रविवार, 28 अगस्त 2016

विनय कुमार की कविता डेड मॉल






डॉ विनय कुमार यूं तो पेशे से चिकित्सक हैं लेकिन वे साहित्य में भी अपनी पहचान रखते हैं. उनकी रचनाएं न सिर्फ यथार्थ के दर्शन हैं बल्कि वे समाज में फैली बीमारी को भी करीने से पकड़ते हैं. पढ़ते हैं उनकी कविता डेड मॉल 

 
डॉ विनय कुमार


डेड मॉल
.............
मॉल बड़ा और भव्य है
दुकानें भी एक से एक
सबकी भवें ऊँची
मगर ख़रीदार कम होते जा रहे हैं
और सामान ए तिज़ारत के बीच
उदासी फैलने लगी है
जूते लात खाने को बेचैन हैं
गद्दे थकी देहों के साथ सोने को
क़मीज़ों का बदन टूट रहा है
पतलूनों के पाँव अकड़े हैं
और साड़ियाँ अपने नंगेपन से शर्मसार
बेक़रार कि पहन लें कोई देह जल्द से जल्द
मालिकान को फ़िक्र तो बहुत
कि धंधा ठीक नहीं चल रहा
मगर उलट-फेर जोड़-घटाव जुगाड़-सुगाड
और दारू-सारू से फ़ुर्सत मिले तब तो
मगर एक दिन अचानक
दुकानों में सजे माल से
मृत्यु की गंध आने लगती है
साहिबान
जब किसी मॉल की मौत क़रीब होती है
तो सबसे पहले
उसमें रखीं चीज़ें मरने लग जाती हैं
जहाँ ज़्यादा चीज़ें
वहाँ मृत्युगंध ज़्यादा तेज़
और मालिकान समझ जाते हैं
कि यह डूबते जगह को छोड़कर भागने का
आख़िरी मौक़ा है
वे मातहतों को हुक्म देते हैं -
कपड़े और गहने उतार लो
सिंगारदानियाँ ख़ाली कर दो
सुगंध की सीसियाँ छीन लो
ब्रेड चीज़ फलों और सब्ज़ियों की
की थालियाँ हटा लो
और घड़ियों के भीतर-बाहर बचे समय को बुहार लो
मातहत हुक्म की तामील करते रहते हैं
और ऐंकर स्टोर के अंग बारी-बारी से मरते रहते हैं
और एक दिन शेष बचता है
मीना बाज़ार का सूखा हुआ अस्थिपंजर
और कुछ मैनेक्विन नंग धड़ंग
बेग़ैरत
जो न आदमी न औरत
साहिबान वह ऐंकर स्टोर
जहाँ क़दमों की थाप से ड्रम सा बजता था अटूट
और जिसके शीशे में ख़्वाहिशों की फ़िल्म-सी चलती थी
एक ख़ौफ़नाक भूतडब्बे में बदल जाता है
ऐंकर स्टोर तो मर जाता है
मगर उसके क़ातिल जरासीम नहीं मरते
मॉल के हर कोने से उठने लगती है मृत्युगंध
और आहिस्ता-आहिस्ता एक महामारी फैल जाती है
इसे सेल कहते हैं
औने-पौने आधे तिहाई चौथाई
ले जाओ भाई
कौन कहता है
कि हम लुटेरे हैं
आओ देखो कि हम कितने दिलेर हैं
पब्लिक सब समझती है
कि यह दिलेरी नहीं मज़बूरी है
शायद चाल
मगर क़दम फिर भी पड़ते हैं
कि मरनेवाले की
आख़िरी ख़्वाहिश हो
या आख़िरी ज़रूरत
या आख़िरी रस्म
कोई भी तहज़ीब मुँह नहीं मोड़ती
माल बिकते जाते हैं
दुकानें ख़ाली होती जाती हैं
और एक दिन
पूरा मॉल इतिहास हो जाता है
मगर जीवित रहते हैं
वे लोग जो वहाँ गए
वे मुलाक़ातें जो दोस्ती में बदलीं
वे प्रेमकथाएँ जो वहाँ शुरू हुईं
वे धोखे जो खाए-खिलाए गए
उन चीज़ों की कहानियाँ
जिनके ख़रीदे जाने से कुछ हुआ
या जो होना था वो न हुआ
वह मॉल
इन कहानियों में
कभी जुगनू की तरह दमकता है
तो कभी किसी भुतहा साये की तरह
नुमायां होते ही फ़ना हो जाता है
आहिस्ता आहिस्ता लोग भूल जाते हैं
कि वह मॉल बना क्यों था
उसकी वास्तुकला क्या थी
उसकी यू एस पी क्या थी
या कि कोई मॉल भी था वहाँ
जहाँ आज
एक नाजायज़ जंग में मारे गए
सिपाहियों की क़ब्रें हैं
साहिबान
कोई मॉल जब मरता है
तो सिर्फ़ प्रदर्शन नहीं
एक दर्शन भी मरता है
न सही पूरा का पूरा मगर काफ़ी कुछ

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें