गुरुवार, 22 दिसंबर 2022

लोहा सिंह ने खदेरन की मदर से कहा, बजने दो भोजपुरिया गीत.... दीपक दक्ष

 दीपक दक्ष के लेखन में एक अजीब आकर्षण है। इस बार उनकी कलम भोजपुरिया गीत के लिए चली है लोहा सिंह और खदेरन की मदर जैसे कालजयी चरित्र के बहाने ने। आप भी गौर करें।




लोहा सिंह ने खदेरन की मदर से कहा, बजने दो भोजपुरिया गीत....

......................................


लोहा सिंह----

अरे ओ खदेरन की मदर... तू हमरा नाक पोल पर कउवा के माफिक लोल चलाती है... अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही... ज्ञान की गगरी... चलाकी के चिलम... बजने दो भोजपुरिया गीत...


खदेरन की मदर--- 

अरे मार बढ़नी रे... पहिले दिन-  रात काबुल के मोरचा,  काबुल के मोरचा बउआते थे  अउर अब  भोजपुरिया गीत, भोजपुरिया गीत बउआ रहे हैं...सुनना है भोजपुरिया गीत त ईयर फोन लगाके सुनिए...कनखोसवा बटन लगाके...बुझाया... घर का संस्कार मत बिगाड़िये... घुटने में बुद्धि रह गया...? 


लोहा सिंह--- 

खदेरन की मदर मेरे महमण्ड को गरम मत करो...तुमको भोजपुरी मतलब  सिर्फ उहे सब बुझाता है... भोजपुरी मतलब खाली गंदे गीत होता है का....? 


खदेरन की मदर--- 

ना भोजपुरी मतलब रामायण होता है...पूरा रामायण... सीता जी कुटिया से गायब हुई थी....अउर तोहार भोजपुरी गीत सुन लइका सब रात में खटिया से गायब हो रहा है... सीता जी पुष्पक विमान पर देखी गई थी ...अउर  भोजपुरी सुन लइका सब मचान पर दिख रहा है...छि छि...लाजो नहीं लगता है... आजकल का भोजपुरी सुनने लायक है जी ? ठेला- रिक्शावाला का घर समझ लिया है  का... केतना शरम लगता है, जब टेम्पुआ में बजाता है...राम राम...ई सबको मारने वाला कोई नहीं है... भोजपुरिया समाज का मान  माटी में मिला रहा है  सब ...गायक कहलाता है और भोजपुरिया माई को गारी देता है...कानून बनना चाहिए...कोड़ा मारना चाहिए...दिमग्वे ठंडा जाएगा...


लोहा सिंह-----

ऐ फाटक बाबा !  हमको त बुझईबे नहीं करता है कि खदेरन की मदर मेम है कि मेमिन ...आप ही समझाइए... अभिव्यक्ति की आजादी कुछ होता है कि नहीं...


खदेरन की मदर-----

अरे मार बढ़नी रे... अभिव्यक्ति की आजादी  का मतलब अपना माई के गारी देना होता है का... समाज बिगाड़ना होता है का...


लोहा सिंह-----

अरे ओ अकिल की अलमारी... बुद्धि की बटलोही.... कभी दूसरा एंगल से भी सोचो... भोजपुरी वालों ने बमबईया ठसक की हवा निकाल दी है... अब गांव-गांव भोजपुरी बज रहा है... भांगड़ा के बदले भोजपुरी पर लोग झूम रहे हैं... बिआह चाहे रमुआ का हो या रोहन की... दुआरे बरियात समय बजेगा भोजपुरिए गीत...ई पंडित जी का मंत्र हो गया है... ओम नोम स्वाहा ...लॉली पॉप लागे स्वाहा...


खदेरन की मदर---

अरे मार बढ़नी रे...लाजो नहीं लगता है...गंदा गीत का पैरवी करते...?


लोहा सिंह----

अरे ओ चालाकी के चिलम ! अश्लीलता के नाम पर भोजपुरी को किनारे लगाने की कोशिश मत करो.... 


तुमको हिंदी में हम समझाता है ....सुनो


भोजपुरी गीत और भोजपुरी सिनेमा बर्बाद हो गया.... भोजपुरिया हीरो अउर आजकल के नौछटिया गायकों ने भोजपुरी का नाम डुबो दिया... यही कहना चाहती हो ना ... खूब गरिआओ ...मन भर कर गरिआओ... मैं भी तुम्हारे साथ- साथ अश्लीलता का विरोध करता हूं....

सचमुच,  इन्होंने अपने कुछ गानों से और कुछ  कारनामों से भोजपुरिया समाज का सिर झुकाया है... 


लेकिन कलेजे पर हाथ रखकर कहना कि क्या भोजपुरी सिनेमा के साथ कभी न्याय हुआ? क्या हिंदी सिनेमा के आगे हमारे समाज ने भोजपुरी सिनेमा को उस तरह  तवज्जो दिया? क्या किसी फिल्म समीक्षक ने भोजपुरी सिनेमा पर स्याही खत्म किया? हिंदी के अखबारों में भोजपुरी सिनेमा पर समीक्षा लिखी गई?  क्या पटना के सिनेमा हॉल मालिकों ने 12 से 3 भोजपुरी सिनेमा चलाने का साहस दिखाया?  कुणाल साहब भोजपुरी सिनेमा के महानायक हैं, लेकिन क्या हमारे समाज ने उनको अमिताभ वाला सम्मान दिया? 


बगैर गार्जियन का बेटा आवारा होता ही है... इसलिए हमारे भोजपुरी के नायकों में कुछ आवारगी दिखती है... लेकिन इन नायकों ने जो किया है,  वह अपने दम पर किया है... इन्हें तो डूब मरने के लिए दो दशक तक छोड़ दिया था, हमारे समाज ने... लेकिन वर्ष 2000 के बाद  भोजपुरिया युवा तन कर खड़े हो गए... और आज भोजपुरी का डंका बजा रहे...

जानती हो खदेरन की मदर, 

हिंदी फिल्मों के समर्थक  भोजपुरी फिल्मों को अश्लील मानकर ही चलते हैं... भोजपुरी शब्द सुनते ही नाक मुंह सिकुड़ते हैं ... लेकिन राज कपूर को हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा शो मैन कहते नही थकते  हैं... एक ऐसा शो मैन जो मंदाकिनी को राम तेरी गंगा मैली में सिर्फ एक साड़ी में नहाते हुए दिखाते हैं,मंदाकिनी का स्तन दिखता है... सिनेमा हॉल में सीटियां बजती है लेकिन यहां अश्लीलता नहीं दिखती... बॉबी में डिंपल कपाड़िया बिकनी में कहर ढाती हैं... मोहरा में रवीना टंडन मस्त मस्त लगती हैं... लेकिन  हिंदी सिनेमा वाले इन्हें अश्लील नहीं मानते, बोल्ड कह कर कॉलर टाइट करते हैं... भोजपुरी में पल्लू गिरा नहीं कि हीरोइन अश्लील ...फिल्म अश्लील...हीरो रोड छाप... गंवार

 तो भैया हमारे हीरो गंवार ही हैं।  गांव के गंवार .. .एक ऐसे गवार जिन्होंने नायक होने का मतलब बदल दिया है...


जी हां,  हमारा भोजपुरी का नायक सलमान की तरह मुम्बई का नहीं, गांव का है... पान की गुमटी पर पान लगाते हुए प्रेमिका के इंतजार में बैठने वाला प्रेमी है...हमारी नायिका कंगना की तरह कार में घूमने वाली नहीं... बल्कि एक कोको कोला से ही खुश हो जाने वाली है....(ये राजा छूटता पसीना.....) हमारी नायिका  दिल्ली-गुजरात- सऊदी अरबिया में मजदूरी करने वाले अपने पिया को याद करने वाली है... वह गाती है----- रेलिया रे हमरो के ओही देसे ले चल रे, पियवा बसेला जवना देस रे.... साहब !  आज भोजपुरी इंडस्ट्री ने जिस तरीके से गांव के युवकों को रोजगार दिया है... पहचान दिया है ...उसे आप इंकार नहीं कर सकते... आप तो इन्हें गंवार मानकर चल रहे थे...हैं न ? 


खदेरन की मदर---- 

अरे मार बढ़नी रे... कईसन कईसन तर्क गढ़ रहे हैं... ई कलमुहा सब देवर भौजाई के रिश्ता को बदनाम कर दिया.... रिमोट से लहंगा उठवा दिया... और का  का भयंकर भयंकर चीज करवा दिया..


लोहा सिंह-----

अरे ओ ज्ञान की गगरी! हम मानते हैं कि गंदगी फैला दिया, लेकिन अच्छाई भी देखो ...इनकी क्रिएटिविटी भी देखो.... कैसे-कैसे गीत गढ़  रहे हैं--- दिलवा ले  गइले राजा बोतल में भर के... हा हा हा


अरे ओ खदेरन की मदर कभी नजरिया फेर के तो देखो----आज के इसी भोजपुरी में मिसरी चैनल है... पुरबिया तान है... कल्पना पटवारी हैं ...चंदन तिवारी हैं... अलका पहाड़िया हैं... नीतू नवगीत हैं... मनोज भावुक हैं... मनोरंजन ओझा हैं... सत्येंद्र संगीत हैं... 


सबको एक ही लाठी मत हांको खदेरन की मदर... ई महेंदर मिसिर... भिखारी ठाकुर, विंध्यवासिनी देवी के भोजपुरी है... बुझ सूझ के बोला करो.... और बढ़िया गीत सुनल करो ... अठन्नी- चवन्नी,  टूटहा- भांगड़ा, छुरछुरी- पटाखा, हर काल में,  हर समाज में होते हैं... इसलिए उ सब को इग्नोर करो ... सुनबे मत करो... धीरज धरो, कानून बनेगा ... लफुआ सब पर सोटा चलेगा...टेंशन छोड़ बढ़िया गीत सुनो... गांव देहात के लइका सब एक से एक बढ़िया गीत लिख रहे हैं..... एगो दुगो गीत के नाम बता दे रहे हैं, सुन लेना मन हरिअर हो जाएगा.... और समझ में आ जाएगा कि आज बढ़िया गीत भी लिखा रहा है...


# नेहिया के फुलवा...

# पिया जी के मुस्की लागे लाजवाब...

# कहां बाड़ी धनिया हमार....


चलो खदेरन की मदर... इसी बात पर बजने दो भोजपुरिया गीत ...


अरे मार बढ़नी रे...


दीपक दक्ष के फेसबुक वॉल से साभार।

रविवार, 18 दिसंबर 2022

फील्ड मार्शल मानेकशॉ: रश्मि रविजा

साहित्यकार रश्मि रविजा का फील्ड मार्शल मानेकशॉ पर लिखा यह आलेख गौरतलब है। आलेख से न सिर्फ मानेकशॉ की कार्यशैली की जानकारी मिलती है बल्कि भारतीय राजनीति के बारे में बहुत कुछ समझने का मौका मिलता है। 

                            

                           फील्ड मार्शल मानेकशॉ 

                           _______________________


 १९४२ में द्वितीय विश्वयुद्ध शुरू हो गया था.पूरे विश्व में तबाही मची हुई थी. हर देश युद्ध से किसी ना किसी प्रकार प्रभावित था. उस वक्त भारत आज़ाद नहीं हुआ था और भारतीय सेना, अंग्रेजों की मदद कर रही थी. बर्मा में भारतीय सेना तैनात थी और जापानियों के दांत खट्टे कर रही थी. बर्मा के एक बहुत ही महत्वपूर्ण चौकी ‘पगोडा हिल’ पर जापानियों ने कब्जा कर लिया था. एक नौजवान कैप्टन ‘सैम मानेकशॉ' अपनी बटालियन ‘राइफल कंपनी’ की अगुवाई करते हुए ‘पगोडा हिल’ की तरफ बढ़ रहे थे. हिल के ऊपर से जापानी अंधाधुंध गोलिया दाग रहे थे . मानेकशा ने अपने सैनिकों को चट्टानों की आड़ लेते हुए ऊपर की तरफ गोलियां चलाते हुए आगे बढने का आदेश दिया.खुद भी वे सबसे आगे बहादुरी से ऊपर की तरफ गोलियाँ दागते और चीते की सी फुर्ती से चट्टानों के पीछे छुप जाते. राइफल कंपनी के कई सैनिक शहीद हो गए थे. बचे हुए कुछ सैनिकों के साथ मानेकशा चोटी पर पहुंच गए और अब दोनों तरफ के सैनिक आमने -सामने थे. सैम मानेकशा, अपनी रायफल से एक जापानी को निशाना बना रहे थे तभी दूसरी तरफ से एक दुसरे जापानी ने आकर उनपर गोलियों की बौछार कर दी. मानेकशा ने पलट कर उसे भी मार गिराया पर खुद भी गिर पड़े, उनके पेट में 9 गोलियां लगी थीं. लेकिन पगोडा हिल पर फतह हासिल कर ली थी. 


ज्यादातर जापानी सैनिक मारे गए थे .जो एकाध बचे थे,वे पीठ दिखा भाग खड़े हुए थे. सैम मानेकशा के शरीर से जगह जगह से खून बह रहा था, गोलियों ने उनके फेफड़े, किडनी, लीवर सबको डैमेज कर दिया था. पर उनके चेहरे पर जीत की मुस्कान थी .मेजर जनरल ‘डी. टी. कोवान’ जो देहरादून मिलिट्री अकादमी में उनके कंपनी कमांडर भी रह चुके थे ‘पगोडा हिल’ पर कब्जे की खबर सुनते ही दौड़ते हुए, उन्हें बधाई देने आये .पर मानेकशा को इस बुरी तरह जख्मी देखकर चिंतित हो गए. वे मानेकशा की वीरता के लिए उन्हें ‘मिलिट्री क्रॉस’ पदक दिलवाना चाहते थे. पर मानेकशा की हालत देख उन्हें लगा, अब सैम का बचना मुश्किल है . इस पदक के लिए नियम था कि यह पदक सिर्फ जीवित मिलिट्री ऑफिसर को ही मिलता है. ‘डी. टी. कोवान’ ने कुछ सोचा और झट अपना मेडल उतार कर सैम मानेकशा की वर्दी पर लगा कर अपने जूनियर को एक कड़क सैल्यूट दिया. मानेकशा ने भी बेहोशी से मुंदती आँखों को ज़रा सा खोल अपने दाहिने हाथ को माथे से लगा,उनके सैल्यूट का जबाब दिया. 


मानेकशा के अर्दली सिपाही शेर सिंह ने उन्हें अपने कंधे पर उठाया और दौड़ते हुए कैम्प में इलाज के लिए ले गए .वहाँ, डॉक्टर ने उन्हें फर्स्ट एड देकर ‘पेगु’ के अस्पताल में रेफर कर दिया . पहाड़ियों का ऊंचा नीचा, झाड़ियों से भरा दुर्गम रास्ता, जीप हिचकोले खाती आगे बढ़ रही थी. मानेकशा का सर सिपाही शेर सिंह की गोद में था. शेर सिंह उन्हें बीच बीच में पानी पिलाता और जगाने की कोशिश करते हुए कहता, ‘साब आप शेर दा पुत्तर हो, ये गोलियां आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं. आँखें खोलो साब. आपको अभी बहुत सारे जंग फतह करने हैं. “ मानेकशा जरा सीआँखें खोल मुस्करा देते अस्पताल तक जाने में ३६ घंटे लग गये. अस्पताल पहुँच कर शेर सिंह ने उन्हें बेड पर लिटाया और  भागते हुए डॉक्टर को बुलाने चले गए. ऑस्ट्रेलियन डॉक्टर ने जब सुना कि उनके पेट में 9 गोलियां लगी हैं और ३६ घंटे बीत चुके हैं तो उन्हें देखने से इनकार कर दिया. कहा, ‘अब टुमारा शाब नई बच शकता उस पर टाईम वेष्ट करने का कोई फायडा नई ,इतने टाईम में मैं दूशरा सोल्जर्स को डेक लेगा “ शेर सिंह उनका रास्ता रोक कर घुटने के बल बैठ गया , “नई डॉक्टर आपको मेरे शाब को देखना ही पडेगा. मेरा शाब बहुत बहादुर है. उसको कुछ नहीं हो सकता.उसको बस थोड़ा इलाज की जरूरत है. “ शेर सिंह की जिद के आगे डॉक्टर को मानेकशा को देखने जाना ही पड़ा. उसी वक्त सैम को ज़रा सा होश आया और डॉक्टर ने उनसे पूछा....” टुमको क्या हुआ यंगमैन?“ ऐसी घायल अवस्था में भी सैम ने मुस्करा कर कहा, “ कुछ नहीं बस एक शैतान गधे ने लात मार दी “ डॉक्टर हैरान रह गए , ऐसी हालत में भी कोई मजाक कर सकता है. उन्होंने हंस कर कहा, ‘टुमारा सेन्स ऑफ ह्यूमर तो कमाल का है, अब तो टुमको बचाना ही पड़ेगा “ डॉक्टर ने गोलियां निकालीं, उनकी छोटी आंत के कुछ हिस्से काट दिए. घावों को स्टिच करके उन्हें ‘रंगून’ के बड़े अस्पताल में भेज दिया.


सैम बिस्तर पर पड़े , खिड़की से कुछ बच्चों को खेलते देख रहे थे .उन्हें अपने बचपन की याद आ गई।  वे भी ऐसे ही अपने दोस्तों के साथ खेला करते थे ..बॉल अक्सर झाड़ियों में चली जाती और जब सारे बच्चे बॉल ढूंढ रहे होते, वे भागकर अपने पिता की क्लिनिक में पहुँच जाते. कानों में आला लगाए, मरीजों दवाइयां देते,उनकी मरहमपट्टी करते पिता, सैम को कोई देवदूत सरीखे लगते. सैम ने सोच लिया, वे भी बड़े होकर डॉक्टर बनेंगे .पिता ने कहा, ‘वे अच्छे नम्बरों से पास होंगे तो उन्हें मेडिकल पढने लन्दन भेज देंगे.” सैम ने सीनियर कैम्ब्रिज में टॉप किया. पांच विषयों में डिस्टिंक्शन लाया. पर पिता को पन्द्रह वर्ष की उम्र में बेटे को अकेले विदेश भेजना गवारा नहीं हुआ. पिता ने वादा किया कि सैम के अठारह के होते ही उन्हें मेडिकल पढने लंदन भेज देंगे. लेकिन सैम का उत्साह से भरा किशोर मन बुझ गया. उन्हें अंदाजा नहीं था , ईश्वर ने इस से कहीं बड़ा काम उनके लिए सोच रखा है. सिर्फ कुछ मरीजों की जिंदगी बचाना उनकी तकदीर में नहीं था बल्कि देश की तकदीर बदलने में वे सहायक होने वाले थे. डॉक्टर बनकर कुछ ही बच्चों के जन्म का निरिक्षण कर पाते जबकि उनकी देखरेख में एक नया राष्ट्र जन्म लेने वाला था. और नियति ने उनकी नजरों के सामने अखबार के पन्नों पर छपा एक विज्ञापन रख दिया. विज्ञापन में था कि  देहरादून मेंप हली भारतीय सेना अकादमी में एडमिशन के लिए परीक्षा होने वाली है. सैम ने माँ से दिल्ली जाने के लिए पैसे मांगे . माँ उन्हें इस तरह चुप और उदास देखकर परेशान थीं.उन्होंने झट से रूपये निकाल कर दे दिए कि दिल्ली जाकर बच्चे का मन बहल जाएगा. सैम ने प्रवेश परीक्षा पास कर मिलिट्री एकेडमी में एडमिशन ले लिया।


 मिलिट्री एकेडमी से ट्रेनिंग कर वे सेकेण्ड लेफ्टिनेंट बने और फिर कैप्टन के रूप में बर्मा में उनकी पोस्टिंग हुई. जहां  उन्होंने अपनी जान दांव पर लगा, वीरता के झंडे लहर दिए. जब स्वतन्त्रता मिली और भारत का विभाजन हुआ तो सैम मानेकशा के सामने बड़ी दुविधा आ गई . वे पारसी थे और पारसी लोगों के लिए दोनों देशों के द्वार खुले हुए थे. अब तक पूरा देश एक था.. लाहौर से बंबई, कलकत्ता से ढाका हर जगह बेख़ौफ़ आया जाया करते थे. हर शहर में उनके मित्र थे . अब उसी देश को दो टुकड़ों में बंटता देख उनका कलेजा फट रहा था. अब वे एक देश में रहना क़ुबूल करें तो दूसरा देश उनके लिए अजनबी हो जाएगा . सैम मानेकशा गोरखा रेजिमेंट से जुड़े हुए थे.सेना के भी दो भाग हो गए थे और गोरखा रेजिमेंट भी दो भागों में बंट गया था . इस रेजिमेंट में उनके प्राण बसते थे .वे बड़े जोश से कहते थे, “ अगर कोई सिपाही कहता है कि वो मौत से नहीं डरता तो फिर या तो वो झूठ बोल रहा होता है या फिर वो गोरखा है.” वे खुद को पारसी नहीं गोरखा कहते थे. उनका प्रचलित नाम “सैम बहादुर “ भी गोरखा रेजिमेंट की ही देन था. सैम अपने सिपाहियों से दोस्ताना व्यवहार रखते थे. उनकी बीच जाकर बैठ जाते. उनके साथ हंसी मजाक करते . कभी उनकी मेस में चले जाते ,साथ खाना खाते . 


एक बार यूँ ही उन्होंने एक सिपाही से पूछा, “ तुम्हारा क्या नाम है ? “

“तेज बहादुर “

“तुम्हारे चीफ का क्या नाम है ? “

वह सैनिक घबरा गया . हडबडाते हुए उसने कहा, “सैम बहादुर “ 


मानेकशा ठहाका लगाकर हंस पड़े , ‘हाँ एकदम सही कहा .मैं गोरखा ही हूँ .मेरा नाम ‘सैम बहादुर’ ही होना चाहिए.” और तब से सबलोग उन्हें प्यार से ‘सैम बहादुर’ ही कहने लगे.बंटवारे के बाद इस रेजिमेंट के कुछ सैनिकों से उनकी दूरी हो जायेगी ,यह बात उन्हें कचोट रही थी. सैम मानेकशा का बचपन अमृतसर में गुजरा था, पढ़ाई नैनीताल और देहरादून में हुई थी. उनकी पत्नी सीलू भी अमृतसर की थीं. भारत उनके दिल के ज्यादा करीब था और उन्होंने अपने दिल की सुन, भारत में रहने का फैसला किया .वे अपना गम भुलाकर देश की सेवा में जुट गए. उन दिनों हर तरफ मार काटमची हुई थी. दंगे हो रहे थे . दोनों देशों के बीच लकीरें खिंच गईं थीं और लकीरों के पार, अपना सबकुछ छोडकर लुटे-पिटे से लोग चले आ रहे थे. सबके चेहरे से मुस्कान गायब थी, चेहरा ग़मगीन था और आँखों में आंसू भरे हुए थे. लोग अपना घर,जमीन,धन सब छोडकर आये थे. कुछ लोगों के परिवार भी बिछड़ गए थे.


