का अटैक हो चुका था. छोटी बहन की शादी की बात बार-बार बिगड़ जा रही थी. भाई ने धमकी दे रखी थी कि घर में यदि किसी ने मालिनी से कोई संबंध रखा तो वह भी बाबूजी की तरह मौत को गले लगा लेगा. बच ही क्या गया था? भाई अक्सर कहता था – “जमींदार घराने की लड़की होकर भी उसने कोई लाज-लिहाज नहीं की. एक चौधरी के साथ चली गई. जिसका छुआ घर में कोई खाता तक नहीं उस अछूत को अपने हाथों खाना बनाकर खिला रही है. छी: छी:... अपनी राजनीति चमकाने के लिए गांधी मैदान में बूढ़े जेपी ने जनेऊ तोड़ने का नारा दे दिया तो क्या हम अपना संस्कार भूल जाएंगे? नेता का क्या है? वह तो डोम-चमार के घर भी जाकर खा लेता है. तो क्या हम भी वही काम कर लें?.......समानता का मतलब क्या है? अपना संस्कार छोड़ देना? दूसरे को अपनी तरह उन्नत बनाने की बजाय खुद को ही अवनत कर लेना? नैतिकता की तिलांजलि दे अनैतिकता को ग्रहण कर लेना? प्रोफेसर से शादी कर लेना? वह भी शादीशुदा और दो-तीन बच्चों के बाप से? क्या यही संस्कार है? वाह रे जेपी! बहुत खूब कहा तुमने भी.”
हाँ, अनैतिकता के सहारे कितनी नैतिकता की बात की जा सकती है? जैसे सत्ता पाने वाले नेता लूट-खसोट में जुट गए. आरक्षण की आड़ में जातिवाद का नंगा नाच कर गए. वैसे ही कॉलेजों और स्कूलों में पढ़ाई की जगह चोरी-चमारी को प्रोत्साहित कर गए. तब न शान से बच्चे परीक्षा में चोरी करते थे. और कहते थे- 
"चोरी की सरकार है
चोरी ही अधिकार है."

वैसे भी जेपी को कोई कितना और क्यों दोष दें? चाल तो चालबाज नेताओं ने चली जो एक बुजुर्ग होते स्वतंत्रता सेनानी को अपने नापाक मंसूबों को फलीभूत करने के लिए इस्तेमाल कर लिया.


मालिनी प्रोफेसर के साथ एक नई दुनियां में रहने लगी. लेकिन दुर्दुराने वालों की भी कमी नहीं थी. उसे दुःख तो तब होता था जब अपना काम करवाने के लिए लोग अच्छी –अच्छी बात बोलकर आ जाते थे और काम होते या बिगड़ते ही जाति-सूचक गाली भी देते थे और मुफ्त की सलाह भी. इन सब से परेशान हो उसने लोगों से मिलना छोड़ दिया. सामाजिक आयोजनों से दूर रहने लगी. खुद को कमरे तक सिमटती चली गई. अब वह सिर्फ खुद को आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाई करने लगी. परिवार में पति-पत्नी के अलावे तीसरा कोई था भी तो नहीं. शुरू में मालिनी को बच्चे की इच्छा नहीं थी जिसकी वजह से वह बार-बार गर्भपात करवाती रही और बाद में डॉक्टर ने ही जबाब दे दिया. बाद में तो, वो एक कुत्ता भी पाल ली और उसी के सहारे एकांत में मन बहलाने लगी.
वर्षों बाद जेपी के सिपाही जब राज्य में सत्तारूढ़ हो गए तो राजनीतिक फायदा प्रोफेसर चौधरी को भी मिला. विश्वविद्यालय में वह विभागाध्यक्ष तो बने ही विभिन्न कमेटियों के भी सदस्य बने. और जब राज्य में व्याख्याताओं की बहाली होने लगी तो मालिनी को भी एक नौकरी किसी तरह मिल ही गई.
लेकिन माँ की मृत्यु होने पर लगभग 25 वर्षों के बाद जब मालिनी अपने घर गई तो काफी कुछ बदल चुका था. न घर वैसा था न घरवाले. रिश्तों की गर्माहट में उतार-चढ़ाव इतना अधिक था कि वह समझ नहीं पा रही थी कि वह वहां आकर खुद को सम्मानित महसूस कर रही है या अपमानित. भाई के खस्ताहाल घर में वह बहुत कुछ मदद करना चाह रही थी लेकिन कोई लेने को तैयार नहीं था. मीठी बातों में फंसा सारी मदद वापस कर दी जा रही थी. बहनों ने शुरू में, एक लम्बें अरसे बाद मिलने पर बहनापा दिखलाया था. लेकिन एक-दो दिन के बाद ही उस व्यवहार में भी कहीं-न-कहीं रूखापन आ गया. रिश्तों की गर्माहट और आत्मीयता क्षीण होती लगी. नकली मुस्कुराहट, जरूरत से ज्यादे मिलता भाव कहीं न कहीं उसके मन को कचोट रहा था. कुछ भी स्वाभाविक नहीं लग रहा था. कभी–कभी तो लगता था कि घर का एक–एक कोना उसे धिक्कार रहा है. पिताजी की कराहें सुनाई पड रही हो. पिताजी की तस्वीरों में उनका निराश चेहरा नज़र आता था. भाई के बच्चे थे तो बहनों की भी छोटी–बड़ी कई संताने थीं. सभी अपनी माँओं को दुलारती, फुसलाती, झगड़ती थी लेकिन मालिनी के आते ही सब शांत हो जाते थे. कोई मालिनी के पास बैठना नहीं चाहता था. कभी वह बच्चों से अपनापन दिखलाने के लिए रुपए देने की कोशिश करती तो न बच्चे लेते न उनकी माँ लेने देतीं. बच्चों में इस नए रिश्ते के प्रति कोई खास दिलचस्पी भी नहीं थी. सिर्फ शिवानी कभी-कभार उससे दो-चार बातें कर लेती थी. शिवानी उसकी सबसे छोटी बहन की बेटी थी. शिवानी अपने माता-पिता के साथ गाँव में ही रहती थी क्योंकि उसकी माँ की शादी सुदूर गाँव में हुई थी. मालिनी के प्रोफेसर से शादी कर लेने के बाद जो सबसे बड़ी समस्या आई थी वह थी शिवानी की माँ की शादी. सारी कोशिश और अधिक दहेज देने के लिए तैयार रहने के बाबजूद उसके रिश्ते को किसी अच्छे परिवार में संस्कार और जाति के नाम पर स्वीकार नहीं किया गया था. भाई रिश्ते की तलाश करते करते थक कर बैठ गया था. वो तो दूर के एक रिश्तेदार ने गाँव में ही किसी बेरोजगार से शादी कर देने का प्रस्ताव दिया, जो कि माँ को जँच गई और घर के सारे सदस्यों के इच्छा के विरूद्ध जाते हुए शादी करवा दी. आस-पास के कई लोगों ने भी माँ को समझाने की बहुत कोशिश की. लेकिन माँ कहती रही- "मेरे मर जाने के बाद इसे कौन देखेगा? भाई-भतीजे के भरोसे कैसे छोड़ दूँ? शादी हो जाएगी तो कम से कम अपने घर में तो रहेगी? कहने को उसे भी तो अपना एक घर-परिवार होगा? दु:ख की घड़ी में मुझे ताना तो नहीं देगी? बेरोजगार है लड़का, गरीब तो नहीं? खेतीबाड़ी से कम-से-कम पेट तो पाल सकता है? बाँकी नसीब को कौन जानता है? पढ़ी-लिखी है. कोई ढ़ंग की नौकरी-चाकरी देख ले. फिर शहर में ही रहे न? कौन उसे मना करता है?  अब किसी की गलती की वजह से दूसरे की जिंदगी बर्बाद तो नहीं की जा सकती न? जो हो गया उसके लिए रोने से क्या मिलेगा? जो संभव है. वश में है. वही क्यों नहीं किया जाए?"
शिवानी मौसी से दस दिन में ही इतनी घुलमिल गई कि मालिनी जब उसे अपने पास कुछ दिन रखने की बात कही तो वह बहुत खुश हो गई. माँ-बाबू जी से मौसी के पास रहने की जिद्द करने लगी. शिवानी के पिता उसके जिद्द के सामने झुक गए और वह मौसी के साथ रहने लगी.