 सेना की जिम्मेवारी बढ़ गई थी. सेना उन्हें फिर से बसाने, शांति बहाल करने में पूरी तरह लगी हुई थी.  मिलिट्री ऑपरेशन के डायरेक्टर के पद पर होने की वजह से सैम मानेकशा खासे व्यस्त हो गए थे. कभी कश्मीर में सर उठाये कबाइलियों का दमन करने के लिए उनकी पुकार होती तो कभी कलकत्ता में नोआखाली में हो रहे दंगो को शांत करने के लिए उन्हें बुलाया जाता. कश्मीर में कबाइलियों का आतंक बढ़ता जा रहा था . वहाँ के राजा हरिसिंह भारत से सहायता तो मांग रहे थे पर भारत में विलय होने के कागज़ पर हस्ताक्षर करने में देर कर रहे थे . पंडित नेहरू सैनिक कार्यवाई को लेकर असमंजस में थे. आखिर सरदार पटेल ने स्थिति सम्भाली, राजा हरिसिंह से भारत में शामिल होने के कागज़ पर दस्तखत कराये , नेहरु को समझाया  और मानेकशा से कश्मीर में  शांति स्थापित करने के लिए प्रयास करने लिए कहा . मानेकशा अभी  कश्मीर में काम कर ही रहे थे कि कलकत्ता में दंगे शुरू हो गए. ब्रिटिश कमांडर इन चीफ ने आकर कहा कि “सरदार पटेल आपको कलकत्ता में बुला रहे हैं. आपको ले जाने के लिए एक प्लेन तैयार खड़ा है.” कलकत्ता मेंबसरदार पटेल के साथ कलकत्ता के मुख्यमंत्री वी.सी. रॉय खड़े थे . उन्होंने मानेकशा से सीधा पूछा, “मुझे कोई बहस नहीं, कोई टालमटोल नहीं सिर्फ सीधा जबाब चाहिए ...अगर मैं सेना को सिचुएशन सौंप दूँ तो आप हमारे कितने बंगालियों को मारेंगे और कितने दिनों में शांति कायम हो जाएगी?” सैम मानेकशा की रगों में जवान खून उबाल मार रहा था .वे नेताओं की तरह घुमा फिरा कर बात करना नहीं जानते थे . वे  साफ़ साफ़ बोलने के लिए बदनाम थे ,उन्हें मुँहफट भी कहा जाता था .मानेकशा बोले, “शायद सौ लोग की जान जा सकती है और एक महीने में शांति लागू हो जायेगी.” सरदार पटेल ने 'वी सी राय' की तरफ मुड़ कर कहा, ‘दंगे में तो हजारों मर रहे हैं, ये सिर्फ सौ की बात कर रहे हैं.  “.फिर मानेकशा से बोले, “ “ठीक है ...आप कार्यवाई शुरू कीजिये.” मानेकशा ने पूरे कलकत्ता के कोने कोने में अपने जवान तैनात किये. खुद दिन रात हर महल्ले का दौरा करते. लोगों से मिलते , उनकी परेशानियां सुनते, उन्हें समझाते. लोगों के घरों में राशन  पहुँचवाते, बच्चों के लिए दूध भिजवाते. बीमार को पूरी सुरक्षा के साथ अस्पताल ले जाते. इस तरह आम लोगों को  उनपर भरोसा हुआ और बिना किसी खून खराबे के कुछ ही दिनों में पूरी तरह शांति बहाल हो गई.. बाद में सरदार पटेल ने मानेकशा को बुला कर गुजराती में कहा, ‘ “तमे साचो नहीं बोलो ? तमे बोल्यो एक सो बंगालीयो ना मारसो पण एक बी नईबमारयो “(तुमने सच नहीं कहा था ? एक सौ बंगालीको मारोगे पर एक को भी नहीं मारा )फिर पास बुलाकर, ‘वेलडन...थैंक्यू’ कहकर उनकी पीठ थपथपाई .


पर फूलों के साथ काँटों का रिश्ता हमेशा से रहा है. अगर कुछ लोग उनकी तारीफों के पुल बाँध रहे थे तो कुछ लोग उन पुलों को धराशायी करने में भी जुटे हुए थे. मानेकशा का इतनी लगन और मेहनत से काम करना और बड़े नेताओं का उनपर अटूट विश्वास कुछ अधिकारियों से देखा नहीं जा रहा था. उन दिलजले लोगों ने मंत्रियों के कान भरने शुरू कर दिए. सैम मानेकशा किसी के भी मुंह पर सीधे शब्दों में अपनी बात रखते जोबअधिकारियों को नागवार गुजरता. वे लोग चमचागिरी के आदी थे. जूनियर्स उनकी झूठी तारीफ करें, हर बात में हाँ में हाँ मिलाये. उनके बोदे चुटकुलों पर छ्तफाड़ ठहाके लगाएं. उनके हर निर्णय कोआँखें मूँद कर सपोर्ट करें. यह सब मानेकशा से नहीं होता और वे मंत्रियों ,उच्च अधिकारियों के बैड बुक्स में आ गए. समय समय पर कही गई उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर उनके विरुद्ध इन्क्वायरी बिठा दी गई. उसमें कोई भी सिरियस चार्ज नहीं था ,कुछ बड़ी हास्यास्पद सी बातें थीं. 


अभी इन्क्वायरी चल ही रही थी कि १९६२ में चीन ने भारत पर आक्रमण कर दिया .नेहरु समेत सभी लोग चकित रह गए. भारत युद्ध के लिए बिलकुल भी तैयार नहीं था. ईर्ष्यावश मानेकशा को युद्ध की गतिविधियों से दूर रखा गया. जब कई मोर्चों पर भारत की हार होने लगी तो सैम मानेकशा के विरुद्ध आरोपों को खारिज कर उन्हें युद्ध की कमान सौंपी गई. पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी. भारत के एक बड़े भू भाग पर चीन ने कब्जा कर लिया था.चीन की जीत पर पकिस्तान इतराया और उसने भी सोचा, वह भी भारत को मात दे सकता है. पाकिस्तान अपनी अंदरूनी समस्याओं से जूझ रहा था. उसके पास शक्तिशाली नेतृत्व नहीं था. वहाँ के लोगों को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं था . रोजमर्रा की चीजें नहीं मिल रही थीं. लोग भूखे थे, बेरोजगार थे .अपनी सरकार से बेहतर सुविधाओं की  मांग कर रहे थे .और इन सबसे लोगों का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान ने सोचा, ‘भारत पर आक्रमणकर देगा तो सारी जनता का ध्यान युद्ध की तरफ हो जाएगा. उनमें देशभक्ति का जोश उबाल मारने लगेगा और रोज की असुविधाओं से उनका ध्यान हट जायेगा”


 पर इस बार भारत की सेना सम्भल चुकी थी और अब उनके पास सैम मानेकशा जैसे सैन्य अधिकारी का साथ भी था. उनके और दूसरे जाबांज ऑफिसर्स के प्रयासों से भारत इस युद्ध में विजयी रहा. पाकिस्तान के पास अमरीका से खरीदे आधुनिक पैटन टैंक थे. भारत के पास वही द्वितीय विश्व युद्ध के समय के पुराने टैंक थे. पर मशीन से ज्यादा मशीन चलाने वाले पर कोई भी जीत निर्भर करती है. हमारे पास साहस से भरे तेजदिमाग वाले वीर ऑफिसर थे. जिन्होंने पाकिस्तान के मंसूबों पर पानी फेर दिया. पाकिस्तान में उथल पुथल जारी थी. 1970 में आम चुनाव हुए और पूर्वी पाकिस्तान के शेख मुजिबुर्र्रह्मान की ‘आवामी लीग’ ने बहुमत हासिल किया. यह पश्चिमी पाकिस्तान के रहनुमाओं को कैसे बर्दाश्त होता और उन्होंने पूर्वी पाकिस्तान के लोगों पर जुल्म ढाने शुरू कर दिए.पाकिस्तानी सेना ने आम लोगों पर लूट-पाट, बलात्कार, कत्ल शुरू कर दिए. आम लोग जान बचाने के लिए भारत से लगी सीमा वाले गाँवों में भाग कर आने लगे. बहुत दुखद स्थिति थी. रोज हजारों लोग अपना घर बार, सामान सब कुछ छोड़कर सिर्फ जान बचाने के लिए भारत की सीमा में दाखिलहोने लगे. 


बंगाल, त्रिपुरा, असम के मुख्यमंत्री परेशान हो गए. उन्होंने उस समय की प्रधानमन्त्री इंदिरा गांधी को चिट्ठी लिखी. और इस पलायन को रोकने के लिए कुछ करने को कहा. एक ही उपाय था ,भारतीय सेना भेजकर पाकिस्तानी सेना को जुल्म ढाने से रोक दिया जाए. इस सूरत में युद्ध होना निश्चित ही था.अप्रैल 1971 को इंदिरा गांधी ने अपने कैबिनेट की मीटिंग बुलाई और ‘सेना प्रमुख सैम मानेकशा’ को भी बुलाया.मानेकशा से पाकिस्तान पर आक्रमण के लिए कहा पर सैम मानेकशा ने बिलकुल इनकार कर दिया .उन्होंने कहा, “इस वक्त हमारी सेना युद्ध के लिए बिलकुल तैयार नहीं है. कुछ ही दिनों में मॉनसून आने वाला है.बांगला देश की मिटटी दलदल सी बन जाएगी ,उसमें हमारे टैंक धंस जायेंगे .बारिश के समय वहाँ की नदियाँ छोटे मोटे समुद्र का रूप ले लेती हैं. एक छोर से दूसरा  छोर नहीं दिखता .ऐसे में हम सही तरीके से युद्ध नहीं कर पायेंगे . अभी पंजाब के खेतों में फसल लगी हुई है. सारी फसल रौंदी जाएगी और हमारी मूवमेंट पर भी असर पड़ेगा .इस वजह से इन सारी तैयारियों के लिए मेरी सेना को वक्त चाहिए “ रक्षा मंत्री जगजीवन राम जो सैम नहीं कह पाते थे ने भी जोर देकर कहा, ‘” साम मान भी जाओ, युद्ध के लिए तैयार हो जाओ “ पर मानेकशा ने हाथ जोड़ लिए. जब सबलोग मीटिंग से जाने लगे तो इंदिरागांधी ने मानेकशा को रुकने के लिए कहा. मानेकशा ने सबके जाने के बाद कहा, “इस से पहले कि आप कुछ कहें .मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूँ. मानसिक या शारीरिक स्वास्थ्य खराब होने का कोई भी बहाना बना दूँगा.पर इस वक्त मैं युद्ध के पक्ष में बिलकुल नहीं हूँ. १९६२ की तरह हमलोग बुरी तरह हार जायेंगे “ इंदिरा गांधी ने कहा, “नहीं आपका इस्तीफा नहीं चाहिए. मुझे ये बताइये कि आपको युद्ध की तैयारी के लिए कितना वक्त चाहिए ?” मानेकशा ने कहा, “देश के कोने कोने से अपने सैनिकों को इकट्ठा करने, युद्ध का प्लान बनाने उन्हें प्लान समझाने, सैनिकों को बौर्डर पर तैनात करने में मुझे चार-पांच महीने लग जायेंगे.और युद्ध की तैयारी के बाद मैं आपको भारत की जीत की पूरी गारंटी देता हूँ. “  इंदिरा गांधीने हामी भरी और मानेकशा युद्ध की तैयारी में लग गए. 


मानेकशा यह भी चाहते थे कि भारत की शांतिप्रिय देश की छवि को कोई ठेस ना पहुंचे . पूर्वी पाकिस्तान की मुक्तिवाहिनी सेना को भारत की मदद मिल ही रही थी. उनकी योजना थी कि इन सबसे त्रस्त होकर पाकिस्तान खुद ही आक्रमण कर दे. मानेकशा ने दिसम्बर में अपनी सेना की पूरी तैयारी की सूचना इंदिरागांधी को दी. मानेकशा खुद लद्दाख से लेकर पूरे बौर्डर पर जाकर सैनिकों से मिलते और कहते, “हमने आपको ट्रेनिंग दी, हथियार दिए अब आप अपने देश को जीत दिला दो “ सारे जवान सबसे बड़े अफसर को अपने पास देखकर जोश से भर जाते. जब इंदिरा गांधी ने पूछा, “अब हम युद्ध के लिए तैयार हैं ? “ मानेकशा नेअपने बेलौस अंदाज में कहा, “येस, वी आर रेडी स्वीटी’ इंदिरा गांधी उनकी बात करने के तरीके से वाकिफ थीं. उन्होंने बिलकुल बुरा नहीं माना और नज़रंदाज़ कर दिया .3 दिसम्बर 1971 को लड़ाई शुरू हुई और सिर्फ 13 दिनों में मानेकशा के नेतृत्व में भारतीय सेना ने,पाकिस्तानी सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.पाकिस्तानी सेना बुरी तरह हार रही थी. मानेकशा को पता था, अब वे लोग सरेंडर कर देंगे . उन्होंने पहले ही समर्पण के कागज़ात तैयार करवा लिए थे. मानेकशा  ने जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा  से कहा, “ इट्स अ बिग डे इन योर लाइफ. टेक योर वाइफ विद यू.” सैम मानेकशा के मन में औरतों के लिए बहुत इज्जत थी. प्रधान मंत्री और सेनाप्रमुख  दोनों का एक दूसरे पर भरोसा बहुत जरूरी है. तभी कोई देश आगे बढ़ता है.  पाकिस्तानी जनरल नियाज़ी के साथ 93 हज़ार पाकिस्तानी सैनिकों ने सरेंडर कर दिया. एक नए देश ‘बांग्ला देश’ का उदय हुआ. 


पर मानेकशॉ को बंदी बनाये गए ,पाक्सितानी सैनिकों की ज्यादा चिंता थी. वे उन्हें लेकर भारत आये.उनके आराम का पूरा ख्याल रखा. भारतीय सैनिक टेंट लगाकर सोते थे. जबकि बंदी बनाये गए पाकिस्तानी सैनिक उनके पक्के बैरक में सोते थे.  मानेकशॉ कैम्प में जाकर सभी से मिलते. पाकिस्तानी सूबेदार से पूछते , ‘बिस्तर में खटमल तो नहीं है. मच्छरदानी है ना. “ फिर उनके किचन में  जाकर खुद खाना खा कर देखते कि खाना ठीक बना है या नहीं. एक बार उन्होंने साफ़ सफाई करने वाले स्टाफ से हाथ मिलाने को हाथ बढाया तो उस सफाईकर्मी ने मना कर दिया. मानेकशा ने कहा, ‘क्यूँ कोई नाराजगी है...हाथ क्यूँ नहीं मिलाओगे ?’ उसने हाथ मिला लिया। जब वे सबसे मिलकर जाने लगे तो पाकिस्तानी सूबेदार ने कहा, ‘गुस्ताखी माफ़ हो हुजुर तो कुछ पूछूँ ? ‘ मानेकशा ने कहा,, ‘आप हमारे मेहमान हैं कुछ भी पूछ सकते हैं. उसने कहा, “अब मुझे पता चल गया कि हिन्दुस्तानी फ़ौज क्यूँ जीती. आप खुद जाकर सिपाहियों से मिल रहे हैं. उनकेआराम का ख्याल  रख रहे हैं. उनका खाना चखकर देख रहे हैं. हमारे यहाँ ऐसा नहीं होता. सेना के अफसर अपने आपको नवाबजादे समझते हैं.” मानेकशा को ये ख्याल था कि ये पाकिस्तानी अपने गाँव जायेंगे . वहाँ खटिया पर बैठेंगे, हुक्का पियेंगे. अपने गाँव वालों को युद्ध के किस्से सुनायेंगे .तब वो हमारे बारे में कहेंगे कि हिन्दुस्तान के लोग बुरे नहीं हैं ,उन्होंने हमारा ख्याल रखा. उनके मन में हमारे लिए नफरत का जलजला नहीं होगा.जब मानेकशॉ रिटायरमेंट के बाद पाकिस्तान गए तो पाकिस्तानी सैनिकों ने अपनी पगड़ी उतार कर उनके पैरों पर रख दी और उन्हें अपने भाइयों के साथ इतना बढ़िया सुलूक करनेके लिए दिलो जान से शुक्रिया कहा.






 १९७२ में उन्हें पद्मविभूषण दिया गया. १९७३ में उन्हें ;फील्ड मार्शल’ की उपाधि दी गई. वे जीवनपर्यन्त भारत के फील्ड मार्शल रहे. एक सार्थक भरी पूरी जिंदगी जीने के बाद 27 जून 2008 को उन्होंने अपनी आँखें सदा के लिए मूँद लीं.


रश्मि रविजा के फेसबुक वॉल से साभार।

शनिवार, 17 दिसंबर 2022

बिहार में हाहाकार : प्रेमकुमार मणि

 बिहार में एक बार फिर शराबबंदी चर्चा का विषय बना हुआ है। कारण सिर्फ जहरीले शराब से लगभग 70 लोगों की मौत ही नहीं है बल्कि माननीय मुख्यमंत्री का बयान भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रहा है। ऐसी स्थिति में साहित्यकार और नीतीश कुमार के करीबी रहे प्रेम कुमार मणि का आलेख गौरतलब है।

बिहार में हाहाकार 

प्रेमकुमार मणि 


 बिहार की राजनीति में पिछले सात वर्षों से शिक्षा ,स्वास्थ्य और रोज़गार जैसे मुद्दों की जगह शराब केंद्रीय विषय बना हुआ है. शराबबंदी ऐसी योजना है ,जिसपर पूरा सरकारी महकमा लगा हुआ है. कौन इस बात से इंकार करेगा कि शराब ख़राब चीज है. पुराने ज़माने से सभी धर्मों ने इससे बाज़ आने की सलाह दी है. हर धार्मिक नेता ने अपने अनुयायियों को इससे परहेज करने की सौगंध खिलाई है. राष्ट्रीय आंदोलन में गांधी जी ने इसे राष्ट्रनिर्माण से जोड़ कर देखा. राष्ट्रीय आंदोलन में शराबबंदी केलिए आंदोलन चलाए गए. इसीलिए जब बिहार में शराबबंदी हुई तब इसे सर्वदलीय समर्थन मिला. लेकिन सरकार ने जो शराबबंदी नीति बनाई वह सनक से भरी हुई है.  और तमाम मुश्किलें यहीं से शुरू होती हैं. पिछले सात वर्षों में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या कितनी होगी किसी ने इस पर गौर किया है ? यह संख्या नरसंहारों में मारे जाने वालों की संख्या से कहीं अधिक हो गई है. और इस विषय पर हम यदि गंभीर नहीं हैं ,तब इसका मतलब है कि हम जनता के प्रति संवेदनशील नहीं हैं. अभी उत्तर बिहार  से मौत की जो भयावह खबरें आ रही हैं.उससे कोई भी परेशान हो सकता है. लगभग साठ लोगों के मरने की खबर है. इसे लेकर विधानसभा में मुख्यमंत्री की जो प्रतिक्रिया आई वह बेहद अफ़सोस जनक है. वह इस पर दुःख व्यक्त करने की जगह संतोष व्यक्त कर रहे हैं कि जो पीएगा ,सो मरेगा. आश्रित परिजनों को मुआबजा देने से भी इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि शराब पीने वालों को कोई मुआबजा नहीं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मेरे व्यक्तिगत सम्बन्ध भी रहे हैं . मुझे हैरानी हो रही है कि जिस नीतीश कुमार को मैं जानता रहा वह अब पूरी तरह बदल गए हैं. ऐसे इंसान वह नहीं थे. इतना गुस्सा और और ऐसा अविवेकपूर्ण वक्तव्य उनकी फितरत में शामिल नहीं था. वह अपनी सौम्यता केलिए जाने जाते थे, आज अपनी  रौद्रता केलिए चर्चित हैं. उन्होंने विधानसभा और अपनी मर्यादा का तार -तार किया है. यह सब अत्यंत दुखद है. 

 

लेकिन चाहे जो हों, जैसे हों,मुख्यमंत्री तो वही हैं. इसलिए उन्ही से कुछ कहने केलिए अभिशप्त हूँ. मैं आदरपूर्वक अनुरोध करना चाहूंगा कि इस पूरे मामले पर वह  गंभीरता से विचार करें. 


1 .  मुख्यमंत्री का यह कहना कि शराब पीने वालों को मुआबजा नहीं दूंगा उनके अविवेक को प्रदर्शित करता है. शराब पीने वाले मर गए. मुआबजा उन्हें देना है, जो उनके आश्रित हैं. वे लोग तो आपके शराबबंदी के भरोसे थे. उनके मृत परिजन को आपका सिस्टम जहरीली शराब मुहैय्या करा रहा है इसमें उन मासूम आश्रितों का क्या दोष है? मुख्यमंत्रीजी , आपकी यह उदासीनता क्या केवल इसलिए हैं कि मरने वाले दलित -पिछड़े और गरीब -कमजोर परिवारों से हैं ? 

2 . मुख्यमंत्री को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि पुलिस महकमा और दूसरे आला अफसरों और सत्ताधारी और दूसरे रसूखदार राजनेताओं की मिलीभगत से अवैध शराब का धंधा अबाध गति से चल रहा है. हकीकत हैरान करने वाली है. 

3 . पूर्ण शराबबंदी सुनने में चाहे जितना सुन्दर लगे, इसे जमीन पर उतारना मुश्किल ही नहीं असंभव होगा. इसलिए इसे व्यावहारिक बनाया जाए ताकि यह आतंक का रूप न ले ले. समय -समय पर इसकी समीक्षा होनी चाहिए . पूर्ण शराबबंदी लक्ष्य अवश्य रहे. लेकिन उसे एकबारगी लागू करना पागलपन ही होगा. 

4 . शराबबंदी  केलिए जनजागरूकता इस तरह विकसित की जाय जिससे इसके प्रति अनाकर्षण पैदा हो.  भय एक सीमा तक ही कारगर होता है. 

5 . सरकार स्वयं  को शराब- केंद्रित नहीं कर दे. शराबबंदी कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है कि इसका उल्लेख आप अपने भाषणों में करें. एक सभ्य समाज में शराब केलिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. लेकिन इसकी ऐसी भी मनाही नहीं हो कि कोई एक घूंट पी ले तो उसे हथकड़ी पहननी पड़े . यह भी सभ्य समाज का लक्षण नहीं है. हमें बुद्ध की इस शिक्षा का ध्यान रखना होगा कि दोनों अतियों से बचो. मुख्यमंत्री हमेशा अतियों पर ही जोर देते हैं. याद कीजिए, शराब दरवाजे तक पहुँचाने वाले भी आप ही थे. 


और आखिर में चीन देश के ख्यात दार्शनिक लाउत्से की एक कथा ,जिसे आप को जानना चाहिए. 

लाउत्से के ज़माने में कुंग -फू -जो चीन के सम्राट का प्रधानमंत्री था, जो विद्वानों -जानकारों से सलाह -मशविरा किया करता था. कुंग एक दफा लाउत्से से मिला और पूछा बेहतर शासन केलिए क्या करना चाहिए. 

लाउत्से का जवाब था -कुछ मत करो. 

कुंग अवाक् थे. 

लाउत्से ने चुप्पी तोड़ी . कहा- शासक को निष्क्रिय दिखना चाहिए. जनता के काम में वह घुल -मिल जाए . राजा के काम जनता न करे और न जनता के काम राजा करे. अच्छे शासक वे होते हैं जिनके बारे में जनता कमसे कम चर्चा करती है. 