शिवानी को तो खुला राज मिल गया था. दस बजे तक मौसा-मौसी कॉलेज चले जाते थे और वह बंद कमरे के अंदर या तो दिनभर सोती थी या दिनभर टीवी देखती रहती थी. खाने-पीने की भी पूरी छूट थी. शाम में मौसी कुछ -न-कुछ हमेशा लेती ही आती थी. कभी-कभी उसे अकेले में डर भी लगता था लेकिन यहाँ पर उसे मन लग गया था. न भाई से लड़ना न माँ की मार. जब शिवानी अपने पिता के साथ अपने गाँव उत्तर बिहार जाने को तैयार नहीं हुई तो मौसी उसका नाम पास के ही स्कूल में लिखवा दी. अब तो लगभग तीनों एक ही साथ घर से निकलते और शाम में एक ही साथ लौटते थे.
समय कब निकल गया पता ही नहीं चला? शिवानी कॉलेज में पहुंच गई. उसके शरीर ही नहीं मन में भी बहुत बड़ा बदलाव आ गया. बचपन से मिली स्वतंत्रता ने उसके विचारों को भी स्वच्छंद बना दिया. उसे तो अब मौसी की बात भी अच्छी नहीं लगती थी. उसे ब्वॉयफ्रेंड से घंटों बात करने पर रोकटोक करना बिल्कुल पसंद नहीं था. लेकिन मौसी परेशान थी कि लड़की दिनभर ऑरकुट-फेसबुक जैसे सोशल मीडिया में लगी रहती है. जाने किस-किस जान-अंजान से दिन भर चैट करती रहती है. सिगरेट और शराब की बोतल जिस दिन कॉलेज से लौटने के बाद मौसी डाईनिंग रूम में देखी उस दिन उसके आँखों के आगे अंधेरा छा गया. सदमे से वह एक ही जगह खड़ी की खड़ी रह गई. सिर्फ उसके आंखों से आंसू बहने लगे. लगा जैसे लड़की उसके हाथ से निकल चुकी है. उसके पीठ पीछे अब घर में क्या-क्या होता है? कहना मुश्किल. और शिवानी के मुँह से जब शराब की गंध आ ही रही थी तो विशेष शक-सुबहा की बात ही कहाँ शेष रहती है? कॉलेज जाने के बदले शिवानी कहाँ किसके साथ घूमती रहती है? कौन जानता है? अब वो ये बात किससे कहे? कितनी बदनामी होगी? लोगों को कहते देर न लगेगी कि दूसरे की लड़की को बिगाड़ दी? अपने स्वार्थ में बर्बाद कर दी?  मालिनी को अपने कॉलेज के दिन याद आने लगे. उसका शरीर ऊपर से नीचे तक कांपने लगा कि -क्या यह लड़की मेरी ही तरह घर में बागी बनेगी? घर-परिवार के इज्ज़त को आग में झोंकेगीमेरी ही तरह जिंदगी भर कष्ट भोगेगी?
मालिनी का चेहरा सख्त हो गया - "नहीं, नहीं! मेरे जीते जी तो शिवानी अब दूसरी मालिनी नहीं बन सकती है. मैं अपने ऊपर अब दाग नहीं ले पाऊँगी. मैं इसकी शादी यहीं कहीं करवा दूँगी अपनी बेटी कहकर. क्योंकि अब ये ग्रामीण परिवेश में निर्वाह नहीं कर पाएगी और सारी बातें भी दब जाएंगी. शायद यही मेरा पश्चाताप भी हो. शायद सारे भाई-बहनों का प्यार इसी बहाने वापस पा सकूँ. मैं इतना किसके लिए कमाती हूँ? एक लड़की की ब्याह तक नहीं करवा सकती? इतना भी अपने बहन के लिए नहीं कर पाऊंगी तो भला ऐसी जिंदगी का क्या लाभ?"
और वह तब से एक अच्छे सजातीय लड़के की तलाश में जुट गई. कोई डेढ़ वर्ष की तलाश के बाद एक नौकरीपेशा लड़का मिला जो कम ही पैसे में शादी के लिए भी तैयार हो गया. लड़का के घरवाले उनके सामाजिक और राजनीतिक रसूख से ही प्रभावित हो गए थे. इतना बड़ा घर-परिवार और एकलौती बेटी. आज नहीं तो कल सबकुछ लड़के का ही तो हो जाएगा. और राजनीतिक संपर्क का फायदा भी कहीं न कहीं जीवन में तो मिलेगा ही. लड़का नौकरी कर ही रहा है, लड़की भी कर ही लेगी. फिर दहेज के चक्कर में क्या पड़ना? तब तक शिवानी भी थर्ड ईयर में आ चुकी थी. और मौसी के कुछ दबाब और नियंत्रण में भी. उसे भी लगने लगा कि पता नहीं उसके माता-पिता उसकी शादी किसी नौकरीपेशा वाले से करवाने में सक्षम भी होंगें कि किसी किसान के हाथों ब्याह देंगें? शिवानी को भी भौतिकवादी दृष्टिकोण से फायदा ही फायदा दिखा इसलिए भी वह मौसी के हाँ में हाँ मिलाने लगी और अपने कुछ गतिविधियों पर भी नियंत्रण करने लगी.