और ख़राब शासक ? ' कुंग -फू -जो ने लाउत्से से पूछा .

-- ' बुरे राजा वे होते हैं ,जिनके बारे में जनता रातदिन चर्चा किया करती है. जनता का काम जब राजा की चर्चा करना हो जाए ,तब समझो संकट की घड़ी है. ' 


शासन के बारे में पुरानी कहावत है, जितने अधिक कानून बनते हैं ,अपराधों की संख्या उसी अनुपात में बढ़ती है. 

मुख्यमंत्रीजी , शराब केंद्रित बिहार की राजनीति को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के वास्तविक मुद्दों से जोड़िए. चमचा युग से बिहार को बाहर कीजिए.



आलेख वह चित्र प्रेम कुमार मणि के फेसबुक वॉल से साभार।

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2022

कविता और साम्प्रदायिकता: असगर वजाहत

प्रख्यात साहित्यकार असगर वजाहत साहब अक्सर चिंतनशील वह समसामयिक विषय पर अपनी टिप्पणी लिखकर फेसबुक पर शेयर करते रहते हैं। उन्हीं आलेखों में से एक गौरतलब आलेख यह भी है। पढ़ें।




 कविता और साम्प्रदायिकता


ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में हिंदी के शिक्षक डॉ. इमरै बांगा का ई-मेल मिला कि वे कक्षा में मेरा नाटक "जिस लाहौर नई देख्या......" पढ़ा रहे हैं। छात्रों को नाटक बहुत पसंद आया है और वे नाटक के संबंध में मुझसे कुछ बात करना चाहते हैं । निश्चित समय और तारीख का बातचीत शुरू हुई है। कुछ मौखिक रूप से और कुछ ईमेल के द्वारा छात्रों ने जो सवाल पूछे वे काफी महत्वपूर्ण थे। एक सवाल था कि नाटक में उर्दू के प्रसिद्ध कवि नासिर काज़मी को एक पात्र के रूप में क्यों रखा गया और क्या कविता सांप्रदायिकता समाप्त करने या कम करने की दिशा में है कोई भूमिका निभा सकती है?

भारत विभाजन की त्रासदी और  अव्यावहारिकता को बड़ी शिद्दत से लेखकों / कवियों ने व्यक्त किया है। यह कहा जा सकता है कि भारत विभाजन की त्रासदी पर हिंदी उर्दू में लिखा गया साहित्य बीसवीं शताब्दी के श्रेष्ठ साहित्य में गिना जाएगा। इसके माध्यम से न केवल भयानक मानवीय त्रासदी उभर कर सामने आती है बल्कि निरर्थक विभाजन पर भी बहुत गंभीर सवाल उठाए गए हैं। धर्म के आधार पर राजसत्ता पाने की लालसा में किस प्रकार देश - समाज को बांटा गया और लाखों लोगों की जानें चली गई।बदले की भावना ने आदमी को जानवर बना दिया। धर्म का नाम लेने वालों ने सब से अधिक अधर्म किया। 

नाटक में विभाजन पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की गई है बल्कि नासिर काज़मी की कविता के माध्यम से पूरी भयावहता को व्यक्त किया गया है।


सवाल का दूसरा हिस्सा भी बहुत महत्वपूर्ण है। क्या कविता सांप्रदायिकता को समाप्त करने या कम करने में कोई भूमिका निभा सकती है ?

कवि सांप्रदायिक  दंगा रोकने के लिए न तो सड़क पर निकल सकता है और  न तो कोई हथियार चला सकता है, न किसी का वार रोक सकता है। वह केवल लोगों से दंगा न करने की अपील कर सकता है। लेकिन उस समय उसकी अपील पर कौन ध्यान देगा? बल्कि उसकी दख़ल देने का उल्टा असर हो सकता है। अर्थात अपील करने वाले की ही हत्या की जा सकती है। उदाहरण के लिए कानपुर के दंगों में मुस्लिम सांप्रदायिक गुंडों द्वारा हिंदी के बहुत सम्मानित और वरिष्ठ पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी की हत्या कर दी गयी थी।


कविता का बुनियादी काम लोगों को संवेदनशील बनाना है। यह काम बहुत समय तो लेता है लेकिन बहुत पक्का होता है। यह भी सच्चाई है कि समाज को  संवेदनशील और मानवीय बनाने का और कोई रास्ता नहीं है। मतलब यह कि संविधान और कानून बना कर किसी समाज को संवेदनशील नहीं बनाया जा सकता। राजनीति,सरकार या प्रशासन भी समाज को संवेदनशील नही बना सकते। 

समाज को संवेदनशील बनाने का काम कविता, साहित्य और कलाएं ही करती हैं।

संवेदनशील समाज में हिंसा/ साम्प्रदायिकता  जैसी प्रवित्तियों पर लगाम लगती है।

इन तथ्यों के आलोक में नासिर काज़मी की भूमिका को देखना चाहिए।

अ. व.

शराबबंदी पर लेख लिखें- दीपक दक्ष

यूं तो दीपक दक्ष पेशे से पत्रकार हैं लेकिन उनके साहित्यानुराग की गवाही उनकी कलम ही देती है। इनकी रपट भी इतनी सहज और आम बोलचाल के भाषा में होती है कि आपको अंदर तक गुदगुदा जाती है। एक बार फिर से जब शराबबंदी पर बिहार में बबाल मचा हुआ है तो दीपक दक्ष ने अपने अंदाज में शब्दों से खेलते हुए देखिए कि शराबबंदी पर कैसा लेख वो लिख गए हैं।




 शराबबंदी पर लेख लिखें...

........................................

               शराबबंदी

........................................

शराबबंदी एक आफत है। एक अप्रैल 2016 से बिहार में आयी है। इस आफत से पियक्कड़ सब हांफत है। हंफनी की बीमारी बढ़ती जा रही है। पियक्कड़ों का कहना कि  ई अजबे निर्णय है...गजबे निर्णय है... निर्णय हंगामा मचवाने वाला है..पटका पटकी करवाने वाला है...


  वास्तव में , शराबबंदी ने समाज के एक वर्ग को बुरी तरह प्रभावित किया है । यह समाज बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन प्रभावी है। नशे में हल्ला मचाने के लिए कुख्यात है। इसे पियक्कड़ समाज कहते हैं। जब से शराबबंदी हुई है, तब से यह गम में डूब गया है। इस समाज के लोग पिटाइल प्रेमी की तरह सुथनी जइसा मुंह बना कर घूम रहे हैं। अकेले में बैठ कर अपनी प्रेमिका शराब को याद कर रहे हैं । गीत गा रहे हैं- तू जो नहीं है तो कुछ भी नहीं है , ये माना कि महफिल जवां है, हंसी है.... जब से प्रेमिका से दूर हुए हैं , तब से अर्थशास्त्र का ज्ञान जागृत हो गया है। घर, समाज उजाड़ने वाला पुराना डाटा किनारे लगाकर,  नया डाटा पेश कर रहे हैं- 3 लाख से अधिक आदमी सुखले जेल में चल गया... 6000 दुकानें बंद हो गयी... शराब क्षेत्र का रोजगार घट गया... बेरोजगारी बढ़ गयी... सालाना 4000 करोड़ का नुकसान हो रहा है... शराब माफिया मालामाल है... पुलिस दारोगा धन्नालाल हैं....


दरअसल शराबबंदी शुरू होते ही पियक्कड़ समाज को अपनी  इमेज की  चिंता सताने लगी । इस समाज के विद्वतजन कह हैं कि

 हर दिन पियक्कड़ प्रतिभा की बेइज्जती हो रही है... कमर में रस्सा बांध के अउर फोटू खिंचवा के पेपर में छपवाया जा रहा है, ई बढ़िया बात नहीं है...पियक्कड़ प्रतिभा के साथ घोर अन्याय है...शादी विआह में दिक्कत हो रही है भाई...रस्सा बंधल फ़ोटो वायरल हो जा रहा है..  फ़ोटो देख अगुआ बिदक जा रहा है .... गुंजनवा के तिलक  में गजबे हो गया...रस्सा बंधल फ़ोटो तिलकहरु सब में बंट गया...बिआह कट गया.... लड़की के प्रेमी का चाल सफल हो गया यार....वास्तव में,  पियक्कड़ प्रतिभा को पटकने की यह बड़ी साजिश है... एक सोची-समझी चाल है... प्रतिभा कुचलने की चाल... पियक्कड़ जमात को हाशिए पर डालने की चाल...


पियक्कड़  संघ का कहना है कि शराबबंदी के कारण देश कमजोर हो रहा है।  कार्य क्षमता घट रही है। उदाहरण के लिए----- पत्रकार,   खुशवंत सिंह बनने से वंचित हो रहे हैं... इनके पास लिखने के लिए नया आईडिया नहीं आ रहा है... इनके बॉस भी नया आईडिया दे नहीं पा रहे हैं...  दिमाग की बत्ती जलाने के लिए बॉस को रात 11 बजे  का इंतजार करना पड़ रहा है।  फिर  भी पत्रकार वाला भूतवा नहीं जाग रहा है...


शराबबंदी के कारण  पार्टियों की इमेज पलटनिया मार रही है ।  पइसावाली पार्टी को लोग भिखमंगा झूठा पार्टी कह रहे हैं और नेताजी भी जान रहे हैं कि वोट की खरीदारी ठीक से नहीं हो पा रही है। वोटिंग प्रतिशत गिर रहा है।  रंगबाजी फीकी पड़ रही है। अगर यही स्थिति रही तो अगला चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा।   काला धन वाला सूटकेसवा धरले रह जायेगा...


दूसरी तरफ साहब संघ का कहना है कि अफसरों की महफिल नहीं जम रही है...इट्स नॉट गुड... साहबी शान नहीं दिखा पा रहे हैं भाई...रात के अंधेरे में दुबक कर पीना पड़ रहा है भाई... नहीं तो हवाई जहाज पकड़कर दिल्ली जाना पड़ रहा है ...।


 कर्मचारी संघ कह रहा है कि जबरदस्ती झारखंड में जाकर काम चलाना पड़ रहा है....संडे वाली छुट्टी  जसीडीह जंक्शन पर बीत जा रही है ... 


डॉक्टर्स क्लब का कहना है कि आमदनी घट गई है। अस्पतालों में उल्टी, अनपच,घटना- दुर्घटना के मरीज कम पहुंच रहे हैं... मेडिकल क्षेत्र अब पहले जैसा नहीं रहा... 


 इंजीनियर- ठेकेदार की जोड़ी कह रही है कि अब पहले जैसी पटरी नहीं बैठ रही है...एक-दूसरे को पटाने में परेशानी हो रही है... हां  बहुते परेशानी हो रही है...एक बोतल शराब की कीमत आप क्या जानोगे रमेश बाबू...


जब से शराबबंदी हुई है कलाकार संघ भी सदमे में है। दिन-रात बस एक ही गीत गा रहा है- हम तुम्हें चाहते हैं ऐसे,  मरने वाला कोई जिंदगी चाहता है जैसे.... आ भी जा आ भी जा....


अंत में कहा जा सकता है कि बिहार ज्ञान की भूमि है। बुद्ध,  महावीर की भूमि है। जेपी की भूमि है। विद्रोह की भूमि है। कुरीतियों के खिलाफ तन कर खड़े होने वालों की भूमि है। शायद इसीलिए शराबबंदी की गई है। 

 लेकिन शराब बंदी के बहाने संस्कारी पियक्कड़ समाज को हतोत्साहित किया जा रहा है। शराबबंदी ने  पियक्कड़ वर्ग को झकझोर कर रख दिया है । पियक्कड़ों पर केंद्रित पार्टियों की पहचान संकट में है। वोटिंग का गणित गड़बड़ा गया है। 


 नवही लइकन को  एंग्री यंग मैन बनने से रोक दिया है।  बरात की शान घट रही है।  नागिन डांस, अजगर डांस में बदल रहा है...गोली-बंदूक की बिक्री घट रही है। सामियाना में छेद नहीं हो रहा है। चखना का व्यापार मंदी की मार झेल रहा है ....


दूसरी तरफ कोई राजा राममोहन राय की तरह आगे बढ़ रहा है .... विरोध की परवाह नहीं कर रहा है ...अर्ध नंगे फकीर के विचारों के साथ चल रहा है... क्योंकि अर्धनंगे फकीर ने भी एक बार कहा था--- अगर मुझे एक दिन के लिए तानाशाह बना दिया जाए तो एक झटके में देश के सभी शराब दुकानों को बंद करा दूंगा.... वहीं पियक्कड़ समाज प्रेमिका शराब की याद में आंसू बहाते हुए गा रहा है---

मुझको ये तेरी याद क्यों आती है/ इतना बता मुझको ये क्यों सताती है....


दीपक दक्ष के फेसबुक वॉल से साभार।

जबरन की शराबबंदी सफलता का मानक नहीं

 कुछ वर्ष पहले भी खाने -पीने के मसले पर विवाद हुआ था। उस समय कहा गया था कि खाना-पीना व्यक्तिगत मसला है इस पर किसी तरह का पाबंदी उचित नहीं। फिर शराबबंदी पर ये हंगामा क्यों? जब सम्पूर्ण बिहार में हर चौक-चौराहे पर शराब बिक रहा था तब भी वे ही लोग उन दूकानों पर लाइन लगते थे जो पीते थे। आज जब शराबबंदी लागू है तब भी वे ही लोग पी रहे हैं जो इसके आदि हैं। समझ से परे है कि श्रीमान इसे किस जिद्द में लिये बैठे हैं। खबर पढ़ने को मिली कि मुख्यमंत्री महोदय पिछले दिनों भी अपने विधायकों से बात की कि शराबबंदी लागू रखा जाय या हटा दिया जाय? अब सोचने वाली बात है कि किस पियाक विधायक में इतनी हिम्मत होगी कि अपने मुख्यमंत्री के संकल्प के विरोध में जाय? लेकिन गाहे -बगाहे अनेक मौकों पर अनेक विधायक / नेता शराबबंदी को समाप्त करने की सलाह मौखिक रूप से विभिन्न माध्यम से दें चुके हैं। 




आज उड़ती खबर मिल रही है कि सदन में मुख्यमंत्री ने कहा है कि शराब पीकर मरने वालों को एक रूपया भी नहीं दिया जाएगा। जबकि पिछले दिनों का बयान था कि जो पीयेगा वो मरेगा ही।

ऐसी परिस्थिति में उचित यही जान पड़ता है कि मुख्यमंत्री महोदय को किसी मध्यमार्ग पर जरूर विचार करना चाहिए। क्योंकि बालू और दारू ही बिहार के लिए एक नासूर बनता जा रहा है। और कोई तो वजह होगी कि वर्षों से शराबबंदी कानून लागू होने के बाबजूद लोग पी रहे हैं और मर रहे हैं। सरकार को यह भी अध्ययन करवाना चाहिए कि अन्य राज्यों की क्या स्थिति है? वहां शराबबंदी का कौन -सा माडल कार्य कर रहा है जो वहां से शराबबंदी की वजह से मौत की खबरें सुनाई नहीं पड़ती है?

नशा या सामाजिक बुराईयों से दूर रहने की सलाह/ जीवनशैली अच्छी बात है लेकिन महज एक नशा की वजह से अकाल मृत्यु को प्राप्त होना भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं माना जा सकता। फिर खाने-पीने का मसला लोगों की निजी जिंदगी का हिस्सा है उसमें किसी तरह का दखल उचित नहीं। और सच पूछा जाय तो जबरन की शराब बंदी सफलता का कोई मानक नहीं हो सकता। सफलता तब मानी जाएगी जब शराब चुनिंदा जगहों पर उपलब्ध हो, बाबजूद इसके युवा/जनता उस पेय से नफ़रत करे। उपलब्धता के बाबजूद पीने वालों की संख्या/ प्रतिशत दिन-प्रतिदिन कम होता जाय।

******************************

गौरतलब है कि व्यक्तिगत रूप से न तो मैं किसी भी प्रकार के नशा का आदि हूं न ही समर्थक हूं। हां, चाय पीने का आदि हूं लेकिन आशा करता हूं कि चाय पीने पर सरकार कोई पाबंदी नहीं लगाएगी।

-सुशील कुमार भारद्वाज


गुरुवार, 15 दिसंबर 2022

रश्मि भारद्वाज की कविताएं

रश्मि भारद्वाज की कविता आपके मर्म को छूती हैं। यथार्थ को बयां करने के लिए कवयित्री जिन बिम्बों का प्रयोग करती हैं वो सिर्फ शब्दों एवं अर्थों को ही सिर्फ गहरे तक खोलती नहीं हैं बल्कि आपको भावशून्य कर कुछ सोचने को विवश कर देती हैं। इनकी कविता ही इनकी पहचान भविष्य में होगी, इस बात की आश्वस्ति इन कविताओं से मिलती है।





 -विसर्जन-


त्याग दी गयी वस्तुओं से अंटा हुआ है संसार

वे जो ह्रदय से निर्वासित हैं

 घरों में नहीं शेष है उनका स्थान

व्यर्थ ही कितनी जगह घेरे हैं इस पृथ्वी की

उनकी भला अब किसे आवश्यकता है


वृक्षों तले औंधे पड़े हैं असंख्य ईश्वर

 कभी आह्वान किए गए थे

राह रोक लेती हैं याचक आँखें 

भूख से व्याकुल मवेशियों की 

सुनते हैं जिनके लिए रक्त बहाया जा सकता है,

छोड़ दिए गए रातोंरात चाव से ख़रीदे गए श्वान 

 हर वाहन को देखकर सोचते हैं

स्वामी का दिल पसीझा है,

छोड़ तो वे भी दी गयीं अचानक एक दिन

 बड़े ही ताम झाम के साथ

जिन्हें घरों में ला रखा गया था,

ताल -तलैयों में भी उनके लिए शरण नहीं 

देवालयों के बंद हैं कपाट 

वे देवियाँ

 जो मन से विसर्जित कर दी गयी हैं


इस परिपक्व संसार में 

जहाँ वस्तुएँ ही नहीं

बेतरह धड़कते दिल त्याग दिए जाते हैं

अपनी अनुपयोगिता के कारण, 

मैं त्याग देती हूँ अपना अहंकार

त्यागती हूँ अपनी ईर्ष्या 

लेकिन उसका एक चित्र तक नहीं तज पाती 

जिसे कभी भी जीवन में शामिल किया है


मेरा कमरा ही नहीं, मेरा मन भी 

इस साफ़ सुथरी दुनिया के लिए एक कबाड़ घर होगा

-------

रश्मि भारद्वाज


मैं ऐसे लिख रही हूँ

जैसे मेरे पास एक और जीवन हो

मैं ऐसे प्रेम कर रही हूँ

जैसे मेरे पास कल का दिन नहीं होगा


मैं यह नहीं चाहती 

अंत क्षणों में

अधूरी पंक्तियों के दुःख के साथ

यह कष्ट भी साथ जाए 

मेरे पास देने के लिए कितना कम प्रेम था


#rashmibhardwaj

-इच्छा कपास का फूल है-


वे ही क्षण असाधारण हुए

जो बहुत साधारण बातों से बने थे 


संसार भर का वैभव

भांति भांति के वस्त्र पकवान

भव्य अट्टालिकाएँ

और कितने संतप्त मन

लेकिन रस पाया मैंने उस मोची दम्पत्ति के छप्पर तले

जो दुनिया भर के फटे जूते सिलने के बाद

सुकून से दोपहर की रोटी खा रहे थे


बहुत मामूली चीज़ें मैंने भी जीवन से चाही हैं 

रत्न माणिक 

बहुमूल्य इत्र, परिधान

काम की चौंसठ कलाएँ 

उम्र पार का संग

सुख यहाँ नहीं है

सुख है जब तुम बैठो मेरे सिरहाने

पढो किसी प्रिय कवि की कोई कविता

जो उस क्षण के बाद संसार की 

सबसे सुंदर कविता होगी 


लोग कहते हैं प्रेम से जटिल कुछ नहीं 

यह भी प्रेम में ही सम्भव है

आप इतने सहज हो जाएं

इतने भार हीन

किसी इच्छा से घिरे होकर भी

उतने ही इच्छा मुक्त

जैसे कपास का फूल


-----

रश्मि भारद्वाज


धिया जनम 


पहली बार कब मरी थी तुम 

आषाढ़ के उस कीच और जल में

जब एक तरफ़ मण्डप सजता था 

दूसरी ओर था उखाड़-पछाड़ पानी

पुरखिन ने गड़वाया था 

जल में काठ का दुल्हा- दुल्हन

टोटका था यह नहीं तो

सब दहा ले जाएगा पानी 

दहा ही ले गया 

सिर्फ़ तुम्हें


पहली बार कब मरी थी तुम

जब परदेस पढ़ के आए दूल्हे ने

कहा था तुम्हें गँवार

बारात लेकर लौट जाना चाहता था

गिटपिट अंग्रेज़ी नहीं बोल सकी तुम तब भी

 ब्रह्मांड- सोसायटी के दो कमरों में सिमटी

 परकटी गौरैया सी छटपटाती रही


पहली बार कब मरी थी तुम 

जब लौटने को बंद थे सब दरवाज़े 

वहीं रहना है हर हाल में

वहीं रहकर 

ढलती गयी किसी और साँचे में इतना

अपनी ही देह में न रही


या पहली बार तब ही मरी थी तुम

जब रोई थी पहली बार 

संसार हुलसा नहीं था 

मृत्यु मुस्कुरा उठी थी


अब जब तुम वाक़ई नहीं हो 

सोचती हूँ

पहली बार कब मरी थी तुम,

स्टोव फटने से मर गयी एक जवान औरत

किसी ने विष चाट लिया

कोई झूलती मिली भरी दुपहरी

किसी की चमकती आत्मा यूँ ही घुन खा गयी,

बीते दिनों सपनों से भरी एक देह 

छत से कूद गयी 

 उस रोज़ तुम कौन-सी बार मरी थी 


(यह कविता नहीं, तुम्हारी आवाज़ नहीं बन सकी, तुमपर कविता कैसे लिख सकूँगी! तुम, मेरी माँ-सी जो मेरी हर किताब पढ़कर कहती थी- कभी मेरी कथा कहना!