तीन महीने की तैयारी के बाद शिवानी की शादी हो गई. लेकिन उसे ससुराल में वह आजादी नहीं मिली जो उसे मौसी के घर मिली हुई थी. मौसी के यहां नौकरानी घर का काम करने व खाना बनाने आती थी लेकिन ससुराल में तो अचानक ही खाना बनाने, बर्तन धोने और कपड़ा धोने की जिम्मेदारी भी आ पड़ी. जिससे उसे काफी परेशानी होने लगी. ऑरकुट-फेसबुक पर लगे रहने, चैट करने या लम्बे समय तक फोन पर बात करने की वजह से भी ससुराल में अक्सर उसे ताने सुनने पड़ते थे. मामला बिगड़ता ही चला गया. और आखिरकार एक दिन शिवानी घर में हंगामा करके अपने मौसी के पास लौट आई. मौसी शिवानी को समझाने की बजाय शिवानी के ससुराल वाले को ही भला-बुरा कहने लगी. घर में नौकर आदि रखने की सलाह देने लगी. कई बार तो वह शिवानी के पति प्रेम को ही दहेज-प्रताड़ना आदि के नाम पर केस करने की भी धमकी दे चुकी थी. प्रेम को समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर वह कहे तो क्या कहे? उसे लगने लगा जैसे उसकी जिंदगी उलझ गई हो. एक क्लर्क एक प्रोफेसर के स्टेटस की बराबरी कैसे कर सकता है? उसे तो ऐसी शादी करनी ही नहीं चाहिए थी. लेकिन अब किया ही क्या जा सकता था?  जिंदगी में समझौता करने के सिवाय कोई उपाय नहीं बचा था उसके पास. थक-हार कर एक बार फिर से उसने जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश की. शिवानी से तो कभी बात होती नहीं थी मौसी को ही उसने समझाने की बहुत कोशिश की. लेकिन मौसी जिस अंदाज में बात करती थी वह प्रेम को अंदर तक तोड़ने के लिए काफी था. और प्रोफेसर साहब! वे तो सिर्फ एक राजनेता की ही तरह घुमाफिरा कर बात करते थे. कुछ भी राफ –साफ बोलने से परहेज करते थे. प्रेम के घरवालों को भी प्रोफेसर साब आनेवाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्तता बताकर कुछ इस तरह कन्नी काटते थे कि लगता था जैसे कि उनके लिए पारिवारिक और सामाजिक जीवन से कहीं अधिक राजनीतिक जीवन ही महत्वपूर्ण हो. इतना कुछ होने के बाद लगा कि प्रेम की जिंदगी ऐसे जगह उलझ गई है जहां से बाहर निकलना नामुमकिन नहीं तो मुश्किल जरूर है. अब गुस्सा और विषाद के सिवाय बचा ही क्या था उसके पास? गुस्से में वह बहुत कुछ बोलता था लेकिन फिर यह सोचकर शांत हो जाता कि इसके लिए किसे दोष दूँ? माता-पिता की इच्छा से शादी की है इसलिए उन्हें दोष दे दूँ? लेकिन उन्होंने तो कभी मेरा बुरा नहीं चाहा! और आज भी वे मेरे लिए परेशान हैं. मेरी इस स्थिति के लिए उनके आंखों में भी आंसू हैं. शायद मेरी जिंदगी की नियति ही यही हो? कौन जानता है कि ईश्वर ने मेरे हिस्से में दुःख-ही-दुःख रखा हो?

और आज सुबह प्रेम मालिनी के घर अचानक ही बहुत गुस्से में आ धमका. शिवानी को खोजा तो पता चला वह शहर से कहीं बाहर दोस्तों के संग घूमने गई हुई है. उसका गुस्सा और सातवें आसमान पर पहुँच गया. उसने हाथ में लिए अखबार को मालिनी और प्रोफेसर चौधरी के सामने टेबुल पर पटकते हुए कहा– “तुम्हारी इतनी बड़ी हिम्मत कैसे हुई?... तू मेरे घर में घुसने का साहस कैसे किया था रे हरामी की औलाद?” इस अप्रत्याशित घटना से मालिनी और प्रोफेसर चौधरी की आँखें फटी की फटी रह गईं. प्रोफेसर साब जब तक कुछ समझ और बोल पाते उससे पहले ही प्रेम ने उन्हें दो थप्पड़ रशीद कर दिया. मालिनी ज्योंहि वहां से हिलने की कोशिश की प्रेम ने उनकी चोटी कसकर खींची और कुर्सी में लाकर पटक दिया. कहता रहा- “अरे रंडी! तेरी शादी नहीं हो रही थी जो इस चौधरी के लिए मर रही थी? तेरे बाप की औकात नहीं थी तेरी शादी कराने की जो इस नीच के साथ जाति भ्रष्ट कर ली और मेरी भी कर दी? आज तो तू उससे भी अधिक गुनाहगार लग रही है...” वह उसे दांत पर दांत चढ़ा कर एक से एक भद्दी गालियाँ देता रहा. लगा जैसे कोई शीशे को खौलाकर उसकी कानों में उड़ेल रहा हो. और प्रेम अपनी जनेऊ खींच, दोनों हाथों को जोड़े सौगंध खाता रहा कि वह अब शिवानी को एक पल के लिए भी अपने पास नहीं रखेगा. वह उसे तलाक दे देगा. तलाक शब्द सुनते ही मालिनी की आँखें बंद हो गईं और आंसू उसके आंखों के कोरों से बहने लगी. वह अब क्या बोल रहा था? कुछ भी उसे सुनाई नहीं पड़ रही थी. अंत में प्रेम अपने अंदर का सारा जहर उगलने के बाद शांत पड़ गया. सोफा में धंसकर बैठते हुए, मालिनी को ही आदेश देते हुए बोला – “प्यास लगी है. पानी पिलाओ.” मालिनी धीमी कदमों से उठी और एक प्लेट में मिठाई और एक गिलास में पानी लेकर सामने टेबल पर रख दी. पानी तो पी लिया लेकिन मिठाई की प्लेट को छुआ तक नहीं. और कुटिल मुस्कान के साथ उसने कहा- “आज धोखा नहीं दी होती! तो शायद ऐसा दिन देखने को नहीं मिलता. सोचा था तुम्हें कभी बेटे की कमी महसूस होने नहीं दूँगा. तुम्हें एक बेटे से भी बढकर मानूंगा लेकिन तुमने वह हक खो दिया. कितना आश्चर्य है कि तुमने इस दलित चौधरी को सामंती चौधरी बनाकर मेरे घर में घुसा दिया. तुम्हें रत्तीभर भी शर्म नहीं आई..... खैर, आज से हमलोगों का रिश्ता खत्म. मान लूँगा कि शिवानी मेरे लिए मर गई. यूं भी मेरे घर में अब उसका सामंजस्य संभव नहीं है. जल्द ही मैं तलाक के पेपर भिजवा दूँगा. तुमलोग भी शांति से रहो और मैं भी.”
प्रोफेसर चौधरी से मुखातिब हो– “प्रोफेसर साब! जिंदगी और राजनीति में बहुत बड़ा फर्क होता है. लेकिन स्वार्थी लोगों के दिमाग में ये बात आती कहां हैं? झूठ-फरेब पर खड़ा रिश्ता ज्यादे समय टिकता ही कहां है? आप अपनी जगह सही हो सकते हैं लेकिन मेरी अंतरात्मा इसे कबूल नहीं करती है. रिश्ते का आखिरी प्रणाम!” कहते हुए उसने हाथ जोड़ दिया और चुपचाप वहां से हमेशा हमेशा के लिए फिर न कभी लौटने के वादे के साथ चला गया. मालिनी और प्रोफेसर चौधरी दरवाजे से उनकों जाते देखते रह गए. लगा जैसे बहुत कुछ समाप्त हो गया. हाथ से कुछ निकलता जा रहा है. रोकने की इच्छा होने के बाबजूद वे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे. तब से मालिनी कुर्सी में जो बैठी, तो दिनभर अखबार के उस खबर को ही देखती रही जिसमें प्रोफेसर चौधरी को पासी जाति के आधार पर विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने की बात छपी थी.