मैंने कितनी बार कहा फिर भी अकथ रही तुम्हारी कहानी)


फेसबुक से साभार।

अरुण कमल ने कहा कि दुनिया का सारा साहित्य एक ही है भले ही वह अलग-अलग भाषाओं में लिखा जाता है।


पटना विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए बिहार के प्रख्यात साहित्यकार/ कवि अरूण कमल।



पटना विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में गुरूवार को हिंदी कविता के लिए साहित्य अकादमी से सम्मानित बिहार के पहले हिंदी कवि अरुण कमल के काव्य-पाठ के साथ उनसे संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया । 


कार्यक्रम की शुरुआत में विभाग के वरिष्ठ अध्यापक डॉ. दिलीप राम ने अंग वस्त्रम और पुष्प-गुच्छ देकर अरुण कमल का सम्मान किया और उनकी कविताओं पर आलोचनात्मक टिप्पणी भी की।


हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. तरुण कुमार ने स्वागत संभाषण में अरुण कमल की कविता को साधारणता का उत्सव मनाने वाली कविता बताते हुए उनकी कुछ पसंदीदा कविताओं का पाठ भी किया।


विभाग के विद्यार्थियों में समीर ने अरुण की कमल की 'धार' शीर्षक कविता, नंदिनी ने 'मुक्ति' , पूजा ने 'घोषणा', रूपम ने 'बुढ़ापा' , गौरव ने 'उत्तम', आफ़ताब ने 'उधर के चोर', संतोष ने 'सूचकांक', वसुधा ने 'पूंजी', नेहा ने 'निगेटिव फोटो' का पाठ किया।


अंत में कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अरुण कमल ने कहा कि दुनिया का सारा साहित्य एक ही है भले ही वह अलग-अलग भाषाओं में लिखा जाता है।


पटना विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के प्रोफेसर रहे अरुण जी ने कहा कि हिंदी विभाग, पटना विश्वविद्यालय ने मुझे साहित्यिक रूप से पोषित किया। इस क्रम में उन्होंने पंडित रामावतार शर्मा, केसरी कुमार, देवेंद्रनाथ शर्मा, नंदकिशोर नवल, रामवचन राय इत्यादि विद्वानों को याद किया।


उन्होंने एक कवि के तौर पर एक ऐसे समाज की रुपरेखा रखी जिसमें सबसे कमजोर व्यक्ति भी सुरक्षित रह सके। किसी तरह की गैर बराबरी न हो। उन्होंने हिंदी के विद्यार्थियों को खास तौर पर संस्कृत, उर्दू और अंग्रेजी के साहित्य को पढ़ने का सुझाव दिया l

बाद में श्रोताओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कविता में गुटबंदी जैसी कोई चीज नहीं होती है। कविता में सब अपनी दौड़ दौड़ते हैं। इसमें कोई हार-जीत नहीं होती।


धर्म से संवाद सम्बंधित एक अन्य सवाल सम्बन्ध में उनका कहना था कि असल सवाल मनुष्यता का है, धर्म का नहीं। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई धर्म मानता है या नहीं।


उन्होंने स्त्री लेखिकाओं और युवा कवियों की नयी पीढ़ी की तारीफ करते हुए कहा कि इतने सम्भावनाशील पीढ़ी हिंदी के साहित्यिक परिदृश्य में नयी घटना है।


उन्होंने कार्यक्रम के अंत में अपनी कविता 'घोषणा', 'योगफल', 'मेख', 'कॉलेज का अंतिम दिन' का पाठ किया। कविता पाठ करते-करते वे भावुक भी हो गए।


इस अवसर पर हिंदी विभाग,पटना कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. मार्तण्ड प्रगल्भ, डॉ. कंचन कुमारी, डॉ. राकेश शर्मा, डॉ. जैनेन्द्र कुमार, डॉ. सूर्यनाथ सिंह, डॉ. पीयूष राज, डॉ. सुधांशु सहित विभाग के शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. सितारे हिन्द ने और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेणु चौधरी ने किया l

रविवार, 11 दिसंबर 2022

कुछ बातें रवीश के बहाने: अपूर्वा

 रवीश कुमार ने जब से एनडीटीवी से इस्तीफा दिया है तब से पक्ष-विपक्ष में बहुत सी बातें आईं। एक तर्क़ अपूर्वा जी का भी जानते हैं। मीडिया महज पत्रकारिता ही नहीं बल्कि एक व्यवसाय भी है। अतः तर्क के इस आयाम को भी नकारा नहीं जा सकता है।



कुछ बातें रवीश कुमार के बहाने


प्रणव रॉय और राधिका रॉय के स्वामित्व वाले समाचार चैनल एनडीटीवी का प्रबंधन अडानी समूह के हाथों में जाने को लेकर इन दिनों मीडिया, सोशल मीडिया और आमजन के मध्य कोहराम मचा हुआ है। हिंदी भाषियों के लिए खासकर एनडीटीवी हिंदी से जुड़े ख्याति प्राप्त पत्रकार रवीश कुमार का चैनल से इस्तीफा किसी सदमे से कम नहीं है। रवीश कुमार का स्तुतिगान इन दिनों अपने चरम पर है। रवीश के प्रशंसकों को लग रहा है कि यह ‘सौदा’ अडानी समूह ने रवीश कुमार की बुलंद आवाज को खामोश करने की नीयत से किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से नाइत्तेफाकी रखने वालों का मानना है कि ऐसा उनके ही इशारे पर, उनकी रजामंदी चलते हुआ है। ऐसा लगने के, ऐसा माने जाने के वाजिब कारण भी हैं। रवीश कुमार उन चुनिंदा टीवी पत्रकारों में से एक हैं जो बेहद विपरीत और विषम परिस्थितियों में भी सच्चाई के पक्ष में खड़े रहे हैं। मैं हिंदी पट्टी के कई ऐसे टीवी पत्रकारों का नाम गिना सकता हूं जिन्हें सच के पक्ष में खड़ा रहने के अपने जुनून चलते सत्ता के कोप का शिकार होना पड़ा। ऐसे बहुत सारे हैं जिन्होंने बड़े मीडिया संस्थानों की अपनी नौकरी को इसी जुनून चलते या तो स्वयं लात मार दी या फिर उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। पुण्य प्रसून वाजपेयी, अजीत अंजुम, अभिषार शर्मा का नाम ऐसों में शामिल है। अब रवीश कुमार भी इस सूची में दर्ज हो गए हैं। यह सभी सोशल मीडिया के जरिए अपने जुनून को जिंदा रखे हुए हैं। बगैर किसी खौफ से आज भी सच को जिंदा रखने की अपनी मुहिम को चला रहे हैं। सोशल मीडिया में इन प्रशंसकों की तादात से स्पष्ट होता है, तसल्ली भी मिलती है कि अंधभक्ति के काल में सच को सुनने और समझने वालां की कमी इस देश में नहीं है। अब रवीश कुमार भी इन जुनूनियों के बगलगीर हो चुके हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा महज चंद दिनों में ही उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के फॉर्लोवर्स की तादात का लाखों में पहुंच जाने से लगाया जा सकता है। एनडीटीवी को लेकिन केवल और केवल रवीश कुमार के चलते, केवल और केवल रवीश कुमार की आवाज को बंद करने की नीयत चलते अडानी समूह ने नहीं खरीदा है। बहुत संभव है कि रवीश कुमार भी एक कारण हों लेकिन वे मुख्य कारण मेरी समझ से नहीं हो सकते हैं। यदि रवीश ही एकमात्र कारण होते तो उन्हें चैनल से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए सत्ता प्रतिष्ठान के पास विकल्प मौजूद था। एनडीटीवी का स्वामित्व अपरोक्ष रूप से रिलायंस समूह के हाथों में लंबे अर्से से था। वर्ष 2009 में एनडीटीवी के संस्थापक रॉय दंपति द्वारा मुकेश अंबानी के रिलायंस समूह से 403 करोड़ रुपए बतौर कर्ज लिए गए थे। इस कर्ज की शर्तों के अनुसार ही समय पर कर्ज न अदायगी के चलते रिलायंस समूह इस कर्ज के बदले एनडीटीवी के 29 प्रतिशत का मालिक बन गया। रिलायंस समूह ने एनडीटीवी को यह कर्जा अपनी एक कंपनी विश्वप्रधान कर्मिशयल 

प्राइवेट लिमिटेड (वीसीपीएल) के जरिए दिया था। अडानी समूह ने इस कंपनी वीसीपीएल को रिलायंस से इस वर्ष (2022) में खरीद लिया और इस तरह से वह एनडीटीवी की 29 प्रतिशत भागीदार हो गया। रिलायंस समूह ने कर्ज देते समय एनडीटीवी के संस्थापकों संग एक बेहद कड़ा समझौता किया था जिस चलते रॉय दंपति का कर्ज अदायगी न कर पाने के चलते अंततः अपनी कंपनी से मालिकाना हक गंवा देना वक्ती बात थी। ठीक ऐसा ही हुआ भी। इस पूरे ‘खेला’ में एक बड़ा पेंच लेकिन है जिससे इस आशंका को बल मिलता है कि इस पूरे ‘खेला’ में कहीं न कहीं वर्तमान सत्ता प्रतिष्ठान की भूमिका रही है। गौतम अडानी के रिश्ते केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व संग बेहद मधुर हैं। यह ऐसा सच है जो प्रत्यक्ष है, जिसे प्रमाण की कोई आवश्यकता नहीं है। यह ठीक वैसा ही है जैसा कस्तूरी की गंध बाबत संस्कृत के एक श्लोक में कहा गया है- ‘यदि सन्ति गुणाः पुंसां विकसन्त्येव ते स्वयं, म्नहि कस्तूरिकामोदः शपथेन विभाव्यते।’    


अर्थात कस्तूरी की गंध को सिद्ध नहीं करना पड़ता, वह तो स्वयं फैलकर अपनी सुबंध से वातावरण का सुवालित कर देती है। इसी प्रकार गुणवान और प्रतिभावान मनुष्य के गुण अपने आप फैल जाते हैं, उनका प्रचार नहीं करना पड़ता। यह कलयुग है। इसमें ‘गुणवान’ और ‘प्रतिभावान’ की परिभाषा सत्युग वाली नहीं रही है। आज के दौर में गौतम अडानी ‘गुणवान’ और ‘प्रतिभावान’, दोनों हैं और वर्तमान सत्ता संग उनके रिश्तों को किसी प्रमाण अथवा प्रचार की जरूरत नहीं है। कस्तूरी गंध समान इन रिश्तों को भी सिद्ध करने की जरूरत नहीं है। ऐसे में प्रश्न उठता है कि मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाले रिलायंस समूह ने एनडीटीवी का मालिकाना हक अपने पास क्यों नहीं रखा? क्यों उसने अपनी कंपनी अडानी समूह को बेच दी? वह भी तब, जब स्वयं रिलायंस समूह बड़ी तेजी से समाचार जगत में अपने पैर पसार रहा है। देश का सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क ‘नेटवर्क-18’ का स्वामित्व रिलायंस समूह के पास ही है। ‘सीएनबीसी’ चैनलस् भी रिलायंस के ही हैं। ‘फोर्ब्स इंडिया’ और ‘ओवर ड्राइव’ पत्रिकाएं भी रिलायंस समूह की ही हैं। ‘फर्स्ट पोस्ट’ (www.firstpost.com) तथा मनी कंट्रोल (www.moneycontrol.com) भी रिलायंस की ही हैं। ऐसे में एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित न्यूज चैनल को अपने कर्ज की एवज में रिलायंस बड़ी आसानी से अपने अधिकार में ले सकता था। वह बड़ी आसानी से रवीश कुमार को चैनल से बाहर किए जाने का निर्देश रॉय दंपत्ति को दे सकता था। अपने चैनल को बचाने के लिए रॉय दंपत्ति रिलायंस के इस निर्देश को मेरी समझ से तत्काल स्वीकार भी लेते। आखिरकार प्रणय रॉय-राधिका रॉय के लिए भी एनडीटीवी मिशनरी सोच वाली पत्रकारिता का माध्यम तो था नहीं। जिन्हें मेरी बात से इत्तेफाक न हो, वे प्रणय-राधिका के अतीत का पोस्टमार्टम करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्हें स्वयं ही सत्य से परिचय हो जाएगा। भारत में पत्रकारिता का इतिहास देख लीजिए। आजादी बाद से ही बड़ी पत्रिकाएं, समाचार पत्र और बाद में न्यूज चैनल का स्वामित्व ‘पवित्र पत्रकारीय’ मूल्यों की रक्षा करने वालों और प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मानने वालों के हाथों कभी नहीं रहा है। फिर चाहे वह अंग्रेजी दैनिक ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ समूह हो, ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ समूह हो या फिर ‘इंडिया टूडे’ समूह, सभी के मालिकान बड़े औद्योगिक घराने से रहे हैं जिनको प्रेस की ताकत से व्यापारिक लाभ और सत्ता के साथ गठजोड़ का अवसर मिलता रहा है। ईमानदारी से, निष्पक्षता के साथ आकलन यदि करें तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि इन बड़े मीडिया घरानों का सत्ता संग रिश्ता समन्वयवाद और साहचर्य का रहता आया है। यही कारण है कि सरकार चाहे किसी की भी हो, कोई भी विचारधारा वालों की हो, इन बड़े प्रेस (मीडिया) घरानों ने हमेशा से ही ‘तटस्थता’ की नीति का अनुसरण ही किया है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान एक छद्म संपादकीय स्वतंत्रता का आभाष जरूर महसूस होता था, लेकिन वह था छद्म ही। वर्तमान समय में उस छद्मता को भी पूरी तरह से नकार दिए जाने चलते चौथे स्तंभ की कथित निष्पक्षता को निर्ममतापूर्वक दबाए-कुचले जाने की बात तेजी से उठने लगी है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल के दौरान एकतरफा कथन (नैरेटिव) जरूर नहीं था। सत्ता की धारा के विपरीत जाने वालों को साधने की कांग्रेसी कला अलग थी, वर्तमान सत्ताधीशों की अलग है। यहां यह भी समझा जाना जरूरी है कि ऐसा अकेले हमारे देश में नहीं हो रहा है। जो थोड़ी-बहुत स्वतंत्रता लोकतांत्रिक देशों में प्रेस (मीडिया) के पास है भी, वामपंथी सत्ता वाले देशों में तो वह भी नहीं है। सत्य को, विपरीत विचारधारा को ऐसे मुल्कों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना पूरी तरह से कुचल दिया जाता है। वहां सत्ता बंदूक की नाल के बल पर ऐसा करती है। लोकतांत्रिक मुल्कों में पूंजी के बल पर ऐसा किया जाता है। अमेरिका में 1983 तक पचास कंपनियां देश के नब्बे प्रतिशत मीडिया को संचालित करती थीं। 2011 आते-आते यह स्वामित्व मात्र 6 बड़े औद्योगिक घरानों के हाथों में चला गया है। हमारे यहां भी यही कुछ हो रहा है। रिलायंस समूह की ताकत अपरम्पार है। उससे टकराने या चुनौती देने का काम कोई अकेला अखबार या चैनल कर ही नहीं सकता। रिलायंस जिओ नेटवर्क आम भारतीय के जीवन पर पूरी तरह काबिज हो चुका है जिसके जरिए आमजन को वही परोसा जा रहा है जो यह समूह चाहता है, आज की सत्ता चाहती है। रिलायंस की इस ताकत को सत्ता भी बखूबी समझती है। यही कारण है कि 2014 के बाद मुकेश अंबानी की बरअक्स गौतम अडानी को खड़ा करने का खेला शुरू किया गया। भले ही गौतम अडानी विश्व के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हों, उनका समूह कर्ज के दलदल में गहरे धंसा हुआ है। दूसरी तरफ रिलायंस समूह धीरे-धीरे कर्ज मुक्त होते जा रहा है। ऐसे में उसे कोई आवश्यकता नहीं थी कि वह एक प्रतिष्ठित न्यूज चैनल का स्वामित्व अपने हाथों ले जाने देता। वह भी अपने प्रतिद्वंद्वी के हाथों में।


बहरहाल कारण भले ही कुछ भी क्यों न हों, यह तय है कि काफी हद तक स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का एक और माध्यम पूंजी और सत्ता की शक्ति के हाथों परास्त हो गया है इससे लेकिन निराश होने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया जब तक सरकारी अंकुश से बाहर है, निष्पक्ष, बुलंद और मिशनरी सोच जिंदा रहेगी। यह प्रकृति का नियम है कि सत्य भले ही तात्कालिक तौर पर हारा हुआ प्रतीत हो, अंततः जीत उसी की होती है। ‘सत्यमेव जयते’ पर विश्वास बनाए रखने के सिवा हाल-फिलहाल हमारे पास कोई चारा है भी नहीं। इसलिए इसे अपने विश्वास में जिंदा रखिए और इसके सहारे ‘अच्छे दिन’ आने की उम्मीद जिलाए रखिए।


फेसबुक से साभार।


सोमवार, 5 दिसंबर 2022

अपना डेथ सर्टिफिकेट - अशोक मिश्र

 अपना डेथ सर्टिफिकेट

 -अशोक मिश्र




नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के कार्यालय में पहुंचकर उस्ताद मुजरिम ने एक बाबू से पूछा, ‘सर, क्या आप बता सकेंगे कि यह मृत्यु प्रमाण पत्र कहां बनता है?’ बाबू ने बिना सिर उठाये जबाब दिया,‘कामता बाबू से जाकर मिलो। ऐसे घटिया काम वही देखते हैं। उनकी पैदाइश ही ऐसे घटिया कामों के लिए हुई है।’


मुजरिम ने मासूम सा सवाल किया ,‘सर जी! ये आपके कामता बाबू कहां मिलेंगे? यह आप मुझे बताने की कृपा करेंगे।’मुजरिम ने यह सवाल क्या किया मानो उस बाबू की कुर्सी के नीचे हाईड्रोजन बम रख दिया हो। उस बाबू ने पहली बार अपना सिर झटके से उठाया और झल्लाकर कहा,‘मेरे सिर पर! आपको कामता बाबू के बैठने का स्थान बताने के लिए सरकार ने मुझे यहां नहीं बैठा रखा है। जिस तरह से आपने मुझे ढूंढ़ लिया, उसी तरह कामता बाबू को भी खोज लीजिए। और अब आप जाइए, मेरा भेजा मत खाइए। पता नहीं कहां से चले आते हैं, लोग मेरा सिर चाटने। भगवान की फैक्ट्री में अब भी ऐसे लोग बनाये जाते हैं, यह तो मुझे पता ही नहीं था। भगवान जाने...इस देश का क्या होगा?’


क्लर्क के जवाब से आहत मुजरिम ने चारों तरफ नजर दौड़ाई और एक चपरासीनुमा जीव को किनारे बैठा देखकर उनकी आंखों में चमक आ गयी। वे उसकी ओर उसी तरह लपके, जैसे कभी सुदामा को देखकर श्रीकृष्ण लपके होंगे। उन्होंने चपरासी के पास जाकर पचास का पत्ता उसे थमाया, तो उसने उन्हें ले जाकर कामता बाबू के पास खड़ा कर दिया। वैसे भी हिंदुस्तान में गांधीवादी दर्शन की कोई उपयोगिता हो या न हो, लेकिन गांधी छाप रुपये की उपयोगिता सर्वसिद्ध है। यह कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक समान रूप से पहचाना और अपनाया जाता है। पचास का पत्ता देखते ही चपरासी की आंखों में जो चमक उभरी थी, वह इसी बात का प्रमाण है।


मुजरिम को देखकर कामता बाबू ने अपने दायें हाथ की अंगुलियां चटकाई और बोले ,‘हां बताइए , आपका क्या काम है?’ इसके बाद इस तरह जमुहाई लेने लगे मानो रात भर जागने के बाद सीधे दफ्तर चले आये हों। उन्होंने पास बैठे सीनियर क्लर्क विशंभर नाथ से कहा, ‘बड़े बाबू, कुछ सुर्ती-वुर्ती खिलाएंगे या नहीं। बड़ी सुस्ती सी आ रही है।’ इसके बाद उनका ‘सुर्ती पुराण’ चालू हो गया। वे बताने लगे कि उनके गांव में तंबाकू खूब बोया जाता है। उस तंबाकू को एक बार खाने के बाद व्यक्ति जिंदगी भर वही खोजता फिरता है। वे बड़े गर्व से बता रहे थे कि उनके गांव की सुर्ती को को खरीदने कांधार से व्यापारी आते हैं। उनके खेत में उपजी तंबाकू के दीवाने तो रूस के पूर्व राष्ट्रपति रहे ब्रेझनेव तक रहे। उनके पिता जी जब तक जिंदा रहे, पूर्व राष्ट्रपति ब्रेझनेव को तंबाकू उपहार में भेजते रहे।


मुजरिम ने अपने आने का मकसद बताया, तो कामता बाबू ने एक फार्म निकाला और बोले,‘यह फार्म भर लाइए। चालीस रुपये के साथ ‘सेवा पानी’ जमा कर दीजिए। दो दिन में आपका काम हो जाएगा।’ इसके बाद वे फिर बड़े बाबू से बात करने लगे। कामता बाबू की बातों पर बड़े बाबू सिर्फ ‘हूं-हां’ करते जा रहे थे, लेकिन उनका ध्यान कहीं और था। वे अपने चश्मे से सामने बैठी मिस कविता को प्यार भरी नजरों से घूर रहे थे। मिस कविता भी तिरछी नजरों से पहले बड़े बाबू को देखतीं और मुस्कुराकर अपने सामने बैठे अभी कुछ ही दिन पहले भर्ती हुए जूनियर क्लर्क को देखने लगतीं। कामता बाबू इस नैन व्यापार से अप्रभावित अपने ‘सुर्ती पुराण’ में लगे हुए थे। उन्हें अपनी बात कहने के सिवा न बड़े बाबू से कुछ लेना-देना था, न ही मिस कविता या जूनियर क्लर्क से।


थोड़ी देर बाद फार्म भरकर मुजरिम कामता बाबू के हुजूर में पेश हुए। कामता के ‘सुर्ती पुराण’ में बाधा पड़ी, तो वे तिलमिला उठे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपने क्रोध को काबू में किया और नाक पर चश्मा चढ़ाते हुए कहा, ‘मुजरिम आपके क्या लगते थे? उनकी कब मौत हुई थी? ग्राम प्रधान या सरकारी अस्पताल के डॉक्टर का प्रमाण-पत्र लाए हैं? अगर न लाए हो, तो अभी मौका है, घर जाकर ले आओ। आज न ला सको, तो कल-परसों ले आना। लेकिन फार्म जमा करने के साथ यह सब कुछ जरूरी है। इसके बिना फार्म रिजेक्ट हो जाएगा, तो मुझे दोष देते फिरोगे।’


मुजरिम ने घिघियाते हुए कहा, ‘बड़े बाबू...मुजरिम मेरा ही नाम है और खुदा के फजल से मैं अभी तक जिंदा हूं।’मुजरिम की बात सुनकर कामताबाबू इस कदर चौंक पड़े कि उनका चश्मा टेबल पर गिर पड़ा। उन्होंने चश्मा उठाकर नाक पर टिकाते हुए कहा, ‘क्या....आप अपना मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने आए हैं? शर्म नहीं आती आपको सरकारी कर्मचारियों से आन ड्यूटी मजाक करते हुए। अगर मैं शिकायत कर दूँ, तो आप गए बिना भाव के। सरकारी मुलाजिमों से मजाक करना क्या इतना आसान है? आपको अंदाज नहीं है कि ऐसा करने पर क्या सजा हो सकती है।’


मुजरिम ने बेचारगी अख्तियार करते हुए कहा, ‘वो क्या है कि बड़े बाबू! सरकारी कामकाज कितना फास्ट होता है, मैं जानता हूं। इसलिए सोचा कि मैं अपनी मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए अभी से अप्लीकेशन दे दूँ । बहुत जल्दी काम हुआ, तो दस-पांच साल में बन ही जाएगा। तब तक मैं भी खुदा के फजल से टपक ही जाऊंगा। पैसठ साल की उम्र हो गयी है। बाद में अगर मृत्यु प्रमाण पत्र बन गया, तो मेरे बच्चे आकर ले जाएंगे।’ मुजरिम का जबाब सुनकर कामता बाबू उन्हें ताकते ही रह गये। (व्यंग्य संग्रह ‘हाय राम!...लोकतंत्र मर गया’ से)

साभार